रियादः सऊदी अरब के अल-खर्ज शहर में एक रिहायशी परिसर पर सैन्य प्रोजेक्टाइल गिरने की घटना के बाद भारतीय दूतावास ने स्पष्ट किया है कि इस हादसे में किसी भी भारतीय नागरिक की मौत नहीं हुई है। दूतावास ने बताया कि एक भारतीय नागरिक घायल हुआ है, जिसका सरकारी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर कहा कि “अल-खर्ज में रविवार शाम हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना में किसी भारतीय नागरिक की मौत नहीं हुई, यह राहत की बात है।” दूतावास ने यह भी बताया कि वह इस मामले में सऊदी अधिकारियों के संपर्क में है और स्थिति पर नजर रखे हुए है।
दूतावास के अनुसार, काउंसलर (कम्युनिटी वेलफेयर) वाई. साबिर ने रविवार रात अल-खर्ज का दौरा किया और घटना में घायल भारतीय नागरिक से मुलाकात की। घायल व्यक्ति का अल-खर्ज के एक सरकारी अस्पताल में उपचार चल रहा है।

दरअसल, रविवार को आई शुरुआती खबरों में कहा गया था कि इस हमले में दो विदेशी नागरिकों की मौत हुई है, जिनमें एक भारतीय और एक बांग्लादेशी शामिल हैं। हालांकि बाद में भारतीय दूतावास ने स्पष्ट किया कि मृतकों में कोई भारतीय नागरिक शामिल नहीं है।
सऊदी सिविल डिफेंस के मुताबिक, अल-खर्ज गवर्नरेट में एक मेंटेनेंस और क्लीनिंग कंपनी के कर्मचारियों के लिए बने रिहायशी परिसर पर एक सैन्य प्रोजेक्टाइल गिरा था। इस घटना में दो विदेशी नागरिकों की मौत हुई, जबकि 12 बांग्लादेशी निवासी घायल हो गए। हमले से परिसर में संपत्ति को भी नुकसान पहुंचा।
सऊदी अधिकारियों ने कहा कि नागरिक ठिकानों को निशाना बनाने की कोशिश अंतरराष्ट्रीय मानवीय कानून का स्पष्ट उल्लंघन है। उन्होंने बताया कि ऐसे मामलों में निर्धारित सभी प्रक्रियाएं लागू की गई हैं।
ट्रंप के H-1B प्रतिबंधों के खिलाफ अमेरिकी संसद में ‘वेलकमिंग इंटरनेशनल सक्सेस एक्ट’ पेश
भारतीयों के लिए एडवाइजरी जारी
पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव को देखते हुए रियाद स्थित भारतीय दूतावास ने सऊदी अरब में रह रहे भारतीय नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी है। दूतावास ने कहा है कि सभी भारतीय स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा दिशा-निर्देशों का पालन करें और आधिकारिक सलाहों पर ध्यान दें।
दूतावास ने यह भी बताया कि रियाद स्थित भारतीय दूतावास और जेद्दा में भारत का महावाणिज्य दूतावास सामान्य रूप से काम कर रहे हैं। साथ ही भारतीय समुदाय की मदद के लिए नियमित कांसुलर कैंप भी आयोजित किए जा रहे हैं। रियाद, जेद्दा और दमाम से भारत के कई शहरों के लिए विमान सेवाएं भी जारी हैं।
गौरतलब है कि पश्चिम एशिया में तनाव लगातार बढ़ रहा है। फरवरी के अंत में अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर किए गए हमलों के बाद तेहरान की ओर से जवाबी कार्रवाई तेज हो गई है। इसके बाद से खाड़ी क्षेत्र के कई देशों, जिनमें सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात भी शामिल हैं, पर हमलों की आशंका और सुरक्षा चिंताएं बढ़ गई हैं।
ईरान में ‘मोजतबा युग’ का आगाज, खामेनेई की मौत के बाद बेटे मोजतबा खामेनेई बने नए सुप्रीम लीडर

