Friday, March 20, 2026
Homeकारोबारशेयर बाजार बड़ी गिरावट के साथ बंद, सेंसेक्स 800 अंक से ज्यादा...

शेयर बाजार बड़ी गिरावट के साथ बंद, सेंसेक्स 800 अंक से ज्यादा गिरा; अमेरिका-ईरान के बढ़ते तनाव का असर

मुंबई: कमजोर वैश्विक संकेतों और अमेरिका-ईरान के बीच बढ़ते तनाव के कारण निवेशकों का सेंटीमेंट प्रभावित होने से गुरुवार को भारतीय शेयर बाजारों में भारी गिरावट दर्ज की गई। 

कारोबार के अंत में सेंसेक्स 823.16 अंक या 1.00 प्रतिशत की गिरावट के साथ 81,691.98 और निफ्टी 253.20 अंक या 1.01 प्रतिशत की गिरावट के साथ 24,888.20 पर था।

सेंसेक्स के 30 शेयरों में टाटा मोटर्स, टाइटन, पावर ग्रिड, टाटा स्टील, एलएंडटी और महिंद्रा एंड महिंद्रा टॉप लूजर्स रहे, प्रत्येक में 2 प्रतिशत से अधिक की गिरावट दर्ज की गई। केवल बजाज फिनसर्व, एशियन पेंट्स और टेक महिंद्रा ही हरे निशान पर बने रहे।

लार्जकैप की तुलना में मिडकैप और स्मॉलकैप में अधिक बिकवाली देखने को मिली। निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 947.30 अंक या 1.60 प्रतिशत की गिरावट के साथ 58,440.85 और निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 333.70 अंक या 1.78 प्रतिशत की गिरावट के साथ 18,465.05 पर था।

सभी सेक्टोरल सूचकांक गिरावट के साथ बंद हुए। निफ्टी रियलिटी इंडेक्स सबसे खराब प्रदर्शन करने वाला रहा, जिसमें 2.02 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।

इन शेयरों में 3 प्रतिशत तक की गिरावट

फोनिक्स, गोदरेज प्रॉपर्टीज, अनंत राज, डीएलएफ, प्रेस्टीज, सोभा, ब्रिगेड और मैक्रोटेक डेवलपर्स जैसी प्रमुख रियल एस्टेट कंपनियों के शेयरों में 3 प्रतिशत तक की गिरावट आई।

एनर्जी, कंज्यूमर ड्यूरेबल, ऑयल एंड गैस, ऑटो, पीएसयू बैंक, एफएमसीजी, मेटल और फाइनेंशियल सर्विस में 1 प्रतिशत से ज्यादा की गिरावट रही।

जियोजित इन्वेस्टमेंट लिमिटेड के विनोद नायर ने कहा, “घरेलू बाजारों में कंसोलिडेशन एक ब्रॉड-बेस्ड ट्रेंड के रूप में विकसित हो रहा है, जो अब लार्ज-कैप शेयरों तक आगे बढ़ रहा है। मध्य पूर्व तनाव से प्रेरित मूल्यांकन संबंधी चिंताएं और तेल की बढ़ती कीमतें निवेशकों के बीच जोखिम से बचने को बढ़ावा दे रही हैं।”

उन्होंने आगे कहा, “अमेरिका अपने कई प्रमुख व्यापारिक साझेदारों पर एकतरफा टैरिफ बढ़ोतरी पर विचार कर रहा है, जिसका निर्णय जुलाई की शुरुआती समयसीमा से पहले अगले एक से दो सप्ताह में होने की उम्मीद है।”

उन्होंने कहा कि भू-राजनीतिक और आर्थिक जोखिमों के बढ़ने के बीच सोने में सुरक्षित निवेश के लिए खरीदारी का नया दौर देखने को मिल रहा है। इस बीच, बाजार में अस्थिरता बढ़ गई क्योंकि इंडिया विक्स 2.54 प्रतिशत बढ़कर 14.01 पर पहुंच गया।

IANS
IANS
Indo-Asian News Service (IANS) भारत की एक निजी समाचार एजेंसी है। यह विभिन्न विषयों पर समाचार, विश्लेषण आदि प्रदान करती है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments