Friday, October 10, 2025
Homeविश्वरूस नहीं करना चाहता जेलेस्की प्रशासन से बात! पुतिन ने यूक्रेन में...

रूस नहीं करना चाहता जेलेस्की प्रशासन से बात! पुतिन ने यूक्रेन में चुनाव कराने का रखा प्रस्ताव

मॉस्को: रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने यूक्रेन में संयुक्त राष्ट्र की निगरानी में एक अस्थायी सरकार बनाने का आह्वान किया है, ताकि वहां नए चुनाव हो सकें। पुतिन ने कहा कि नई सरकार पर ‘लोगों का भरोसा’ होगा और ऐसे में नए प्रशासन के साथ शांति वार्ता की जा सकती है। 

पुतिन ने ये भी कहा कि रूस-यूक्रेन के तीन साल से चल रहे युद्ध को खत्म करने को लेकर ‘दस्तावेजों’ पर नई सरकार के साथ हस्ताक्षर किए जा सकते हैं, जिसे वैश्विक स्तर पर भी मान्यता दी जाएगी। इस तरह पुतिन ने एक तरह से यूक्रेन में मौजूदा वोलोदिमीर जेलेंस्की प्रशासन से बात नहीं करने की इच्छा का संकेत दिया है।

ये स्पष्ट नहीं है, हम किससे बात करें: पुतिन

यूक्रेन के वर्तमान राष्ट्रपति जेलेंस्की के अधिकार और वैधता पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि यह स्पष्ट नहीं है कि रूस को किसके साथ दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करना है क्योंकि कल दूसरे नेता आ जाएंगे।

पुतिन ने कहा, ‘यह अभी भी स्पष्ट नहीं है कि किसके साथ कुछ दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करना है, और यह अभी भी स्पष्ट नहीं है कि उनके पास क्या शक्ति है, क्योंकि कल चुनाव के द्वारा दूसरे नेता आ जाएंगे। ऐसा ही होना है। और सैद्धांतिक रूप में, निश्चित रूप से संभव है कि संयुक्त राष्ट्र के अंतर्गत, अमेरिका के साथ, यहां तक ​​कि यूरोपीय देशों के साथ, निश्चित रूप से हमारे भागीदारों और दोस्तों के साथ, यूक्रेन में अंतरिम प्रशासन शुरू करने की संभावना पर चर्चा हो।’

पुतिन ने कहा, ‘इसका उद्देश्य लोकतांत्रिक चुनाव कराना और लोगों का विश्वास प्राप्त करने वाली सक्षम सरकार को सत्ता में लाना तथा फिर शांति संधि के बारे में उनके साथ बातचीत शुरू करना तथा वैध दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करना होगा, जिन्हें विश्व भर में मान्यता मिलेगी।’

यूक्रेन में मौजूदा सरकार अवैध है: पुतिन

पुतिन ने कहा कि मौजूदा यूक्रेनी सरकार अवैध हैं क्योंकि पिछले साल जेलेंस्की का कार्यकाल खत्म होना था लेकिन इसके बाद देश में चुनाव नहीं हुए हैं। कीव इंडिपेंडेंट के अनुसार पुतिन ने कहा, ‘अगर वह खुद (जेलेंस्की) अवैध रूप से बने हुए हैं, तो बाकी सब भी अवैध हैं।’

पुतिन पहले भी जेलेंस्की के कार्यकाल को लेकर सवाल उठा चुके हैं। जेलेस्की का कार्यकाल मई 2024 में खत्म होना था। हालांकि, युद्ध की वजह से यूक्रेन में पिछले साल चुनाव नहीं हो सके। जंग शुरू होने के बाद देश में तीन साल से मार्शल लॉ लागू है, ऐसे में चुनाव नहीं हो सकता है। फरवरी में, यूक्रेनी संसद ने स्पष्ट बहुमत के साथ जेलेंस्की की वैधता की पुष्टि करते हुए एक प्रस्ताव पारित किया था।

पुतिन ने युद्ध को समाप्त करने के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रयासों और रूस के साथ सीधी बातचीत करने के उनके प्रयासों की भी सराहना की। पुतिन ने कहा कि इससे पता चलता है कि ट्रंप शांति चाहते हैं। पुतिन ने कहा, ‘मेरी राय में, संयुक्त राज्य अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति कई कारणों से ईमानदारी से संघर्ष को समाप्त करना चाहते हैं।’

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments

मनोज मोहन on कहानीः याद 
प्रकाश on कहानीः याद 
योगेंद्र आहूजा on कहानीः याद 
प्रज्ञा विश्नोई on कहानीः याद 
डॉ उर्वशी on एक जासूसी कथा