Friday, March 20, 2026
Homeभारतनिक्की हत्याकांडः पुलिस कस्टडी से भागने की कोशिश में घायल हुआ आरोपी...

निक्की हत्याकांडः पुलिस कस्टडी से भागने की कोशिश में घायल हुआ आरोपी पति

ग्रेटर नोएडा: उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में कथित तौर पर पत्नी निक्की को जिंदा जलाने के आरोपी पति विपिन भाटी का पुलिस ने एनकाउंटर किया है। विपिन भाटी की गिरफ्तारी पहले ही हो चुकी थी। रविवार को पुलिस कस्टडी से भागने की कोशिश के दौरान उसका एनकाउंटर हुआ। 

आरोप है कि विपिन भाटी पुलिस का हथियार छीनकर कस्टडी से भागने की कोशिश कर रहा था। इसी घटनाक्रम में ग्रेटर नोएडा के सिरसा चौराहे के पास मुठभेड़ हुई, जिसमें विपिन भाटी के पैर में गोली लगी। फिलहाल उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है।

2016 में हुई थी शादी

निक्की की शादी 2016 में ग्रेटर नोएडा के कासना थाना क्षेत्र में रहने वाले विपिन भाटी से हुई थी। पिछले दिनों, निक्की को उसके पति और ससुराल वालों ने कथित तौर पर पीटा और फिर जलाकर मार डाला। निक्की के परिजनों का आरोप है कि उसके ससुराल वालों ने उसे ज्वलनशील पदार्थ डालकर जिंदा जलाया। निक्की को उसके बेटे के सामने आग लगाई गई।

एडिशनल डीसीपी सुधीर कुमार के अनुसार, पुलिस को फोर्टिस अस्पताल से एक मेमो मिला था, जिसमें बताया गया कि एक लड़की गंभीर रूप से जली हुई हालत में आई है, जहां से उसे सफदरजंग अस्पताल में रेफर किया जा रहा है। इस सूचना पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। हालांकि, निक्की की पहले ही मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

दहेज प्रताड़ना का लगाया आरोप

उसकी बड़ी बहन कंचन, जिसकी शादी भी उसी परिवार में हुई थी, ने आरोप लगाया कि निक्की की हत्या इसलिए की गई, क्योंकि उनका परिवार ससुराल वालों की 36 लाख रुपए की दहेज की मांग पूरी नहीं कर पाया। कंचन ने आरोप लगाए, “हमें लगातार परेशान किया जाता था। वे कहते रहे कि शादी के दौरान उन्हें यह-वह नहीं मिला। उन्होंने हमारे परिवार से 36 लाख रुपए की मांग की।”

उसने बताया कि दहेज की मांग के लिए उसे भी प्रताड़ित किया गया और पीटा गया। कंचन की शिकायत के आधार पर पुलिस ने निक्की के पति विपिन भाटी, देवर रोहित भाटी, सास दया और ससुर सतवीर के खिलाफ मामला दर्ज किया। बाकी आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की दो टीमें लगाई गईं।

(यह खबर आईएएनएस समाचार एजेंसी की फीड द्वारा प्रकाशित है। इसका शीर्षक बोले भारत न्यूज डेस्क द्वारा दिया गया है।)

IANS
IANS
Indo-Asian News Service (IANS) भारत की एक निजी समाचार एजेंसी है। यह विभिन्न विषयों पर समाचार, विश्लेषण आदि प्रदान करती है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments