Friday, October 10, 2025
Homeभारतअवैध बांग्लादेशियों की वकालत कर सैम पित्रोदा फिर विवादों में, भाजपा ने...

अवैध बांग्लादेशियों की वकालत कर सैम पित्रोदा फिर विवादों में, भाजपा ने वीडियो साझा कर बोला हमला

नई दिल्लीः नई दिल्ली: कांग्रेस नेता और राहुल गांधी के करीबी सहयोगी सैम पित्रोदा ने अवैध प्रवासियों को भारत में बसाने का समर्थन करते हुए केंद्र सरकार पर तीखा हमला किया। एक वायरल वीडियो में उन्होंने केंद्र पर “अवैध प्रवासियों और अल्पसंख्यकों को प्रताड़ित करने” का आरोप लगाया। इस बयान से दिल्ली चुनावों के पहले राजनीतिक माहौल गरमा गया है।

इस वीडियो को भाजपा प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने अपने एक्स पर शेयर किया है। हालांकि बोले भारत इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। इस वीडियो में पित्रोदा कहते हैं, “अगर लोग यहां आना चाहते हैं, भले ही अवैध तरीके से, तो उन्हें आने देना चाहिए। हमें सभी को साथ लेकर चलना चाहिए। अगर थोड़ी परेशानी भी उठानी पड़े, तो कोई बात नहीं।”

पित्रोदा ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार को “गरीब और भूखे प्रवासियों” पर ध्यान केंद्रित करने के बजाय ग्लोबल वॉर्मिंग जैसे मुद्दों पर काम करना चाहिए। उन्होंने कहा, “वे यहां आने के लिए बहुत मेहनत करते हैं। भले ही अवैध प्रवास गलत हो, लेकिन हम अवैध बांग्लादेशियों और अल्पसंख्यकों को निशाना बनाने में व्यस्त हैं।”

पित्रोदा भारतीय ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष भी हैं। उन्होंने यह भी कहा, “हमें सभी को साथ लेकर चलना चाहिए। अगर हमें थोड़ी परेशानी भी झेलनी पड़े, तो यह ठीक है। लेकिन कोई भी अपने संसाधन साझा करना नहीं चाहता। हर कोई अपने हिस्से को बड़ा से बड़ा करना चाहता है।”

भाजपा का पलटवार

सैम पित्रोदा के बयान पर बीजेपी ने तीखी प्रतिक्रिया दी। पार्टी प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने ट्वीट कर कहा, “राहुल गांधी के करीबी सैम पित्रोदा का बयान चौंकाने वाला और गैर-जिम्मेदाराना है। वह देश के खर्च पर अवैध प्रवासियों को बसाने की बात कर रहे हैं। अब समझिए, पिछले 70 सालों में कांग्रेस ने कैसे अवैध प्रवासियों को बसाने का काम किया।”

सैम पित्रोदा पहले भी विवादित बयानों के लिए चर्चा में रहे हैं। पिछले साल लोकसभा चुनाव के दौरान उनके इस बयान कि “पूर्वी भारत के लोग चीनी जैसे दिखते हैं और दक्षिण के लोग अफ्रीकियों जैसे दिखते हैं” ने भारी आलोचना झेली थी, जिसके बाद उन्हें अपने पद से इस्तीफा देना पड़ा था।

चुनावी मुद्दा बना अवैध प्रवास

दिल्ली में 5 फरवरी को होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले अवैध प्रवास का मुद्दा केंद्र में है। बीजेपी ने वादा किया है कि सत्ता में आने पर राजधानी को अवैध बांग्लादेशियों और रोहिंग्याओं से मुक्त किया जाएगा। वहीं, बीजेपी ने आरोप लगाया है कि आप सरकार वोट बैंक के लिए अवैध प्रवासियों को राशन और आधार कार्ड बनवा रही है। आप ने इन आरोपों को खारिज किया है।

 

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments

मनोज मोहन on कहानीः याद 
प्रकाश on कहानीः याद 
योगेंद्र आहूजा on कहानीः याद 
प्रज्ञा विश्नोई on कहानीः याद 
डॉ उर्वशी on एक जासूसी कथा