Friday, March 20, 2026
Homeभारतसीएम नायब सिंह सैनी ने यमुना के पानी से किया आचमन, सीएम...

सीएम नायब सिंह सैनी ने यमुना के पानी से किया आचमन, सीएम आतिशी ने किया था चैलेंज

नई दिल्लीः आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के ‘यमुना में जहर’ वाले बयान पर सियासी घमासान मचा हुआ है। दिल्ली की सीएम आतिशी की चुनौती पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी दिल्ली-हरियाणा बॉर्डर स्थित पल्ला घाट पहुंचे और वहां सार्वजनिक रूप से यमुना नदी का पानी पीते हुए एक वीडियो जारी किया।

सैनी ने कहा, “बेहिचक और बेझिझक पवित्र यमुना के जल का आचमन किया, हरियाणा की सीमा पर। आतिशी जी तो आई नहीं। कोई नया झूठ रच रही होंगी। झूठ के पांव नहीं होते, इसलिए आप-दा का झूठ चल नहीं पा रहा।” दिल्ली की देवतुल्य जनता इन फरेबियों को पहचान चुकी है। 5 फरवरी को आप-दा के फरेब काल का अंत निश्चित है।”

आतिशी ने यमुना का पानी में अमोनिया मापने की सीएम सैनी को दी थी चुनौती

दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर सीएम सैनी को टैग करते हुए चुनौती दी थी कि वे पल्ला घाट चलकर देखें और अमोनिया की मात्रा नापें। इस चुनौती के जवाब में सैनी अकेले ही पल्ला घाट पहुंचे और वहां यमुना का पानी पीते हुए वीडियो साझा किया। उन्होंने आप नेताओं पर दिल्ली की जनता को गुमराह करने और हरियाणा के लोगों पर झूठे आरोप लगाने का आरोप लगाया।

आतिशी के पोस्ट पर सीएम सैनी ने जवाब देते हुए लिखा था, “आप-दा की खड़ाऊं मुख्यमंत्री आतिशी मार्लेना जी, पल्ला गांव के यमुना तट पर आपका स्वागत है। हरियाणा से दिल्ली आने वाले पानी में तो जहर नहीं है, लेकिन आप लोगों के दिमाग में जहर जरूर भरा हुआ है। कभी पानी की कमी के लिए, कभी पराली के धुएं के लिए तो कभी अपनी तमाम विफलताओं के लिए हमेशा आप हरियाणावासियों को ही कोसती रहती हैं।”

सैनी का यमुना का पानी पीते वीडियो सामने आते ही दिल्ली की सीएम आतिशी ने उन्हें एक्स पर टैग करते हुआ कहा कि ”नायब सैनी जी, मुझे पता चला है कि आप यमुना नदी के पल्ला घाट जा रहे हैं। मेरा आग्रह है कि आप और मैं साथ चलते हैं, मीडिया के साथियों को भी लेकर चलते हैं। सबके सामने अमोनिया की मात्रा को नापेंगे। सबको पता चलना चाहिए कि हरियाणा दिल्ली वालों को जहरीला पानी भेज रही है।”

वहीं, अरविंद केजरीवाल ने सैनी के वीडियो को साझा करते हुए उनपर ढोंग रचने का आरोप लगाया। केजरीवाल ने कहा कि हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी जी ने यमुना का पानी पीने का ढोंग किया… और फिर वही पानी वापस यमुना में थूक दिया। जब मैंने कहा कि अमोनिया की मिलावट के कारण यमुना का पानी दिल्लीवालों की जान के लिए खतरा हो सकता है, तो इन्होंने मुझ पर एफआईआर करने की धमकी दी। केजरीवाल ने एक्स पोस्ट में लिखा कि जिस जहरीले पानी को ये खुद नहीं पी सकते, वही पानी दिल्ली की जनता को पिलाना चाहते हैं। मैं ऐसा हरगिज नहीं होने दूँगा।

केजरीवाल के आरोपों पर नायब सिंह सैनी ने जवाब दिया और एक्स पर लिखा- पिछले 10 वर्षों में केजरीवाल और उनकी आप-दा टीम ने जो झूठ और फरेब का पाप- कर्म किया है,माता यमुना के साथ विश्वास घात किया है,उन सभी पाप-कर्मों का अंतिम विसर्जन दिल्ली के लोग 5 फरवरी को करने जा रहे हैं। हमारी पवित्र यमुना माता इन फरेबियों से मुक्त भी होंगी, शुद्ध भी होंगी और दिल्ली के हमारे भाई- बहनों को स्वच्छ पानी मिलने लगेगा।

चुनाव आयोग ने केजरीवाल को भेजा नोटिस

अरविंद केजरीवाल के बयान पर चुनाव आयोग ने भी सख्ती दिखाते हुए उन्हें नोटिस जारी किया है। चुनाव आयोग ने आप प्रमुख से बुधवार रात आठ बजे तक अपने दावे के समर्थन में साक्ष्य प्रस्तुत करने को कहा है।

चुनाव आयोग ने अपने पत्र में लिखा, “आयोग ने केजरीवाल को निर्देश दिया है कि वे अपने आरोपों के संबंध में तथ्यात्मक और कानूनी पहलुओं के साथ 29 जनवरी 2025 को रात आठ बजे तक जवाब दें, ताकि आयोग इस मामले की जांच कर सके और उचित कार्रवाई कर सके।”

इससे पहले, दिल्ली की सीएम आतिशी को लिखे पत्र में उपराज्यपाल (एलजी) विनय कुमार सक्सेना ने आम आदमी पार्टी के ‘यमुना में जहर’ वाले बयान पर कड़ी आपत्ति जताते हुए कहा था कि इस तरह के भ्रामक आरोप राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरे में डालने के समान हैं।

पीएम मोदी ने आप पर बोला हमला

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली के करतार नगर में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए अरविंद केजरीवाल के बयान पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा, “आप-दा वालों ने दिल्ली को पानी माफिया के भरोसे छोड़ दिया है। तीन चुनावों में यमुना की सफाई के नाम पर वोट मांगे और अब कह रहे हैं कि यमुना वोट नहीं देती।”

पीएम मोदी ने आगे कहा, “दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री ने हरियाणा के लोगों पर घिनौने आरोप लगाए हैं। क्या हरियाणा वाले अपने ही बच्चों के पानी में जहर मिला सकते हैं? हरियाणा का भेजा हुआ यही पानी दिल्ली में रहने वाला हर कोई पीता है। पिछले 11 साल से यह प्रधानमंत्री भी वहीं पानी पीता है। क्या कोई यह सोच सकता है कि मोदी को जहर देने के लिए हरियाणा की भाजपा सरकार ने पानी में जहर डाल दिया?”

‘यमुना में जहर’ का आरोप भारतीय संस्कृति का अपमान: पीएम मोदी

प्रधानमंत्री ने कहा, “यह देश ऐसा है जहां पानी पिलाना धर्म माना जाता है। आप-दा वाले कह रहे हैं कि हरियाणा वाले दिल्ली के पानी में जहर मिलाते हैं। यह सिर्फ हरियाणा का नहीं, बल्कि पूरे भारत का अपमान है। मुझे विश्वास है कि ऐसी ओछी बातें करने वालों को दिल्ली की जनता सबक सिखाएगी और इनकी लुटिया यमुना जी में ही डूबेगी।”

अनिल शर्मा
अनिल शर्माhttp://bolebharat.in
दिल्ली विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में उच्च शिक्षा। 2015 में 'लाइव इंडिया' से इस पेशे में कदम रखा। इसके बाद जनसत्ता और लोकमत जैसे मीडिया संस्थानों में काम करने का अवसर मिला। अब 'बोले भारत' के साथ सफर जारी है...
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments