Friday, March 20, 2026
HomeकारोबारShare Market Update: शेयर बाजार में आज बढ़त, सेंसेक्स में 700 अंकों...

Share Market Update: शेयर बाजार में आज बढ़त, सेंसेक्स में 700 अंकों से ज्यादा का उछाल

Share Market Update: विश्लेषकों का मानना है कि अमेरिका और इजराइल से मिले हालिया नरमी के संकेतों से ईरान संघर्ष में तनाव कम होने की उम्मीद जगी है। इससे वैश्विक बाजारों को कुछ राहत मिली है।

Stock Market Today (20th March): शेयर बाजार (Share Market Update) में गुरुवार को हुई भारी बिकवाली के बाद आज शुरुआत हरे निशान के साथ हुई है। निफ्टी50 और बीएसई सेंसेक्स बढ़त के साथ खुले हैं। इससे पहले कल बाजार में 3% से अधिक की गिरावट आई थी। बहरहाल, निफ्टी50 शुक्रवार को 23,200 के ऊपर खुला, जबकि बीएसई सेंसेक्स 700 अंक बढ़कर 75,000 के करीब पहुंच गया।

समाचार लिखे जाने तक सुबह 9:47 बजे सेंसेक्स 746 अंक ऊपर 74,953 अंक पर था। ऐसे ही निफ्टी निफ्टी50 भी 229 अंक ऊपर 23,231.15 पर कारोबार कर रहा था। बाजार में आज की शुरुआत देखते हुए संभावना है कि सप्ताह का आखिरी कारोबारी दिन सकारात्मक रुख लेकर आएगा।

शुरुआती कारोबार में बाजार की तेजी को लीड करने का काम सरकारी बैंकिंग और एनर्जी शेयर कर रहे थे। सूचकांकों में निफ्टी पीएसयू बैंक और निफ्टी एनर्जी टॉप गेनर्स थे। मेटल, कमोडिटीज, पीएसई, ऑयल एंड गैस, डिफेंस, आईटी, मैन्युफैक्चरिंग, इन्फ्रा, मीडिया, ऑटो और फार्मा के साथ करीब सभी सूचकांक हरे निशान में थे।

Share Market में आज क्यों दिखा उछाल?

दरअसल, कल के बाद कुछ बयानों से पश्चिम एशिया में तनाव कम होने की उम्मीद फिर से जगी है। इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के बयान से संकेत मिलता है कि ईरान के तेल और गैस बुनियादी ढांचे पर और हमले नहीं होंगे। इससे ब्रेंट क्रूड की कीमत कल के 118 डॉलर के उच्चतम स्तर से गिरकर 106 डॉलर पर आ गई है।

इसके अलावा HDFC के मुद्दे ने कल निफ्टी बैंक को काफी प्रभावित किया था और निफ्टी में गिरावट का कारण भी बना। बाद में दिन में रिजर्व बैंक ने एचडीएफसी में सबकुछ ठीक होने और वित्तीय स्थिरता बने होने को लेकर बयान भी जारी किया था। संभव है कि HDFC का घटनाक्रम एक छोटी सी बात का बड़ा बखेड़ा जैसा साबित हुआ हो। हालांकि अनिश्चितता फिर भी बनी हुई है, लेकिन बाजार आज वापसी के लिए तैयार दिख रहा है।

इससे पहले कल पश्चिमी एशिया में बढ़ते तनाव का शेयर बाजार पर बड़ा असर दिखा था। वैश्विक स्तर पर जोखिम से बचने का माहौल बनने से जबर्दस्त बिकवाली हुई। नतीजा ये रहा कि भारतीय शेयर बाजारों में भारी गिरावट आई। इससे लगातार तीन दिनों की बढ़त का सिलसिला टूट गया था।

विश्लेषकों का कहना है कि बाजार अत्यधिक अस्थिरता के दौर में प्रवेश कर रहा है, जहां तेजी से बदलते भू-राजनीतिक घटनाक्रमों और कच्चे तेल की कीमतों में उछाल से निवेशकों का विश्वास तेजी से प्रभावित हो रहा है। विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) की बिकवाली जारी है। कल के आंकड़े के अनुसार एफआईआई ने गुरुवार को भारतीय इक्विटी बाजार से -7,558.19 करोड़ रुपए निकाले थे। घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने निवेश करना जारी रखा है और इस दौरान 3,863.96 करोड़ रुपए का निवेश किया।

अमेरिकी शेयर बाजारों में सुधार

अमेरिकी शेयरों में भी आज दिन के निचले स्तर से उबरने से चीजें सुधरी हैं। हालांकि, वॉल स्ट्रीट गुरुवार को माइक्रोन टेक्नोलॉजी और टेस्ला के शेयरों में गिरावट के कारण ये निचले स्तर पर बंद हुआ। एशियाई बाजारों में भी तेजी देखी जा रही है। कोरियाई, सिंगापुर, ऑस्ट्रेलियाई और चीनी बाजार हरे निशान में थे। अमेरिकी बाजार गुरुवार को लाल निशान में बंद हुए थे। डाओ में 0.44 प्रतिशत और नैस्डैक में 0.28 प्रतिशत की गिरावट थी।

विनीत कुमार
विनीत कुमार
पूर्व में IANS, आज तक, न्यूज नेशन और लोकमत मीडिया जैसी मीडिया संस्थानों लिए काम कर चुके हैं। सेंट जेवियर्स कॉलेज, रांची से मास कम्यूनिकेशन एंड वीडियो प्रोडक्शन की डिग्री। मीडिया प्रबंधन का डिप्लोमा कोर्स। जिंदगी का साथ निभाते चले जाने और हर फिक्र को धुएं में उड़ाने वाली फिलॉसफी में गहरा भरोसा...
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments