नागपुरः महाराष्ट्र के नागपुर जिले में रविवार सुबह एक विस्फोटक निर्माण फैक्ट्री में हुए भीषण धमाके में कम से कम 17 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 18 अन्य घायल हो गए।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने घटना पर गहरा दुख जताया है। प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान में उन्होंने इस हादसे को अत्यंत दुखद बताया और मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से प्रत्येक मृतक के परिजन को 2 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की गई है।
यह हादसा कटोल तहसील के राउलगांव स्थित एसबीएल एनर्जी लिमिटेड के संयंत्र में हुआ, जहां खनन और औद्योगिक उपयोग के लिए विस्फोटक सामग्री तैयार की जाती है।
नागपुर ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक हर्ष पोद्दार के अनुसार, विस्फोट फैक्ट्री परिसर में हुआ। कंपनी प्रतिनिधियों ने बताया कि धमाका डेटोनेटर पैकिंग यूनिट में सुबह लगभग 7 बजे से 7:15 बजे के बीच हुआ। धमाके की तीव्रता इतनी अधिक थी कि आसपास के इलाके में दहशत फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और आपातकालीन टीमें मौके पर पहुंच गईं। राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) के जवानों ने स्थानीय बचाव दलों के साथ मिलकर राहत कार्य शुरू किया। जिला कलेक्टर विपिन इटंकर और एसपी हर्ष पोद्दार स्वयं घटनास्थल पर मौजूद रहे और बचाव अभियान की निगरानी करते रहे।
घायलों को तुरंत नागपुर के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। अधिकारियों के मुताबिक, सभी घायलों को जरूरी चिकित्सा सहायता दी जा रही है।
सीएम फड़नवीस ने मृतकों के परिजनों के लिए 5 लाख मुआवजे की घोषणा
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस ने भी इस घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और त्रासद बताया। उन्होंने कहा कि वे लगातार स्थानीय प्रशासन के संपर्क में हैं। राज्य सरकार की ओर से मृतकों के परिजनों को 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। इसके अलावा संबंधित कंपनी की ओर से भी मदद प्रदान की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने विस्फोट के कारणों की विस्तृत जांच के आदेश दे दिए हैं। उन्होंने बताया कि एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर तैनात हैं, जबकि पेट्रोलियम एवं विस्फोटक सुरक्षा संगठन और औद्योगिक सुरक्षा एवं स्वास्थ्य निदेशालय की टीमें भी जांच में जुट गई हैं।
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने भी सोशल मीडिया के माध्यम से हादसे पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
गौरतलब है कि एक दिन पहले आंध्र प्रदेश के काकीनाडा जिले में पटाखा फैक्ट्री में हुए विस्फोट में 21 लोगों की मौत हो गई थी।

