नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने बुधवार को लोकसभा के अंदर का एक वीडियो शेयर कर दावा किया कि तृणमूल कांग्रेस (TMC) के नेता कीर्ति आजाद चल रहे सेशन के दौरान निचले सदन में वेपिंग (ई-सिगरेट पीना) कर रहे थे। बीजेपी के आई-टी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने दावा किया कि भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने संसद के अंदर वेपिंग करने का जिस TMC सांसद पर आरोप लगाया है, वह कोई और नहीं बल्कि कीर्ति आजाद हैं।
मालवीय ने एक्स पर लिखा, ‘उनके जैसे लोगों के लिए नियम और कानून साफ तौर पर कोई मायने नहीं रखते। जरा हिम्मत तो देखिए, सदन में रहते हुए अपनी हथेली में ई-सिगरेट छिपा रहे थे! धूम्रपान शायद गैर-कानूनी न हो, लेकिन संसद में इसका इस्तेमाल करना बिल्कुल गलत है। ममता बनर्जी को अपने सांसद के इस गलत व्यवहार पर सफाई देनी चाहिए।’
वहीं, भाजपा के एक्स हैंडल पर वीडियो शेयर करते हुए लिखा गया, ‘कीर्ति आजाद को ऐसी भी क्या तलब थी कि सदन की गरीमा का खयाल ही नहीं रखा और संसद में ही वेप करने लगे? दरअसल, ये देश के नियम, कानून और संस्थानों की कद्र ही नहीं करते। जो हाल आप देश का कर रहे हैं, देश जल्द ही आपकी पार्टी का वही हाल करेगा।’
अनुराग ठाकुर ने पिछले हफ्ते उठाया था मुद्दा
कुछ दिन पहले ही भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने लोकसभा स्पीकर ओम बिरला को एक लिखित शिकायत दी थी, जिसमें उन्होंने कथित तौर पर सदन के अंदर ई-सिगरेट इस्तेमाल करने के लिए तृणमूल कांग्रेस के एक सांसद के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। भाजपा सांसद ने पिछले हफ्ते गुरुवार को लोकसभा की कार्यवाही के दौरान यह मुद्दा उठाया, हालांकि उस समय उन्होंने तृणमूल सांसद का नाम नहीं लिया था।
हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर से सांसद अनुराग ठाकुर ने बाद में कथित उल्लंघन का ब्योरा देते हुए एक औपचारिक शिकायत दर्ज कराई। पत्र में ठाकुर ने कहा, ‘ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस के एक सांसद को सदन की बैठकों के दौरान बैठे हुए खुलेआम इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट इस्तेमाल करते देखा गया।’ उन्होंने आगे कहा कि यह हरकत सदन में मौजूद कई सदस्यों को ‘साफ दिखाई दे रही थी।’
लोकसभा सचिवालय के सूत्रों के अनुसार इस मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है, और कार्यवाही की रिकॉर्डिंग की जांच के बाद तय नियमों के अनुसार उचित कार्रवाई की जाएगी। ठाकुर ने कथित कृत्य को संसदीय आचरण का गंभीर उल्लंघन बताया, और इसे नियमों और कानूनी प्रावधानों का गंभीर उल्लंघन कहा। उन्होंने यह भी बताया कि उन्होंने गुरुवार को प्रश्नकाल के दौरान इस मुद्दे को स्पीकर के ध्यान में लाया था।
अपनी शिकायत में, भाजपा सांसद ने स्पीकर को याद दिलाया कि इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट (उत्पादन, निर्माण, आयात, निर्यात, परिवहन, बिक्री, वितरण, भंडारण और विज्ञापन) निषेध अधिनियम, 2019 के तहत पूरे देश में इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट का निर्माण, उत्पादन, आयात, निर्यात, परिवहन, बिक्री, (जिसमें ऑनलाइन बिक्री भी शामिल है) वितरण, भंडारण और विज्ञापन पूरी तरह से प्रतिबंधित है।
ई सिगरेट पर पिछले हफ्ते सौगत राय रहे थे सुर्खियों में
पिछले हफ्ते अनुराग ठाकुर द्वारा मुद्दा उठाए जाने के बाद कोई नाम सामने नहीं आया था। हालांकि, मामले के सुर्खियों में आने के कुछ ही देर बाद तृणमूल के सबसे सीनियर सांसद सौगत रॉय संसद भवन के परिसर में ई-सिगरेट पीते हुए देखे गए थे। तब केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह और गजेंद्र सिंह शेखावत ने उन्हें टोका भी था, जिसका वीडियो सुर्खियों में रहा था। सौगत रॉय को टोके जाने पर भी उन्होंने सिगरेट नहीं बुझाई थी और दिल्ली के पर्यावरण और प्रदूषणा का जिक्र करते हुए उलटे भाजपा की नीतियों पर सवाल करने लगे थे।

