Friday, October 10, 2025
Homeभारतलोकसभा चुनाव 2024ः यूपी में कैसे चला अखिलेश यादव का जादू, जानिए...

लोकसभा चुनाव 2024ः यूपी में कैसे चला अखिलेश यादव का जादू, जानिए सपा प्रवक्ता ने क्या कहा?

लखनऊः लोकसभा चुनाव 2024 में समाजवादी पार्टी देश की तीसरी सबसे बड़ी पार्टी उभरकर सामने आई। चुनाव नतीजों ने अखिलेश यादव को उत्साह से लबरेज कर दिया है। सपा ने यूपी की 80 सीटों में से 37 पर जीत दर्ज की है। प्रदेश में सपा के इस शानदार प्रदर्शन ने इंडिया गठबंधन में अखिलेश यादव की भूमिका काफी अहम कर दी है।

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि इस बार सूबे की जनता ने धार्मिक मुद्दों से हटकर अपने मुद्दों पर मतदान किया है। एक्स पर अखिलेश यादव ने लिखा कि ‘ये पीडीए के रूप में पिछड़े-दलित-अल्पसंख्यक-आदिवासी, आधी आबादी और अगड़ों में पिछड़े के उस मजबूत गठजोड़ की जीत है, जिसे हर समाज और वर्ग के अच्छे लोग अपने सहयोग व योगदान से और भी मजबूत बनाते हैं।⁠ ये नारी के मान और महिला-सुरक्षा के भाव की जीत है।’

इस बीच, सपा के शानदार प्रदर्शन पर प्रवक्ता फखरुल हसन चांद ने यूपी की जनता का आभार व्यक्त करते हुए पार्टी की जीत को लेकर काफी कुछ कहा है।  फखरुल हसन ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा देश की जनता ने इंडिया गठबंधन पर भरोसा जताया। इंडिया गठबंधन का समर्थन किया। समाजवादी पार्टी देश की तीसरी सबसे बड़ी पार्टी बनी है। हम उत्तर प्रदेश की जनता का आभार व्यक्त करते हैं। सपा प्रवक्ता ने कहा कि इंडिया गठबंधन में भविष्य की रणनीति पर फैसला किया जाएगा।

सपा के यूपी में शानदार प्रदर्शन की क्या रही वजह?

सपा प्रवक्ता ने एनडीए द्वारा प्रदेश की सभी 80 लोकसभा सीटों पर जीत दर्ज करने के दावे पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा, “सपने देखने में कोई टैक्स नहीं लगता है। देश में दूध और दही पर टैक्स है, लेकिन सपने देखने में कोई टैक्स नहीं है। आप सपने देख सकते हैं। वो सपने देख रहे थे, लेकिन जनता उनसे हकीकत में सवाल कर रही थी कि पेपर लीक क्यों हो रहा है? अग्निवीर जैसी योजनाएं क्यों लाई जा रही है? महंगाई क्यों बढ़ी हुई है? किसानों की आय अभी तक क्यों दोगुनी नहीं हुई?  फखरुल हसन ने कहा कि इन सवालों का जवाब भाजपा के पास नहीं है। भाजपा केवल सपने देख रही थी, लेकिन समाजवादी पार्टी जनता के मुद्दे उठा रही थी, इसलिए जो परिणाम आए हैं, वो सामने हैं कि जनता ने इंडिया गठबंधन का साथ दिया है।

समाजवादी पार्टी की पीडीए की रणनीति सफल हुई

सपा प्रवक्ता ने कहा कि, “समाजवादी पार्टी की पीडीए की रणनीति सफल हुई है। उत्तर प्रदेश के सभी परेशान युवाओं का, जो अग्निवीर योजनाओं से परेशान थे, उनका हमें साथ मिला है। जिन युवाओं को उत्तर प्रदेश सरकार ने नजरअंदाज करने का काम किया, हमें उन युवाओं का साथ मिला। आज जो आपको परिवर्तन नजर आ रहा है, वो उत्तर प्रदेश के युवाओं ने किया है।“

जब उनसे पूछा गया कि अब किसकी सरकार बनने जा रही है। इंडिया गठबंधन या एनडीए, तो इस पर सपा प्रवक्ता ने कहा ये चीजें बैठक में तय होगी। इसके बाद आगे की रणनीति पर फैसला ले लिया जाएगा कि किसकी सरकार बनानी है।

गौरतलब बात है कि नतीजों में जनता ने किसी को भी बहुमत नहीं दिया है। ना ही भाजपा के पास बहुमत है और ना ही इंडिया गठबंधन के पास बहुमत है। सपा प्रवक्ता ने कहा कि अब हमारी बैठक होगी। बैठक के बाद आगे की रणनीति पर फैसला किया जाएगा कि क्या करना है। देखते हैं कि किसका प्रयास सफल होता है, लेकिन हम उत्तर प्रदेश की जनता का धन्यवाद देते हैं कि उन्होंने समर्थन दिया।

–आईएएनएस इनपुट के साथ

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments

मनोज मोहन on कहानीः याद 
प्रकाश on कहानीः याद 
योगेंद्र आहूजा on कहानीः याद 
प्रज्ञा विश्नोई on कहानीः याद 
डॉ उर्वशी on एक जासूसी कथा