इस्लामाबाद: पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के खिलाफ युद्ध का ऐलान कर दिया है। पाकिस्तानी सेना ने जवाबी कार्रवाई करते हुए गुरुवार और शुक्रवार की दरमियानी रात तालिबान शासित अफगानिस्तान पर कई हवाई हमले और बमबारी की। इस्लामाबाद ने इस हमले को ‘ऑपरेशन गजब-लिल-हक’ नाम दिया, जिसमें अफगानिस्तान के काबुल और कंधार समेत कई बड़े शहरों को निशाना बनाया गया और दावा किया गया कि उसने महत्वपूर्ण सैन्य ठिकानों को नष्ट कर दिया है।
पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने भी शुक्रवार को अफगानिस्तान की तालिबान सरकार के साथ ‘खुली जंग’ (Open war) की घोषणा की, जिससे दोनों देशों के बीच अब तनाव चरम पर है।
दूसरी ओर अफगानिस्तान ने पाकिस्तान की ओर से की गई सैन्य कार्रवाई की निंदा करते हुए इसे ‘कायरतापूर्ण’ बताया। अफगान मीडिया टोलो न्यूज के अनुसार अफगान बलों ने अपनी हवाई सीमा का उल्लंघन करने वाले पाकिस्तान के एक एफ-16 लड़ाकू विमान को मार गिराया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में एक पाकिस्तान सैनिक को पकड़े जाने का भी दावा किया जा रहा है।
वहीं, पाकिस्तान ने अपने ऑपरेशन को ‘प्रभावी’ बताते हुए इसकी सराहना की और दावा किया कि इसमें 133 अफगान तालिबानी मारे गए।
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ का बयान
पड़ोसी अफगानिस्तान पर हवाई हमलों के बाद पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने कहा कि देश की सशस्त्र सेनाएं किसी भी आक्रामकता को ‘कुचलने’ में पूरी तरह सक्षम हैं। पाकिस्तानी सरकार के एक्स अकाउंट पर साझा की गई एक पोस्ट के अनुसार, शरीफ ने कहा, ‘हमारी सेनाओं में किसी भी आक्रामक महत्वाकांक्षा को कुचलने की पूरी क्षमता है।’ उन्होंने आगे कहा, ‘पूरा देश पाकिस्तानी सशस्त्र बलों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है।’
इससे पहले गुरुवार को, तालिबान बलों ने दोनों देशों के बीच सीमा रेखा, डूरंड लाइन पर तैनात पाकिस्तानी सैनिकों पर हमला किया था, जिसे उन्होंने पहले हुए घातक हमलों का प्रतिशोध बताया था। तालिबान के हमले में 50 से ज्यादा पाकिस्तानी सैनिकों के मारे जाने की खबर आई थी। हालांकि, पाकिस्तान की ओर से हताहतों की संख्या को लेकर कोई बयान नहीं आया है।
दरअसल, डूरंड लाइन पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच एक विवादित सीमा रेखा बनी हुई है। अफगानिस्तान ने इसे कभी औपचारिक रूप से मान्यता नहीं दी है। हाल के महीनों में दोनों इस्लामी पड़ोसी देशों के बीच संबंध ज्यादा बिगड़ गए हैं।
पाकिस्तान-अफगानिस्तान जंग, 10 बड़े अपडेट
- सामने आई जानकारी के अनुसार काबुल में कम से कम तीन धमाकों की आवाज देर रात सुनी गई, हालांकि अफगान राजधानी में लक्षित स्थानों या संभावित हताहतों के बारे में तत्काल कोई जानकारी नहीं मिली है। अफगानिस्तान की ओर से पाकिस्तान के एक एफ-16 लड़ाकू विमान को मार गिराने का भी दावा किया गया है।
- काबुल में आसमान में लड़ाकू विमानों की आवाजें सुनाई दीं और शहर भर में कई जोरदार धमाकों की गूंज सुनाई दी, जिसके बाद दो घंटे से अधिक समय तक गोलीबारी और धमाकों की आवाज जारी रही। अफगानिस्तान के दक्षिणी शहर कंधार में, जहां सर्वोच्च नेता हिबतुल्लाह अखुंदजादा का निवास है, स्थानीय लोगों ने समाचार एजेंसी एएफपी को बताया कि उन्होंने आसमान में जेट विमानों के उड़ने की आवाजें सुनीं।
- तालिबान सरकार ने पाकिस्तानी हवाई हमलों की पुष्टि की है। प्रवक्ता ज़बिहुल्लाह मुजाहिद ने कहा कि कोई हताहत नहीं हुआ। हालांकि, इस्लामाबाद ने दावा किया कि उसके रात भर चले हमलों में 133 अफगान मारे गए।
- इससे कुछ घंटे पहले तालिबान के प्रवक्ता जबिउल्लाह मुजाहिद ने ‘पाकिस्तानी सेना द्वारा बार-बार किए गए उल्लंघनों के जवाब में’ सीमा पर ‘बड़े पैमाने पर आक्रामक अभियान’ की घोषणा की थी।
- अफगानिस्तान के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि जमीनी हमले में उसके आठ सैनिक मारे गए हैं।
- अफगानिस्तान के एक अधिकारी ने बताया कि तोरखम सीमा चौकी के पास, पाकिस्तान से लौट रहे लोगों के शिविर में कई नागरिक घायल हो गए। नांगरहार प्रांत के सूचना प्रमुख कुरैशी बदलुन ने कहा, ‘शिविर पर मोर्टार का गोला गिरा है और दुर्भाग्य से हमारे सात शरणार्थी घायल हो गए हैं, और एक महिला की हालत गंभीर है।’
- पाकिस्तान के सूचना मंत्री अताउल्लाह तरार ने तालिबान के हमलों के बाद इस्लामाबाद की प्रतिक्रिया को ‘मजबूत और प्रभावी’ बताया है। उन्होंने यह भी कहा कि दो पाकिस्तानी सैनिक मारे हए हैं और तीन अन्य घायल हुए।
- एक्स पर उन्होंने लिखा कि अफगानिस्तान की ओर से हुए एक अकारण हमले का पाकिस्तान “मजबूत और प्रभावी जवाब” दे रहा है, और इस्लामाबाद कार्रवाई जारी रखेगा। इस बयान के बाद काबुल में धमाकों की खबरें आईं।
- वहीं, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के प्रवक्ता मोशर्रफ अली जैदी ने कहा, ‘133 अफगान तालिबानियों के मारे जाने की पुष्टि हो चुकी है और 200 से अधिक घायल हुए हैं। काबुल, पक्तिया और कंधार के सैन्य ठिकानों पर हुए हमलों में और भी कई लोगों के हताहत होने का अनुमान है।’
- इससे पहले कल तालिबान सरकार के प्रवक्ता मुजाहिद ने एएफपी को बताया था कि उसकी ओर से की गई कार्रवाई में कई पाकिस्तानी सैनिकों को ‘जिंदा पकड़ा गया’ है। इस दावे को इस्लामाबाद में प्रधानमंत्री कार्यालय ने खारिज कर दिया है।

