रविवार, मार्च 22, 2026
होमभारतपीएम नरेंद्र मोदी बने देश में सबसे लंबे समय तक सरकार के...

पीएम नरेंद्र मोदी बने देश में सबसे लंबे समय तक सरकार के प्रमुख रहने वाले नेता, इन्हें छोड़ा पीछे

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इससे पहले भी गुजरात के सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहने का रिकॉर्ड बना चुके हैं। उन्हें देश के सबसे अधिक प्रशासनिक अनुभव वाले प्रधानमंत्रियों में गिना जाता है। इसके अलावा, वे आजादी के बाद लगातार तीन लोकसभा चुनाव- 2014, 2019 और 2024- जीतने वाले पहले प्रधानमंत्री भी हैं, जो उनके निरंतर जनसमर्थन को दर्शाता है।

नई दिल्लीः भारतीय राजनीति में एक अहम पड़ाव दर्ज हुआ है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सिक्किम के पूर्व मुख्यमंत्री पवन कुमार चामलिंग का रिकॉर्ड पीछे छोड़ते हुए देश में सबसे लंबे समय तक सरकार के प्रमुख रहने का नया कीर्तिमान बना दिया है।

चामलिंग ने 8,930 दिनों तक मुख्यमंत्री के रूप में कार्य किया था, जबकि मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में अपने कुल कार्यकाल को मिलाकर 8,931 दिन पूरे कर लिए हैं। यह उपलब्धि लंबे समय तक लगातार सार्वजनिक सेवा और नेतृत्व की एक दुर्लभ मिसाल मानी जा रही है।

प्रधानमंत्री मोदी इससे पहले भी गुजरात के सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहने का रिकॉर्ड बना चुके हैं। उन्हें देश के सबसे अधिक प्रशासनिक अनुभव वाले प्रधानमंत्रियों में गिना जाता है। इसके अलावा, वे आजादी के बाद लगातार तीन लोकसभा चुनाव- 2014, 2019 और 2024- जीतने वाले पहले प्रधानमंत्री भी हैं, जो उनके निरंतर जनसमर्थन को दर्शाता है।

नरेंद्र मोदी ने संघ प्रचारक के रूप में की थी अपने सार्वजनिक जीवन की शुरुआत

17 सितंबर 1950 को गुजरात के वडनगर में जन्मे नरेंद्र मोदी ने अपने सार्वजनिक जीवन की शुरुआत राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रचारक के रूप में की। 1985 में भारतीय जनता पार्टी से जुड़ने के बाद उन्होंने संगठन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

उन्होंने 7 अक्टूबर 2001 को पहली बार गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में पदभार संभाला और 2001, 2002, 2007 और 2012 के विधानसभा चुनावों में जीत के बाद राज्य का नेतृत्व किया। उनका मुख्यमंत्री कार्यकाल 22 मई 2014 तक चला, जो करीब 12 वर्ष 7 महीने का रहा।

नरेंद्र मोदी 26 मई 2014 से भारत के प्रधानमंत्री हैं और जून 2024 में उन्होंने लगातार तीसरी बार इस पद की शपथ ली। वे देश के पहले गैर-कांग्रेसी प्रधानमंत्री हैं, जिन्होंने लगातार तीन कार्यकाल पूरे किए हैं और 4,000 से अधिक दिनों तक इस पद पर रहते हुए सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले प्रधानमंत्रियों में शामिल हो गए हैं।

समाचार एजेंसी आईएएनएस इनपुट के साथ

अनिल शर्मा
अनिल शर्माhttp://bolebharat.in
दिल्ली विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में उच्च शिक्षा। 2015 में 'लाइव इंडिया' से इस पेशे में कदम रखा। इसके बाद जनसत्ता और लोकमत जैसे मीडिया संस्थानों में काम करने का अवसर मिला। अब 'बोले भारत' के साथ सफर जारी है...
RELATED ARTICLES

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें

Most Popular

Recent Comments

डॉ उर्वशी पर शबनम शेख़ की कहानी