शनिवार, मार्च 21, 2026
होमभारतहिमाचल के अर्की बाजार में भीषण आग, 8 वर्षीय मासूम की मौत;...

हिमाचल के अर्की बाजार में भीषण आग, 8 वर्षीय मासूम की मौत; मलबे में 9 के दबे होने की आशंका, सीएम सुक्खू ने जांच के दिए आदेश

स्थानीय फायर ऑफिसर आरके शर्मा के अनुसार सुबह करीब 6:30 बजे तक आग पर काबू पा लिया गया, लेकिन तलाशी और मलबा हटाने का काम अब भी जारी है। अधिकारियों का कहना है कि इमारतों के गिरने और आग की तीव्रता को देखते हुए हालात बेहद गंभीर हैं और जीवित बचने की संभावना कम नजर आ रही है।

सोलनः हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में स्थित अर्की बाजार में रविवार आधी रात को भीषण आग लग गई। इस दर्दनाक हादसे में आठ साल के एक मासूम बच्चे की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि मलबे के नीचे करीब 10 लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है। लापता लोगों में नेपाली और बिहारी मूल के प्रवासी मजदूर शामिल हैं, जिनमें पांच बच्चे और महिलाएं भी हैं। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए राहत और बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं।

स्थानीय प्रशासन और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग रविवार रात करीब 2 से 2:30 बजे एक रिहायशी दो मंजिला इमारत से शुरू हुई। निचली मंजिल पर दुकानें थीं, जबकि ऊपरी मंजिल में नेपाल और बिहार के प्रवासी मजदूर रहते थे। कुछ ही मिनटों में आग ने आसपास की दुकानों और इमारतों को अपनी चपेट में ले लिया।

आग के दौरान एक के बाद एक कई एलपीजी सिलेंडर फट गए, जिससे लपटें और तेज हो गईं। धमाकों की आवाज से पूरे बाजार क्षेत्र में अफरा-तफरी और दहशत फैल गई। लकड़ी के ढांचों और भंडारण भवनों की वजह से आग तेजी से फैलती चली गई।

अर्की के तहसीलदार विपिन कुमार ने बताया कि एक बच्चे को मलबे से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया था, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। एसडीएम निशांत तोमर के मुताबिक कुछ क्षत-विक्षत मानव अंग भी मलबे से मिले हैं। करीब 9 से 10 लोगों के लापता होने की सूचना है, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल बताए जा रहे हैं। लापता सभी लोग नेपाली मूल के प्रवासी मजदूर बताए जा रहे हैं।

आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग, एसडीआरएफ, होमगार्ड, पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। अर्की फायर सर्विस के साथ-साथ शिमला के बायलूगंज, सोलन के बनलगढ़ और अंबुजा सीमेंट फैक्ट्री से भी दमकल गाड़ियां बुलानी पड़ी। करीब छह फायर टेंडरों और 10 से अधिक वाहनों से पानी का छिड़काव किया गया। जेसीबी मशीनों की मदद से मलबा हटाया जा रहा है।

स्थानीय फायर ऑफिसर आरके शर्मा के अनुसार सुबह करीब 6:30 बजे तक आग पर काबू पा लिया गया, लेकिन तलाशी और मलबा हटाने का काम अब भी जारी है। अधिकारियों का कहना है कि इमारतों के गिरने और आग की तीव्रता को देखते हुए हालात बेहद गंभीर हैं और जीवित बचने की संभावना कम नजर आ रही है।

प्रशासन के मुताबिक आग में करीब 10 से 15 दुकानें और 2 से 3 इमारतें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई हैं। प्रारंभिक तौर पर 11–12 दुकानों के पूरी तरह प्रभावित होने की बात सामने आई है। नुकसान का विस्तृत आकलन रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा होने के बाद किया जाएगा।

सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने जांच के दिए आदेश

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने घटना को अत्यंत हृदयविदारक बताया। उन्होंने सोलन के उपायुक्त को तत्काल राहत और बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थानीय विधायक संजय अवस्थी मौके पर मौजूद हैं और अभियान की निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने मृतक बच्चे के परिवार को तुरंत सहायता देने और पूरे मामले की जांच के आदेश दिए हैं।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर कहा कि अर्की बाजार में आग की घटना बेहद दुखद है और एक मासूम बच्चे की असमय मौत दिल को झकझोर देने वाली है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवार को यह दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की, साथ ही घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

अनिल शर्मा
अनिल शर्माhttp://bolebharat.in
दिल्ली विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में उच्च शिक्षा। 2015 में 'लाइव इंडिया' से इस पेशे में कदम रखा। इसके बाद जनसत्ता और लोकमत जैसे मीडिया संस्थानों में काम करने का अवसर मिला। अब 'बोले भारत' के साथ सफर जारी है...
RELATED ARTICLES

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें

Most Popular

Recent Comments

डॉ उर्वशी पर शबनम शेख़ की कहानी