इस्लामाबाद: JF-17 थंडर फाइटर जेट खरीदने में बांग्लादेश के दिलचस्पी दिखाने के दावे के कुछ दिनों बाद अब पाकिस्तान ने कहा है कि एक और देश ने इस विमान में रूची दिखाई है। इस्लामाबाद के अनुसार चीन की चेंगदू एयरक्राफ्ट कॉर्पोरेशन (CAC) और पाकिस्तान एयरोनॉटिकल कॉम्प्लेक्स (PAC) द्वारा मिलकर बनाए गए JF-17 थंडर फाइटर जेट को खरीदने में ईरान दिलचस्पी दिखा रहा है। पिछले साल भारत के साथ चार दिनों के संघर्ष के बाद से पाकिस्तान सिंगल-इंजन हल्के JF-17 फाइटर जेट को लेकर प्रचार करता रहा है।
पाकिस्तान सेना के एक बयान के अनुसार, पाकिस्तान एयर फोर्स (PAF) के एयर चीफ मार्शल जहीर अहमद बाबर सिद्धू ने इराक की अपनी आधिकारिक यात्रा के दौरान इराकी एयर फोर्स के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल स्टाफ पायलट मोहनद गालिब मोहम्मद राडी अल-असादी से मुलाकात की और दोनों ने द्विपक्षीय सैन्य सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की।
बताया गया कि पाकिस्तान और इराक के एयर चीफ के बीच बातचीत द्विपक्षीय सैन्य सहयोग को मजबूत करने पर केंद्रित थी, जिसमें संयुक्त प्रशिक्षण, क्षमता निर्माण और बेहतर ऑपरेशनल तालमेल पर खास ध्यान दिया गया। बयान में कहा गया है कि इराकी एयर चीफ ने पाकिस्तान एयर फोर्स की पेशेवर और तकनीकी प्रगति की तारीफ की। साथ ही उसकी विश्व स्तरीय प्रशिक्षण क्षमताओं का लाभ उठाने में दिलचस्पी दिखाई और JF-17 थंडर फाइटर जेट और सुपर मुश्शाक ट्रेनर विमानों में भी गहरी दिलचस्पी दिखाई।
कुछ दिन पहले पाकिस्तान ने दावा किया था कि इस्लामाबाद में बांग्लादेश एयर फोर्स के चीफ ऑफ द एयर स्टाफ, एयर चीफ मार्शल हसन महमूद खान, और पाकिस्तान एयर फोर्स के चीफ ऑफ एयर स्टाफ, एयर चीफ मार्शल जहीर अहमद बाबर सिद्धू के बीच बातचीत के दौरान JF-17 थंडर विमानों की संभावित खरीद पर विस्तार से चर्चा हुई थी। हालांकि, बांग्लादेश ने अभी तक इन विमानों को खरीदने की योजनाओं की पुष्टि नहीं की है।
सऊदी अरब से भी चल रही बात: रिपोर्ट
ऐसी भी खबरें आई हैं कि पाकिस्तान और सऊदी अरब लगभग 2 बिलियन डॉलर के सऊदी कर्ज को JF-17 फाइटर जेट डील में बदलने की संभावना पर चर्चा कर रहे हैं।
समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने रिटायर्ड एयर मार्शल और एनालिस्ट आमिर मसूद के हवाले से बताया था कि पाकिस्तान छह देशों के साथ JF-17 और इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम सहित उपकरण और जेट के लिए हथियार सिस्टम देने के लिए बातचीत कर रहा था या उसने डील फाइनल कर ली थी।
पाकिस्तान और चीन मिलकर बनाते हैं JF-17
JF-17 को पाकिस्तान एयरोनॉटिकल कॉम्प्लेक्स (PAC) और चीन की चेंगदू एयरक्राफ्ट कॉर्पोरेशन (CAC) मिलकर तैयार करते हैं। दोनों देशों के बीच 1990 के दशक में इसे लेकर समझौता हुआ था और फिर 2000 के दशक की शुरुआत में पाकिस्तान के पंजाब प्रांत स्थित कामरा में इसका निर्माण शुरू हुआ। विमान की असेंबलिंग पाकिस्तान के कामरा में ही होती है।
हालांकि पाकिस्तान का दावा रहा है कि इस जेट ने भारत के साथ संघर्ष के दौरान अपनी काबिलियत साबित की है, लेकिन इसकी असल प्रभावशीलता साफ तौर पर पता नहीं है। विशेषज्ञों और सैन्य अधिकारियों के अनुसार, पाकिस्तान ने 7-10 मई को भारत के साथ संघर्ष के दौरान चीन के चेंगदू J-10 फाइटर जेट का बड़े पैमाने पर इस्तेमाल किया था।
वैसे कुछ देशों के JF-17 जेट खरीदने की रिपोर्टें पिछले 10 वर्षों में आई हैं। म्यांमार JF-17 खरीदने वाला पहला देश था, जिसने 2015 में कम से कम 16 ब्लॉक 2 एयरक्राफ्ट का ऑर्डर दिया था। अब तक सात डिलीवर किए जा चुके हैं। नाइजीरिया दूसरा खरीदार बना, जिसने 2021 में अपने एयर फोर्स में तीन JF-17 शामिल किए। इसके बाद अजरबैजान ने फरवरी 2024 में 16 जेट का शुरुआती ऑर्डर दिया।

