काराकास: वेनेजुएला की राजधानी काराकास में कई जगहों पर धमाके की खबर है। समाचार एजेंसी AFP के एक पत्रकार के अनुसार शनिवार तड़के करीब 2:00 बजे (स्थानीय समय) कराकस में तेज धमाकों की आवाज़ें सुनाई दीं। इनके साथ कम ऊंचाई पर हवाई जहाज उड़ने जैसी आवाजें भी आ रही थीं। इस घटना के कुछ देर बाद ही वेनेजुएला सरकार ने अमेरिका पर काराकास और मिरांडा, अरागुआ और ला गुएरा राज्यों पर हमला करने का आरोप लगाया। ये सभी बंदरगाह वाले इलाके हैं। इस घटनाक्रम के बीच वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो ने देश में इमरजेंसी की घोषणा कर दी है।
फिलहाल धमाकों की वजह साफ नहीं है, लेकिन यह सबकुछ ऐसे समय में हुआ है जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप बार-बार चेतावनी देते रहे हैं कि अमेरिका वेनेजुएला में कथित ड्रग तस्करी नेटवर्क के खिलाफ नई कार्रवाई करने की तैयारी कर रहा है। ट्रंप ने हाल में कैरिबियन क्षेत्र में एक नेवी टास्क फोर्स भी भेजी है और वेनेजुएला के खिलाफ जमीनी हमलों की संभावना जताई थी।
काराकास, जिसे आधिकारिक तौर पर सैंटियागो डे लियोन डे काराकास के नाम से जाना जाता है, वेनेजुएला की राजधानी और सबसे बड़ा शहर है। यह शहर वेनेजुएला के उत्तरी भाग में, कैरिबियन सागर के पास कॉर्डिलेरा डे ला कोस्टा पर्वत श्रृंखला में स्थित है।
ट्रंप ने दिया है हमले का आदेश!
इस बीच बीबीसी के अनुसार अमेरिकी अधिकारियों ने चैनल के अमेरिकी सहयोगी CBS न्यूज को बताया कि राष्ट्रपति ट्रंप ने वेनेजुएला के अंदर मिलिट्री ठिकानों समेत कई जगहों पर हमले का आदेश दिया था। CBS ने कहा कि पेंटागन ने कमेंट के लिए सभी रिक्वेस्ट व्हाइट हाउस को भेज दी है।
बीबीसी के अनुसार सूत्रों ने CBS न्यूज को बताया कि ट्रंप प्रशासन के अधिकारियों को शनिवार सुबह वेनेजुएला की राजधानी काराकास में हुए धमाकों और विमानों की आवाजाही की खबरों की जानकारी है।
वेनेजुएला में कहां-कहां हुए हैं धमाके?
सामने आई जानकारी के अनुसार वेनेजुएला की राजधानी काराकास में कई जगहों पर, जिनमें मिलिट्री ठिकाने मुख्य रूप से शामिल हैं, लगभग एक ही समय पर धमाकों की कई रिपोर्टें आईं। शहर के बीच में एक मिलिट्री एयरफील्ड ला कार्लोटा और मुख्य मिलिट्री बेस फुएर्टे ट्यूना के बारे में चश्मदीदों ने बताया कि ये क्षेत्र प्रभावित हुए हैं। दोनों जगहों पर धमाकों के वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। ये सभी वेनेजुएला के सैन्य और रणनीतिक लिहाज से अहम माने जाते हैं।
इस बीच आसपास के कई इलाकों में बिजली नहीं है। शहर के ऊपर से विमानों के उड़ने की भी अपुष्ट खबरें हैं। ये घटनाक्रम ऐसे समय में हुए हैं जब अमेरिका और वेनेजुएला के बीच तनाव काफी बढ़ा हुआ है, क्योंकि वाशिंगटन कैरिबियाई सागर क्षेत्र में कथित तौर पर ड्रग्स ले जा रही स्पीडबोट्स पर अपने मिलिट्री हमले जारी रखे हुए है।
अमेरिका का कहना है कि वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को अवैध तरीके से चुना गया था और वह ड्रग्स तस्करी में व्यक्तिगत रूप से शामिल हैं।
दूसरी ओर वेनेजुएला सरकार का कहना है कि वाशिंगटन की हाल की सभी कार्रवाई, जिसमें प्रतिबंधित तेल टैंकरों को जब्त करना शामिल है, ये राष्ट्रपति मादुरो को सत्ता से हटाने और वेनेजुएला के तेल भंडार पर नियंत्रण करने की कोशिश का हिस्सा है।

