नई दिल्ली: भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने आने वाले चार से पांच दिनों में उत्तर भारत के कई राज्यों में गरज, बिजली और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। इसके पीछे की वजह आ रहे एक के बाद एक दो नए पश्चिनी विक्षोभ हैं। इससे पर्वतीय राज्यों में व्यापक वर्षा, गरज और ऊंचाई वाली जगह पर बर्फबारी की आशंका है।
वहीं, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश सहित मैदानी इलाकों में रुक-रुक कर मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है, जिसमें हल्की बारिश, बिजली और तेज हवाएं शामिल हैं। मध्य, पूर्वी और प्रायद्वीपीय भारत में कम से कम 9 अप्रैल तक गरज, बिजली के साथ बारिश की संभावना है।
मार्च का महीना पहले से ही अचानक मौसम परिवर्तन और पश्चिमी विक्षोभों के असर भरा हुआ था। मौसम विभाग ने बताया है कि कुछ हिस्सों में छिटपुट ओलावृष्टि और गरज के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं, जिनमें 70 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवा के झोंके हो सकते हैं।
किन राज्यों में दिखेगा असर?
मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ से पूर्वी और उत्तरपूर्वी क्षेत्र भी प्रभावित होने की आशंका है। इसका मतलब है कि अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में कुछ क्षेत्रों में भारी वर्षा हो सकती है, जबकि बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों में तेज हवाएं, बिजली और रुक-रुक कर ओलावृष्टि होने की संभावना है।
उत्तर प्रदेश, राजस्थान में भी मौसम करवट लेगा। मध्य भारत में छिटपुट वर्षा, गरज के साथ तूफान और बिजली गिरने की आशंका है। कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि भी हो सकती है। दक्षिण में, केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक और तेलंगाना में हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है, हालांकि इस दौरान कुछ स्थानों पर भारी वर्षा भी हो सकती है।
राजधानी दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम?
आईएमडी ने दिल्ली में आमतौर पर बादल छाए रहने और रविवार शाम तक गरज के साथ बारिश होने की संभावना जताई है। रुक-रुक कर हल्की बारिश या बूंदाबांदी और तेज हवाओं के चलते मौसम में उतार-चढ़ाव के बावजूद गर्मी से कुछ समय के लिए राहत मिल सकती है। तापमान 31-33 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
हालांकि 6 अप्रैल को आंशिक रूप से बादल छाए रहने से कुछ समय के लिए राहत मिलने की उम्मीद है। वहीं, 7 और 8 अप्रैल को मौसम फिर से खराब होने की संभावना है। पूर्वानुमान के अनुसार एक या दो बार हल्की बारिश हो सकती है, साथ ही बिजली कड़कने और 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।
आंशिक रूप से बादल छाए रहने की यह स्थिति 10 अप्रैल तक बनी रहने की संभावना है, जिससे महीने के पहले पखवाड़े में राजधानी के तापमान में कुछ हद तक नरमी आएगी।
यह भी पढ़ें- अमेरिका ने कैसे ढूंढा अपना लापता पायलट, दुश्मन के इलाके में ऐसे अंजाम दिया गया रेस्क्यू ऑपरेशन

