Friday, October 10, 2025
Homeखेलकूदराष्ट्रीय खेल पुरस्कार: मनु भाकर, गुकेश सहित 4 को 'खेल रत्न'...32...

राष्ट्रीय खेल पुरस्कार: मनु भाकर, गुकेश सहित 4 को ‘खेल रत्न’…32 खिलाड़ियों को अर्जुन पुरस्कार

नई दिल्ली: राष्ट्रीय खेल पुरस्कार-2024 की घोषणा कर दी गई है। इस बार निशानेबाज मनु भाकर, सबसे युवा विश्व शतरंज चैंपियन डी गुकेश, भारतीय हॉकी टीम के कप्तान हरमनप्रीत सिंह और पैरा एथलीट प्रवीण कुमार को मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। यह भारत में खेल के क्षेत्र में सर्वोच्च सम्मान है। साथ ही 34 खिलाड़ियों (दो लाइफटाइम) को इस बार अर्जुन अवॉर्ड दिया जाएगा। कोचिंग की श्रेणी में पांच को द्रोणाचार्य अवॉड देने की घोषणा की गई है।

इस बार क्रिकेट से किसी भी खिलाड़ी या कोच को कोई अवॉर्ड नहीं मिल रहा है। युवा मामले एवं खेल मंत्रालय ने गुरूवार को राष्ट्रीय खेल पुरस्कार 2024 की घोषणा की। राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू 17 जनवरी, 2025 को सुबह 11 बजे राष्ट्रपति भवन में आयोजित एक विशेष समारोह में विजेताओं को सम्मानित करेंगी।

‘खेल रत्न’-2024: चार खिलाड़ियों की क्या है इस साल की उपलब्धि

मनु भाकर: हरियाणा से आने वाली मनु भाकर ने इसी साल अगस्त-सितंबर में पेरिस में आयोजित ओलिंपिक खेलों में दो कांस्य पदक जीतकर इतिहास रचा था। मनु ने ओलंपिक-2024 के व्यक्तिगत मुकाबले में भारत का परचम लहराया। इसके बाद 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम इवेंट में भी सरबजोत सिंह के साथ मिलकर कांस्य पदक जीता। मनु भाकर के नाम को खेल रत्न पुरस्कार की लिस्ट में शामिल नहीं किए जाने पर हाल में विवाद भी सामने आया था। बाद में भाकर ने सफाई दी थी कि नामांकन में उनकी ओर से ही कुछ गलती हुई, जिससे उलझन की स्थिति बनी।

डी गुकेश: 18 साल के भारतीय ग्रैंडमास्टर डी गुकेश ने पिछले ही महीने सिंगापुर में वर्ल्ड चेस चैंपियनशिप का खिताब जीता था। इसके बाद से पूरी दुनिया में उनकी चर्चा है। गुकेश ने चीन के डिफेंडिंग चैम्पियन डिंग लिरेन को फाइनल में हराया था। इस तरह गुकेश ने सबसे कम उम्र में यह खिताब जीतने का रिकॉर्ड कायम किया। इससे पहले 1985 में रूस के दिग्गज शंतरज खिलाड़ी गैरी कैस्परोव ने 22 साल की उम्र में यह खिताब जीता था।

हरमनप्रीत सिंह: भारत की पुरुष हॉकी टीम ने इस साल ओलंपिक में हरमनप्रीत सिंह की कप्तानी में ब्रॉन्ज मेडल जीता। हरमनप्रीत ने खुद ओलंपिक में 10 गोल दागे। हरमनप्रीत तीसरी बार FIH अवार्ड् यानी प्लेयर ऑफ द ईयर का खिताब भी पाने में कामयाब रहे हैं।

प्रवीण कुमार: उत्तर प्रदेश से ताल्लुक रखने वाले पैरा ऐथलीट प्रवीण ने पेरिस पैरालंपिक-2024 में पुरुषों की हाई जंप-T64 स्पर्धा में नया एशियाई रिकॉर्ड कायम करते हुए स्वर्ण पदक जीता था। इससे पहले उन्होंने टोक्यो पैरालंपिक में रजत पदक जीता था।

34 खिलाड़ियों को अर्जुन अवॉर्ड

‘खेल रत्न’ के अलावा अर्जुन पुरस्कारों का भी ऐलान किया गया है। 34 में से दो नाम लाइव टाइम अचीवमेंट यानी खेलकूद में उत्कृष्ट प्रदर्शन (आजीवन) के लिए हैं। ये नाम इस प्रकार हैं-

1. ज्योति याराजी (एथलेटिक्स)
2. अन्नू रानी (एथलेटिक्स)
3. नीतू (मुक्केबाजी)
4. स्वीटी (मुक्केबाजी)
5. वंतिका अग्रवाल (शतरंज)
6. सलीमा टेटे (हॉकी)
7. अभिषेक (हॉकी)
8. संजय (हॉकी)
9. जरमनप्रीत सिंह (हॉकी)
10. सुखजीत सिंह (हॉकी)
11. राकेश कुमार (पैरा तीरंदाजी)
12. प्रीति पाल (पैरा एथलेटिक्स)
13. जीवनजी दीप्ति (पैरा एथलेटिक्स)
14. अजीत सिंह (पैरा एथलेटिक्स)
15. सचिन सरजेराव खिलारी (पैरा एथलेटिक्स)
16. धरमबीर (पैरा एथलेटिक्स)
17. प्रणव सूरमा (पैरा एथलेटिक्स)
18. एच होकाटो सेमा (पैरा एथलेटिक्स)
19. सिमरन जी (पैरा एथलेटिक्स)
20. नवदीप (पैरा एथलेटिक्स)
21. नितेश कुमार (पैरा बैडमिंटन)
22. तुलसीमथी मुरुगेसन (पैरा बैडमिंटन)
23. नित्या श्री सुमति सिवान (पैरा बैडमिंटन)
24. मनीषा रामदास (पैरा बैडमिंटन)
25. कपिल परमार (पैरा जूडो)
26. मोना अग्रवाल (पैरा शूटिंग)
27. रुबीना फ्रांसिस (पैरा शूटिंग)
28. स्वप्निल सुरेश कुसाले (शूटिंग)
29. सरबजोत सिंह (शूटिंग)
30. अभय सिंह (स्क्वैश)
31. साजन प्रकाश (तैराकी)
32. अमन (कुश्ती)

खेलकूद में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए अर्जुन पुरस्कार (आजीवन)
1. सुच्चा सिंह (एथलेटिक्स)
2. मुरलीकांत राजाराम पेटकर (पैरा-तैराकी)

द्रोणाचार्य अवॉर्ड-2024 के विजेता

1. सुभाष राणा (पैरा-शूटिंग)
2. दीपाली देशपांडे (शूटिंग)
3. संदीप सांगवान (हॉकी)
4. एस.मुरलीधरन (बैडमिंटन, आजीवन श्रेणी)
5. अर्मांडो एग्नेलो कोलाको (फुटबॉल, आजीवन श्रेणी)

राष्ट्रीय खेल प्रोत्साहन पुरस्कार इस बार फिजिकल एजुकेशन फाउंडेशन ऑफ इंडिया को इस बार दिया जाएगा। वहीं, मौलाना अबुल कलाम आजाद (MAKA) ट्रॉफी इस बार तीन विश्वविद्यालयों- चंडीगढ़ विश्वविद्यालय (ओवरऑल विनर यूनिवर्सिटी), लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (फर्स्ट रनर-अप) और गुरु नानक देव विश्वविद्यालय, अमृतसर (सेकेंड रनर-अप) को दिए जा रहे हैं।

राष्ट्रीय खेल पुरस्कारों के बारे में

राष्ट्रीय खेल पुरस्कार हर साल भारत में खेल के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान देने के लिए दिए जाते हैं। इसमें खिलाड़ियों, कोचों या संगठनों को उनकी उपलब्धियों के लिए अलग-अलग पुरस्कारों से सम्मानित किया जाता है।

भारत के राष्ट्रीय खेल पुरस्कार में मुख्य तौर पर पांच पुरस्कार- मेजर ध्यानचंद खेल रत्न, अर्जुन पुरस्कार, द्रोणाचार्य पुरस्कार, मौलाना अबुल कलाम आजाद ट्रॉफी और राष्ट्रीय खेल प्रोत्साहन शामिल हैं। इसके अलावा ध्यानचंद पुरस्कार के नाम से भी एक और लाइफ टाइम अवॉर्ड दिया जाता है। यह पुरस्कार खेल के विकास में आजीवन योगदान के लिए दिया जाता है। इस बार इस श्रेणी में किसी को पुरस्कार नहीं मिलेगा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments

मनोज मोहन on कहानीः याद 
प्रकाश on कहानीः याद 
योगेंद्र आहूजा on कहानीः याद 
प्रज्ञा विश्नोई on कहानीः याद 
डॉ उर्वशी on एक जासूसी कथा