Friday, March 20, 2026
Homeभारतपीएम मोदी को घाना ने सर्वोच्च नागरिक सम्मान से नवाजा, अब तक...

पीएम मोदी को घाना ने सर्वोच्च नागरिक सम्मान से नवाजा, अब तक 24 देशों ने किया सम्मानित

नई दिल्ली: अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की बढ़ती साख और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कूटनीतिक कुशलता ने देश को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है। इसका ताजा उदाहरण जुलाई में घाना की राजधानी अक्रा में देखने को मिला, जहां पीएम मोदी को घाना के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘ऑफिसर ऑफ द ऑर्डर ऑफ द स्टार ऑफ घाना’ से नवाजा गया। 

यह सम्मान विदेशी नेताओं को बहुत कम दिया जाता है और यह भारत-घाना के मजबूत रिश्तों का प्रतीक है। 30 साल बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री की घाना यात्रा ने दोनों देशों के बीच ऐतिहासिक संबंधों को और गहरा किया।

घाना की संसद को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा, “भारत और घाना का रिश्ता सिर्फ कूटनीति तक सीमित नहीं है, बल्कि यह आपसी विश्वास और साझा मूल्यों की नींव पर टिका है। यह सम्मान भारत की जनता के लिए गर्व का क्षण है।” उन्होंने भारत-अफ्रीका सहयोग, सांस्कृतिक जुड़ाव और विकास की साझा यात्रा पर जोर दिया।

24 देश कर चुके हैं पीएम मोदी को सम्मानित

पीएम मोदी को अब तक 24 देशों से सर्वोच्च सम्मान मिल चुके हैं, जो किसी भी भारतीय नेता के लिए रिकॉर्ड है। इनमें रूस का ‘ऑर्डर ऑफ सेंट एंड्रू’, यूएई का ‘जायद मेडल’, फ्रांस का ‘ग्रैंड क्रॉस ऑफ द लीजन ऑफ ऑनर’, मालदीव का ‘रूल ऑफ इज्जुद्दीन’ और नाइजीरिया, साइप्रस, फिजी जैसे देशों के प्रतिष्ठित पुरस्कार शामिल हैं।

संयुक्त राष्ट्र ने भी उन्हें पर्यावरण संरक्षण के लिए ‘चैंपियन ऑफ द अर्थ’ पुरस्कार से सम्मानित किया था। ये सम्मान केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि भारत की बढ़ती वैश्विक ताकत और प्रभाव का परिचायक हैं।

बता दें कि पीएम नरेंद्र मोदी 2 जुलाई से 9 जुलाई के बीच आठ दिनों के लिए घाना, अर्जेंटीना, त्रिनिदाद और टोबैगो, ब्राजील और नामीबिया का दौरा कर रहे हैं। यह पीएम के सबसे लंबे विदेश दौरों में से एक है। पीएम मोदी अपनी यात्रा के दूसरे चरण में त्रिनिदाद और टोबैगो की प्रधानमंत्री कमला प्रसाद-बिसेसर के निमंत्रण पर 3-4 जुलाई को इस देश की आधिकारिक यात्रा पर होंगे। प्रधानमंत्री के रूप में इस देश की उनकी पहली यात्रा होगी और 1999 के बाद से प्रधानमंत्री स्तर की पहली द्विपक्षीय यात्रा होगी। प्रधानमंत्री के त्रिनिदाद और टोबैगो की संसद के संयुक्त सत्र को संबोधित करने की भी उम्मीद है।

(समाचार एजेंसी IANS के इनपुट के साथ)

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments