चाहे वह अरस्तू की त्रासदी हो या भारतीय नाट्यशास्त्र में संघर्ष, उत्कर्ष और कथार्सिस की एक अपेक्षित संरचना रचती है। दर्शक जानता है कि अंत में कुछ “घटेगा” या तो न्याय या पतन या करुणा की शुद्धि। मगर पर्ण पेठे निर्देशित ‘समथिंग लाइक ट्रुथ’ इस अपेक्षा को जानबूझकर अस्वीकार करता है। यहाँ कोई कथार्सिस नहीं है, क्योंकि नाटक का मूल तर्क यही है कि इतिहास में संस्थागत अन्याय के संदर्भ में कथार्सिस एक झूठा सांत्वना-तंत्र है।
इसलिए इस नाटक में कथा आगे नहीं बढ़ती; वह खुलती है। नाटक के चार एकालाप एक बंद दरवाज़ा नहीं, बल्कि एक अधखुली फाइल की तरह है, जिसमें कुछ दस्तावेज़ दिखते हैं, कुछ गायब हैं और कुछ शायद जानबूझकर नष्ट कर दिए गए हैं। दर्शक को सम्पूर्ण चित्र नहीं मिलता और यही इसकी ईमानदार है।
‘समथिंग लाइक ट्रुथ’ का मंचन देश के प्रमुख रंगमंच उत्सवों में हुआ है। यह नाटक 19 दिसंबर को सेरेन्डिपिटी फ़ेस्टिवल (गोवा), 6 जनवरी को मिनर्वा फ़ेस्टिवल (कोलकाता), 22 जनवरी को बैंगलोर हुब्बा फ़ेस्टिवल (बेंगलुरु), 29 जनवरी को इटफोक फ़ेस्टिवल (केरल) और 17 फरवरी को भारत रंग महोत्सव (दिल्ली) में प्रस्तुत किया गया।
पर्ण पेठे निर्देशित ‘समथिंग लाइक ट्रुथ’ को देखने का अनुभव किसी नाटक में प्रवेश करना नहीं, बल्कि एक नैतिक संरचना में दाख़िल होना है, ऐसी संरचना जो दर्शक से सहानुभूति नहीं, बल्कि वैचारिक सक्रियता माँगती है। यह नाटक मंच पर घटित घटनाओं से कम और मंच पर उपस्थित विवेक से अधिक संबद्ध है। इसलिए इसकी आलोचना भी कथानक, अभिनय या निर्देशन के पारंपरिक खाँचों में नहीं की जा सकती। यह समीक्षा नाटक को एक कला-वस्तु नहीं, बल्कि एक बौद्धिक प्रक्रिया के रूप में पढ़ने का प्रयास है, एक ऐसी प्रक्रिया जो दर्शक को भावनात्मक उपभोक्ता बनने से रोकती है और उसे नैतिक साक्षी बनने की असहज स्थिति में धकेल देती है। यह आलेख इस नाटक के एकालापों को केंद्र में रखकर नाट्यालेख और रंगमंच के बीच मौजूद एक अनसुलझे द्वंद्व को देखने और समझने का भी प्रयास करता है।
यह नाटक शांता गोखले के Truth and Justice: Four Monologues का शिल्पा बल्लाल द्वारा अनुवाद है, पर यह तथ्य यहाँ महज़ साहित्यिक सूचना नहीं है। यह इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि यह नाटक मूलतः “चार कथाएँ” नहीं, बल्कि “चार गवाहियाँ” प्रस्तुत करता है। और गवाही कानून, इतिहास और रंगमंच तीनों में कभी भी पूरी, स्वच्छ या निष्पक्ष नहीं होती। वह हमेशा किसी दबाव, किसी भय, किसी समझौते के साये में जन्म लेती है।
पूर्वरंग स्वतंत्र नाट्य-डिवाईस की तरह
यह नाटक शुरू होने से पहले ही शुरू हो जाता है।
धीमी रोशनी, मंच के पीछे से धीरे-धीरे आगे आती चार आकृतियाँ, दर्शकों की अधूरी बैठत और एक ऐसी चुप्पी जिसमें संवाद से पहले ही अर्थ जमा हो चुका है। यह चुप्पी कोई तकनीकी विराम नहीं, बल्कि एक नैतिक प्रस्तावना है, मानो नाटक दर्शक से पहले ही पूछ रहा हो कि वह देखने नहीं, गवाही सुनने आया है या नहीं।
इस तेरह मिनट के पूर्वरंग को “ओवरचर या नांदी पाठ” कहना अन्याय होगा। यह एक स्वतंत्र नाट्य-डिवाईस की तरह काम करता है और एक ऐसा पूर्व-नाट्य अनुष्ठान है, जो दर्शक की ग्रहणशीलता को पुनर्गठित करता है। चार स्त्रियाँ या चार प्रेत (?) किसी पात्र के रूप में नहीं, बल्कि स्थिति के रूप में सामने आती हैं। वे जीवित इतिहास की प्रतिनिधि नहीं, बल्कि इतिहास के अवशेष हैं, वे अवशेष जिनसे समाज ने सच को बार-बार धोकर अलग किया है।
यहीं से ‘समथिंग लाइक ट्रुथ’ अपने मूल प्रश्न को उद्घाटित करता है कि क्या सत्य कोई कथ्य है, या वह एक थकी हुई देह है, जो हर युग में अलग आवाज़ में बोलती है, पर सुनी नहीं जाती?

चार स्वतंत्र लेकिन वैचारिक रूप से परस्पर-संलग्न एकालापों के माध्यम से “सच” को एक स्थिर मूल्य नहीं, बल्कि एक असहज, खतरनाक और अक्सर दंडनीय क्रिया के रूप में प्रस्तुत करता है। यहाँ रंगमंच कथा कहने का उपकरण नहीं, बल्कि गवाही की संरचना बन जाता है और गवाही हमेशा न्याय नहीं माँगती; कई बार वह सिर्फ़ यह चाहती है कि कोई उसे सुने, बिना राहत दिए।
चार कथाएँ : चार एकालाप
मूल पाठ चार अलग-अलग ऐतिहासिक संदर्भों में घटित घटनाओं को समान नैतिक अक्ष पर रखता है – 1894 का फ्रांस, 2002 का भारत और 2009 का श्रीलंका। चार स्त्रियाँ में पहली फ्रांस की मारी एक सफ़ाईकर्मी है, जो अनजाने में अल्फ्रेड ड्रेफस (Alfred Dreyfus) कांड की गवाह बनती है। यह एक साधारण सफ़ाईकर्मी स्त्री का एकालाप है, जो स्वयं को देशभक्ति के नाम पर किए गए एक “छोटे काम” का निर्दोष सहभागी मानती है। वह बताती है कि कैसे सत्ता और सैन्य तंत्र ने उसकी सरलता, श्रम और भरोसे का उपयोग करते हुए उससे गुप्त सूचना निकलवाई। उसकी नज़र में यह सब राष्ट्र-सेवा थी, पर उसी सूचना के आधार पर और यहूदी-विरोधी पूर्वाग्रह के कारण अल्फ्रेड ड्रेफस को देशद्रोही घोषित कर सार्वजनिक रूप से अपमानित किया गया। एकालाप धीरे-धीरे उजागर करता है कि व्यवस्था कैसे साधारण लोगों को अन्याय की मशीन का हिस्सा बना देती है, बिना उन्हें अपने अपराध का बोध कराए।
दूसरी स्त्री फ्रांस की ही लूसी ड्रेफस है, जो अल्फ्रेड ड्रेफस की पत्नी है। यह एक स्त्री की स्मृति और पीड़ा से रचा गया एकालाप है, जिसमें अल्फ्रेड ड्रेफस के अन्यायपूर्ण अभियोग, सार्वजनिक अपमान और अमानवीय कारावास का साक्ष्य दर्ज होता है। नाटक दिखाता है कि फ्रांस में भी सत्ता, सेना और यहूदी-विरोधी पूर्वाग्रह कैसे सच को कुचलने के औज़ार बन जाते हैं और एक निर्दोष व्यक्ति को प्रतीकात्मक हिंसा के ज़रिये नष्ट किया जाता है। एमिल ज़ोला और बुद्धिजीवियों के हस्तक्षेप से न्याय की प्रक्रिया दोबारा शुरू होती है, पर वह न्याय अधूरा और बिना पश्चाताप के आता है। अंततः यह एकालाप सत्ता की क्रूर स्मृति, इतिहास की विस्मृति और उस स्त्री के टूटे विश्वास का दस्तावेज़ बन जाता है, जो जीवन भर युद्ध और अन्याय के चक्र को देखती रही है।
तीसरी स्त्री भारत की ज़मीरा है, जिसके संघर्ष के केंद्र में 2002 के बेस्ट बेकरी मामले की ज़हीरा शेख की स्मृति है। यह एक पीड़ित स्त्री का आत्मस्वीकृत एकालाप है, जिसमें वह हिंसा, भय और झूठ के दबाव में सच से पीछे हटने की मजबूरी को स्वीकार करती है। परिवार, समाज, पुलिस, वकील और अदालत सभी संस्थाएँ उसके लिए सुरक्षा नहीं, बल्कि दमन का औज़ार बन जाती हैं। सच बोलने की कीमत उसे धमकी और सार्वजनिक अपमान के रूप में चुकानी पड़ती है, जबकि अपराधी सत्ता और भीड़ के संरक्षण में बच निकलते हैं। अंततः यह एकालाप न्याय-प्रणाली की विफलता और एक साधारण स्त्री की सबसे बुनियादी इच्छा सिर्फ़ ज़िंदा रहने को मार्मिक रूप में सामने रखता है।
चौथी स्त्री श्रीलंका की K है, जो अपने पेशे, पत्रकारिता, और अपने नैतिक संकट का कठोर आत्म-परीक्षण करती है। यह एक आत्मस्वीकृत एकालाप है जिसमें “K” नामक स्त्री पत्रकारिता के नैतिक पतन और अपने पेशागत संकट का निर्मम आत्म-परीक्षण करता है। वह देखता है कि कभी लोकतंत्र का स्तंभ कही जाने वाली पत्रकारिता अब बाज़ार और बहुसंख्यक सत्ता के आगे झुक चुकी है। इस संघर्ष के केंद्र में लसांथा विक्रमतुंगे की स्मृति है, जिनकी अंतरात्मा-प्रेरित पत्रकारिता कथावाचक के लिए नैतिक कसौटी बन जाती है। अंततः यह एकालाप इस्तीफ़े में नहीं, बल्कि इस बोध में समाप्त होता है कि विवेक की जिम्मेदारी किसी एक पेशे से बड़ी होती है।
यह नाटक 1894 के फ्रांस, 2002 के भारत और 2009 के श्रीलंका की घटनाओं को एक ही नैतिक अक्ष पर रखकर दिखाता है कि सत्य स्थान और काल से निरपेक्ष है। मारी, लूसी, K और ज़मीरा के एकालाप इसे एक साझा अनुभव की तरह सामने लाते हैं।
खतरा: एकालाप एक संरचना या एक संरचना का बोझ?
रंगमंच और नाट्यालेख में एक आधारभूत विरोध का संकट
चारों कथाएँ अलग हैं, लेकिन मंचन उन्हें एक ही लय, एक ही दृश्य व्याकरण में बाँध देता है। यही वह बिंदु है जहाँ नाटक की सबसे बड़ी वैचारिक उपलब्धि और सबसे बड़ा जोखिम एक-दूसरे से टकराते हैं। समानता यहाँ संवेदना में है, स्थिति में नहीं। लेकिन मंचन दोनों को एक-सा दिखाने लगता है। खतरा यह था कि मंचन इन्हें “थीमेटिक समानता” के सुरक्षित फ्रेम में कैद कर दे। पारदर्शी पर्दे, पीछे झाँकती कुर्सियाँ और आरँभ में एक-दूसरे के संवाद को कोरस की तरह दोहराती स्त्रियाँ ये सब पाठ के भीतर छिपे “सामूहिक अनुभव” को दृश्य रूप देते हैं। लेकिन इसी प्रक्रिया में मंचन कथ्य के बहुस्तरीय तनाव को एकसपाट भी कर देता है।
इस नाटक में निर्देशक पर्ण पेठे ने रंगमंच की बहुत प्राचीन और अनिवार्य समस्या से सामना किया है। रंगमंच और नाट्यालेख में एक आधारभूत विरोध होता है। नाटक मूलत: दृश्य है और नाट्यालेख शब्द है। रंगमंच का मूल तत्व उपस्थिति है- शरीर की उपस्थिति, समय की उपस्थिति, और दर्शक की उपस्थिति। इसके विपरीत नाट्यालेख का मूल तत्व अर्थ है, जो शब्द के माध्यम से स्थिर होता है।
समस्या तब पैदा होती है, जब नाट्यालेख अपने अर्थ को इतना पूर्ण और आत्मनिर्भर मान लेता है कि मंच को केवल उसका उच्चारण-स्थल बना देता है। तब मंचन एक प्रकार की “रीडिंग” में बदल जाता है, जहाँ अभिनेता बोलते हैं, पर उनका शरीर कुछ नहीं कहता।
एंटोनिन आर्तो ने The Theatre and Its Double (1938) में इसी संकट को “शब्दों का अत्याचार” कहा था। उनके अनुसार, आधुनिक रंगमंच भाषा का गुलाम बन चुका है और उसने अपनी क्रूर, दृश्य और शारीरिक शक्ति खो दी है। आर्तो का आग्रह था कि रंगमंच को बोलने से पहले चुप होना सीखना चाहिए, ताकि शरीर और दृश्य भाषा स्वयं अर्थ रच सकें।
बात यह है कि रंगमंच मूलतः एक श्रवणीय नहीं, दृश्य-सामूहिक कला है। यह बात जितनी साधारण-सरल लगती है, उतनी ही अक्सर भुलाई जाती है। विशेषतः तब जब नाट्यालेख अपने शब्दों की नैतिक और वैचारिक गंभीरता से इतना आश्वस्त हो जाता है कि मंच को केवल उनका वाहक मान लेता है। ऐसे क्षणों में रंगमंच “दिखाने” के बजाय “कहने” लगता है और कहने की इस हड़बड़ी में वह दर्शक को, देह को, मौन को, और स्वयं दृश्य भाषा कोसुनना भूल जाता है।
आधुनिक नाट्य-परंपरा की एक समस्या है, जिसमें नाटक को विचारों का वाहन मान लिया गया और रंगमंच को उन विचारों का मंच। यह संकट विशेष रूप से तब तीखा हो जाता है, जब साहित्यिक शक्ति से संपन्न नाट्यालेख एकालाप के रुप में मंच पर आते हैं।
‘समथिंग लाइक ट्रुथ’ भी बार-बार बोलता है, कम सुनता है और यह समस्या नाट्यालेख की भी है। यहाँ समस्या यह नहीं कि नाट्यालेख कमजोर है; बल्कि समस्या यह है कि वह बहुत अधिक शब्दात्मक रूप से सशक्त है, इतना कि दृश्य माध्यम को साँस लेने की जगह नहीं देता। रेमंड विलियम्स ने Drama from Ibsen to Brecht (1964) में स्पष्ट किया है कि आधुनिक नाटक में “संवाद” सामाजिक यथार्थ को उजागर करने का प्राथमिक औज़ार बन गया, जिससे दृश्य और शारीरिक अभिव्यक्ति पीछे छूटती चली गई।
जैसे हेनरिक इब्सन के नाटकों (जैसे A Doll’s House, Ghosts) में मंचीय क्रिया से अधिक संवाद के ज़रिये सामाजिक यथार्थ उजागर होता है। चरित्र अपने संघर्ष को करते नहीं बोलते हैं और परिवार, विवाह, नैतिकता और पितृसत्ता पर बहस संवादों में घटित होती है। यहाँ रंगमंच एक सामाजिक जाँच-पड़ताल का मंच बन जाता है, लेकिन इसकी कीमत यह होती है कि देह, मौन और दृश्य तनाव सीमित हो जाते हैं। यह वही स्थिति है जहाँ नाटक बोलता है, देखता नहीं।
चेख़व इस मामले में इब्सन से अलग हैं। चेख़व के नाटकों (The Cherry Orchard, Three Sisters) में संवाद तो है, लेकिन वह निर्णायक नहीं। असली अर्थ विराम, अधूरे वाक्य, चुप्पी और निष्क्रियता से बनता है। यहाँ रंगमंच “कम बोलकर ज़्यादा सुनने” की जगह बनता है।
ब्रेख्त भी संवाद का प्रयोग करता है, लेकिन उसे दृश्य संरचना, गीत, कोरस और दूरी (alienation) के साथ संतुलित करता है। ब्रेख्त के यहाँ संवाद कभी अकेला नहीं होता; वह हमेशा मंचीय क्रिया, दृश्य प्रतीक और दर्शक की आलोचनात्मक चेतना से टकराता है।
यहाँ समस्या निर्देशक की नीयत की नहीं, बल्कि नाट्यालेख की संरचनात्मक बाध्यता की है। नाट्यालेख मूलतः शब्द है; और कभी-कभी वह रंगमंच के लिए वही समस्या पैदा करता है, जो अत्यधिक वर्णन कविता के लिए करता है।
निर्देशक का संकट और पर्ण पेठे की निर्देशन-युक्ति
पीटर ब्रुक ने The Empty Space (1968) में लिखा है कि रंगमंच का सबसे बड़ा शत्रु “डेडली थिएटर” है, वह रंगमंच जो शब्दों और विचारों से भरा है, पर जीवन से खाली। ऐसा रंगमंच दर्शक से संवाद नहीं करता, बल्कि उसे उपदेश देता है।
पर्ण पेठे ने नाट्यालेख के शब्दों के कथित डेड स्पेस को चार पात्रों के जीवन से संतुलित करने का प्रयास किया है। नृत्य की शारीरिक भाषा, डफ की ताल और शरीर को वाद्य की तरह बरतने की कोशिश ये सब नाटक को संवाद-प्रधानता से निकालने की ईमानदार कोशिशें हैं। लेकिन समस्या यह है कि संवाद फिर भी केंद्र में बना रहता है।
निर्देशक पर्ण पेठे के साथ बातचीत में यह स्पष्ट होता है कि Something Like Truth किसी तात्कालिक प्रेरणा या जल्दबाज़ी में तैयार किया गया मंचन नहीं है। उनकी रचनात्मक प्रक्रिया का सबसे कठिन पक्ष अंतरंगता और रंगमंचीयता के बीच संतुलन साधना था। हर एकालाप अपने भीतर एक गहरा व्यक्तिगत सत्य समेटे हुए है। उस सत्य को बिना अतिशय सरलीकरण के और उसकी नाज़ुकता को सुरक्षित रखते हुए मंच पर लाना एक नैतिक और कलात्मक जिम्मेदारी थी।

निर्देशक के रूप में पर्ण पेठे जिस मूल भाव को अभिव्यक्त करना चाहती थीं, वह किसी कहानी या चरित्र तक सीमित नहीं था। उनके लिए यह नाटक सत्य को “घोषणा” की तरह नहीं, बल्कि एक नाज़ुक, साहसी और साझा अनुभव की तरह देखने का प्रयास है। वे चाहती थीं कि दर्शक उस कमरे में एक साझा असुरक्षा (shared vulnerability) महसूस करें—जैसे सुनना, समझना और अर्थ गढ़ना एक सामूहिक क्रिया हो।
इसी उद्देश्य से न्यूनतावाद (minimalism) को केंद्रीय उपकरण बनाया गया। अतिरिक्त सेट और दृश्य भव्यता को हटाकर अभिनेता की उपस्थिति और आवाज़ को केंद्र में रखा गया। प्रकाश सजावटी तत्व नहीं, बल्कि भावनात्मक फ्रेम बनता है, जो अंतरंगता और दूरी को आकार देता है।
इस प्रकार, यह नाटक केवल चार एकालापों का संयोजन नहीं, बल्कि सुनने की एक सामूहिक नैतिक अभ्यास-प्रक्रिया है, जहाँ रंगमंच, शब्दों से आगे जाकर, मनुष्य के सत्य के साथ ठहरने की कला को पुनः सीखने की कोशिश करता है।
दृश्य संरचना: प्रतीक नहीं, स्थितियाँ
मंच पर कोई भारी प्रतीक नहीं हैं। न झंडे, न अदालतें, न जेल की सलाखें। इसके बजाय हैं, आयताकार स्पेस, पारदर्शी परदे, और कुर्सियाँ। ये कुर्सियाँ खाली नहीं हैं। वे उन संस्थाओं की जगह हैं जो अनुपस्थित हैं-न्यायपालिका, राज्य, मीडिया। पात्र आगे आती हैं, बोलती हैं और फिर उन कुर्सियों के साये में लौट जाती हैं।
इस नाटक की दृश्य संरचना जानबूझकर न्यूनतम है। मंच किसी ऐतिहासिक स्थल का भ्रम नहीं रचता; वह किसी स्थान का प्रतिनिधित्व नहीं करता। यह निर्णय दर्शक को यह सुविधा नहीं देता कि वह कह सके—“यह फ्रांस है”, “यह गुजरात है”, “यह श्रीलंका है”। इसके विपरीत, मंच एक अमूर्त लेकिन अनुशासित क्षेत्र बन जाता है, जहाँ हर गवाही घटती है।
यह अमूर्तता किसी सार्वभौमिकता का दावा नहीं करती। वह यह नहीं कहती कि “यह सब जगह एक जैसा होता है।” वह बस यह कहती है कि सत्ता की प्रक्रियाएँ में अपमान, चुप्पी और प्रदर्शन स्थान बदल सकती हैं, पर उनका ढाँचा नहीं।
प्रकाश और स्पेस यहाँ सजावट नहीं, तर्क हैं। अंधेरा केवल अनुपस्थिति नहीं, बल्कि छिपाने की राजनीतिक रणनीति बन जाता है। काग़ज़, वर्दी, कुर्सी जैसी सीमित मंचीय वस्तुएँ— इतिहास के प्रतीक नहीं, उसके औज़ार हैं। दृश्य संरचना बार-बार यह प्रश्न उठाती है कि क्या सत्ता का सबसे बड़ा हथियार उसका तमाशा है। जब अपमान को “प्रदर्शन” की तरह रचा जाता है, तब दर्शक के लिए भी मंच स्वयं एक कटघरा बन जाता है।
निर्देशक का रचनात्मक हस्तक्षेप वहाँ सबसे प्रभावी है जहाँ वह हिंसा को प्रत्यक्ष न दिखाकर उसके प्रोटोकॉल को दिखाता है। उदाहरण के लिए, अल्फ्रेड ड्रेफस के अपमान का दृश्य हिंसा के बजाय उसकी तैयारी पर केंद्रित है – तमगों को पहले से ढीला करना, तलवार को कमजोर जोड़ से जोड़ना। यह दृश्य सत्ता की उस क्रूर बुद्धिमत्ता को उजागर करता है, जो जानती है कि प्रतीक कैसे काम करते हैं।
चरित्र नहीं, स्थिति
इस नाटक में अभिनेता “चरित्र” नहीं निभाते; वे स्थिति निभाते हैं। यह अंतर मामूली नहीं है। चरित्र का अर्थ होता है—एक स्थिर पहचान, एक मनोवैज्ञानिक निरंतरता। स्थिति का अर्थ है—एक दबाव, एक समय-खंड, एक ऐसा क्षण जिसमें व्यक्ति अपने विवेक, भय और समझौते के बीच फँसा हुआ है। रंगमंच में अभिनेता का कार्य किसी चरित्र का अनुकरण करना नहीं, बल्कि अपने शरीर और उपस्थिति के माध्यम से एक मानवीय स्थिति को पूरी ईमानदारी से प्रकट करना है। इसी अर्थ में, नाटक की चारों अभिनेत्रियाँ मंच पर पात्रों का अभिनय नहीं करतीं, बल्कि चार भिन्न जीवन-स्थितियों अज्ञान, स्मृति, भय और नैतिक निर्णय को अपने शरीर, मौन और ऊर्जा के माध्यम से जीवित करती हैं।
मारी के रूप में शरवरी देशपांडे ने श्रमिक देह की सहजता और अनजानी भागीदारी को ऐसी सादगी से रचा कि अपराध की भयावहता और मासूमियत एक ही शरीर में टकराती दिखाई देती है। लूसी ड्रेफस के रूप में अश्विनी गिरी ने स्मृति, प्रतीक्षा और टूटते विश्वास को मौन और ठहराव के माध्यम से इतना सघन बनाया कि पीड़ा शब्दों से पहले देह में उतरती है। ज़मीरा की भूमिका में दुशा ने भय, असुरक्षा और सच से पीछे हटने की विवशता को किसी प्रदर्शन की तरह नहीं, बल्कि एक जीवित संघर्ष की तरह मंच पर रखा। K के रूप में कल्याणी मुलाय ने आत्मालोचन को बौद्धिक वक्तव्य नहीं, बल्कि नैतिक जोखिम में बदल दिया,जहाँ निर्णय शरीर में दर्ज होता है। इन चारों अभिनेत्रियों ने एकालापों को केवल आवाज़ नहीं दी, बल्कि उन्हें शरीर दिया और यही इस नाटक की सफलता का स्त्रोत है।
वैचारिक परत: नाटक क्या छुपाता है
सबसे महत्वपूर्ण यह है कि नाटक किसी एक खलनायक की पहचान नहीं करता। समस्या किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि उस संरचना की है जो झूठ को सामान्य बनाती है और सच को अपवाद।
यहाँ स्त्री की गवाही, पत्रकार की आत्म-स्वीकृति और नागरिक की चुप्पी ये सब एक ही वैचारिक धुरी पर घूमते हैं: सच बोलने की कीमत हमेशा असमान रूप से क्यों वसूली जाती है?
स्त्री-स्वर: नैतिक प्रतीक नहीं, ऐतिहासिक जटिलता
यह नाटक स्त्रियों द्वारा अभिनीत है, लेकिन यह “स्त्री-नाटक” नहीं है। कम से कम उस अर्थ में नहीं जिसमें स्त्री को नैतिक शुद्धता या पीड़ित-प्रतिमा के रूप में पेश किया जाता है। यहाँ स्त्री-स्वर अक्सर असुविधाजनक है। वह कभी दोषी है, कभी डरी हुई, कभी थकी हुई कभी समझौता करती हुई और कभी असहमत होते हुई।
यह चयन महत्वपूर्ण है, क्योंकि यह नाटक नैतिकता को आदर्श के रूप में नहीं, बल्कि स्थिति के रूप में देखता है। स्त्रियाँ यहाँ प्रतिरोध का पोस्टर नहीं बनतीं; वे इतिहास के भीतर फँसी हुई वास्तविक मनुष्य हैं। और यही उन्हें भरोसेमंद बनाता है।

चारों स्त्री पात्रों को एक साथ देखने पर यह स्पष्ट होता है कि यह नाटक केवल चार अलग-अलग कहानियाँ नहीं रखता, बल्कि स्त्री चेतना की एक नैतिक यात्रा को रेखांकित करता है, जिसमें सरल सहभागिता से लेकर सजग आत्मालोचन और निर्णय तक की यात्रा है। मारी से शुरू होकर “K” पर समाप्त होती यह संरचना, स्त्री को केवल पीड़िता के रूप में नहीं, बल्कि इतिहास में धीरे-धीरे नैतिक एजेंसी हासिल करती हुई इकाई के रूप में देखती है।
पहली स्त्री, मारी, लगभग निर्दोष सरलता की अवस्था में है। वह सत्ता के तंत्र को समझने की स्थिति में नहीं, बल्कि उसके भीतर काम कर रही है। उसकी देशभक्ति प्रश्नविहीन है; राष्ट्र उसके लिए एक नैतिक अमूर्तता है, जिसे वह अपने श्रम और आज्ञाकारिता से निभा रही है। वह यह नहीं जानती कि उसका “छोटा काम” एक बड़े अन्याय की नींव बन रहा है। यहाँ स्त्री इतिहास की अचेतन सहभागी है, जिसे अपराधबोध नहीं, क्योंकि उसे ज्ञान नहीं दिया गया।
दूसरी स्त्री, लूसी ड्रेफस, चेतना के अगले स्तर पर है। वह अब सत्ता की हिंसा को पहचानती है, पर उसे रोक नहीं पाती। उसका एकालाप स्मृति और धैर्य का दस्तावेज़ है। एक ऐसी स्त्री जो अन्याय को सहती है, उसे दर्ज करती है, पर अंततः न्याय की अधूरी प्रक्रिया से टूट जाती है। यहाँ स्त्री इतिहास की साक्षी बनती है, जो सब देखती है, पर हस्तक्षेप करने की शक्ति सीमित है।
तीसरी स्त्री, ज़मीरा, भय और विवशता के बीच फँसी चेतना का रूप है। वह सच जानती है, पर सच बोलने से पीछे हटती है। उसका पीछे हटना नैतिक पतन नहीं, बल्कि जीवित रहने की रणनीति है। यहाँ स्त्री इतिहास की पीड़ित और प्रतिरोध के बीच झूलती इकाई है, जो जानती है कि सच क्या है, पर यह भी जानती है कि सच बोलने की कीमत जान से चुकानी पड़ सकती है।
चौथी स्त्री “K”, इस यात्रा का निर्णायक बिंदु है। वह न केवल सत्ता की हिंसा को पहचानती है, बल्कि अपने भीतर उसकी साझेदारी को भी स्वीकार करती है। उसका एकालाप आत्मालोचन का है और उसका निर्णय इस्तीफ़ा देना नहीं, बल्कि विवेक के साथ खड़ा होना है। यहाँ स्त्री इतिहास की नैतिक कर्ता (moral agent) बनती है, जो यह समझती है कि जिम्मेदारी किसी पेशे या संस्था से बड़ी होती है।
इस प्रकार, 1894 का फ्रांस, 2002 का भारत और 2009 का श्रीलंका केवल ऐतिहासिक संदर्भ नहीं रहते, बल्कि एक ही नैतिक अक्ष पर रखी गई चेतना की अवस्थाएँ बन जाते हैं। यह नाटक दिखाता है कि इतिहास में स्त्री की स्थिति स्थिर नहीं है, वह धीरे-धीरे अज्ञान से स्मृति, भय से निर्णय और सहभागिता से विवेक तक की यात्रा तय करती है। यही इस नाटक की एक उपलब्धि है।
जैसे ग्रीक मिथकों में कैसेंड्रा को अपोलो ने भविष्य देखने की शक्ति दी, पर उसे यह शाप भी दिया कि उसकी बात पर कोई विश्वास नहीं करेगा। Something Like Truth भी हमें यह नहीं बताता कि सच क्या है भी न्याय की घोषणा नहीं करता; वह केवल यह दिखाता है कि सच का होना और सच का सुना जाना, ये दो अलग स्थितियाँ हैं।
यह बस एक प्रश्न छोड़ देता है: यदि हर युग में सच बोलने वाले लोग कैसेंड्रा की तरह अकेले रह जाते हैं। यहाँ समस्या क्या सच में “झूठ” की है या उस सामूहिक व्यवस्था की, जो सुनने से पहले ही विश्वास न करने का निर्णय कर लेती है?
नाटक यहीं समाप्त होता है। लेकिन कैसेंड्रा की तरह यह प्रश्न भी मंच से उतरकर हमारे भीतर चलता रहता है और हमसे पूछता है, यदि सच बोलना एक साहसिक कृत्य है, तो चुप रहना किसकी सुविधा है और उसकी कीमत कौन चुकाता है?

