Friday, October 10, 2025
Homeकारोबारशेयर बाजार खुलते ही औंधे मुंह गिरा, सेंसेक्स 3000 अंक फिसला, निफ्टी...

शेयर बाजार खुलते ही औंधे मुंह गिरा, सेंसेक्स 3000 अंक फिसला, निफ्टी भी 1000 अंक नीचे

मुंबई: डोनाल्ड ट्रंप के टैरिफ घोषणाओं का असर दिखना जारी है। सप्ताह के पहले दिन एशियाई बाजारों में बड़ी गिरावट के बाद भारतीय शेयर बाजार में भी हलचल नजर आ रही है। बाजार खुलने के साथ ही दोनों इंडेक्स सेंसेक्स और निफ्टी में बड़ी गिरावट नजर आई। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का 30 शेयरों वाला सेसेक्स 3000 से ज्यादा अंक की गिरावट के साथ खुला। 

वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज पर सूचीबद्ध 50 बड़ी कंपनियों वाले सूचकांक निफ्टी में भी 1000 से ज्यादा अंकों की गिरावट हुई। सेंसेक्स सोमवार को करीब 3,000 अंक नीचे खुला है, जो पिछले कारोबारी सत्र से 3.5% से अधिक नीचे है। यह गिरावट एशियाई इक्विटी में भारी बिकवाली के बाद आई है।

छुट्टियों के बाद आज कारोबार शुरू होने पर शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स एक समय 3,939.68 अंक गिरकर 71,425.01 पर आ गया था। इस दौरान निफ्टी 1,160.8 अंक गिरकर 21,743.65 पर आ गया। सेंसेक्स सुबह 9:44 बजे 2,800 अंक से अधिक नीचे था और 72,558 पर कारोबार कर रहा था। निफ्टी इसी समय 887 अंक नीचे 22,016 पर कारोबार कर रहा था।

इन सेक्टर में सबसे ज्यादा गिरावट

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) के सभी इंडेक्स में लाल निशान में कारोबार हो रहा है। ऑटो, आईटी, एफएमसीजी, मेटस, रियल्टी, मीडिया और एनर्जी में सबसे अधिक गिरावट है। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स पैक में सभी 30 शेयर लाल निशान में थे। 

टाटा स्टील, टाटा मोटर्स, इंफोसिस, टेक महिंद्रा, एलएंडटी, एचसीएल टेक, टीसीएस, रिलायंस इंडस्ट्रीज, एनटीपीसी, एक्सिस बैंक, एमएंडएम, कोटक महिंद्रा बैंक, इंडसइंड बैंक और एमएंडएम टॉप लूजर्स थे।

एशियाई बाजार में गिरावट

सप्ताह के पहले दिन अधिकांश एशियाई बाजारों में भारी बिकवाली देखी गई। टोक्यो, शंघाई, बैंकॉक, सियोल और हांगकांग में 11 प्रतिशत तक की गिरावट दर्ज की गई है। हांककांग के हांग सेंग में 10.45 प्रतिशत की गिरावट हुई। संघाई कंपोजिट 6.34 प्रतिशत, जापान का निक्की 225 अंक (6.6 प्रतिशत) और दक्षिण कोरिया के कोस्पी (KOSPI) में 4.83 प्रतिशत की गिरावट दर्ज हुई है।

रेसिप्रोकल टैरिफ के कारण शुक्रवार को अमेरिकी बाजारों में भारी बिकवाली देखी गई थी। डाओ 5.50 प्रतिशत और टेक्नोलॉजी इंडेक्स नैस्डैक लगभग 5.82 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुआ। माना जा रहा है कि आज जब अमेरिकी शेयर बाजार खुलेंगे तो और हालात और नाजुक नजर आ सकते हैं।

तेल की कीमतों में भी गिरावट

वहीं, वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच तेल की कीमतों में तेज गिरावट आई है। ब्रेंट क्रूड 2.67 प्रतिशत गिरकर 63.82 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया, जबकि वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (डब्ल्यूटीआई) क्रूड 2.69 प्रतिशत गिरकर 60.31 डॉलर प्रति बैरल पर है।

गौरतलब है कि पिछले सप्ताह अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत सहित अमेरिका के विभिन्न व्यापारिक साझेदारों पर पारस्परिक टैरिफ की घोषणा की थी। इसके बाद शुक्रवार को चीन ने पलटवार करते हुए अमेरिका से आयातित सामानों पर अतिरिक्त टैरिफ का ऐलान कर दिया। चीन ने अमेरिकी सामानों पर 34 प्रतिशत टैरिफ की घोषणा की। अमेरिका ने भी चीन पर इतना ही टैरिफ लगाया है।

(समाचार एजेंसी IANS के इनपुट के साथ)

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments

मनोज मोहन on कहानीः याद 
प्रकाश on कहानीः याद 
योगेंद्र आहूजा on कहानीः याद 
प्रज्ञा विश्नोई on कहानीः याद 
डॉ उर्वशी on एक जासूसी कथा