Friday, October 10, 2025
Homeभारतलोकसभा चुनाव 2024: वाराणसी से पीएम मोदी की हैट्रिक, मंडी से कंगना...

लोकसभा चुनाव 2024: वाराणसी से पीएम मोदी की हैट्रिक, मंडी से कंगना रनौत की संसद में एंट्री, जानें भाजपा के दूसरे बड़े नेताओं का कैसा रहा प्रदर्शन

नई दिल्ली: लोकसभा चुनाव 2024 की तस्वीर करीब-करीब साफ हो गई है। रुझानों और नतीजों में एनडीए 290 से ज्यादा सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। वहीं, इंडिया गठबंधन 220 से अधिक सीटों पर आगे है।

पूरे देश की निगाहें उत्तर प्रदेश की हॉट सीट वाराणसी पर टिकी रही। इस सीट से पीएम मोदी ने एक बार फिर से जीत हासिल की है। उन्होंने कांग्रेस उम्मीदवार अजय राय को भारी मतों से हराया है।

यही नहीं मंडी सीट से भाजपा प्रत्याशी कंगना रनौत ने भी बाजी मारी है। वे कांग्रेस विधायक विक्रमादित्य सिंह को भारी वोटों से हराया है। वहीं अगर बात करेंगे दिल्ली की तो भाजपा ने यहां अच्छा प्रदर्शन किया है और यहां के सभी सात सीटों पर भाजपा के उम्मीदवार आगे चल रहे हैं।

वाराणसी लोकसभा सीट से पीएम मोदी ने जीत हासिल की

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वाराणसी लोकसभा सीट से जीत की हैट्रिक लगाई है। उन्होंने कांग्रेस के प्रत्याशी अजय राय को डेढ़ लाख से अधिक वोटों से हरा दिया है। पीएम मोदी तीसरी बार वाराणसी लोकसभा सीट से चुनावी मैदान में उतरे थे।

पीएम मोदी को 6,12,970 वोट मिले हैं, वहीं कांग्रेस के अजय राय को 4,60,457 और बसपा के अतहर जमाल लारी को 33,766 प्राप्त हुए हैं।

पीएम मोदी वाराणसी सीट पर एक लाख 50 हजार 513 वोट से चुनाव में विजयी हुए हैं। पीएम मोदी के तीसरी बार काशी से विजयी होने पर भाजपा के कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर है।

कार्यकर्ताओ ने हाथों में पीएम मोदी की तस्वीर लेकर जश्न मनाया। साथ ही एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया। बता दें कि वाराणसी लोकसभा सीट पर सातवें और आखिरी चरण में एक जून को मतदान हुआ था।

कंगना रनौत ने कांग्रेस विधायक विक्रमादित्य सिंह को हराया

बॉलीवुड की ‘क्वीन’ और भाजपा प्रत्याशी कंगना रनौत ने मंगलवार को मंडी संसदीय क्षेत्र में पूर्व राजपरिवार के वंशज तथा कांग्रेस विधायक विक्रमादित्य सिंह के खिलाफ 74 हजार से ज्यादा वोटों से जीत दर्ज की है। कंगना को 5,37,022 मत मिले जबकि दूसरे स्थान पर रहे सिंह को 4,62,267 मद मिले हैं।

राज्य के सबसे कठिन और लगभग दो-तिहाई क्षेत्र को कवर करने वाले इस विशाल निर्वाचन क्षेत्र में विरासत और स्टारडम के बीच टकराव देखने को मिला है। इस सीट का प्रतिनिधित्व पहले प्रतिभा सिंह करती थीं, जो विक्रमादित्य की मां हैं।

वह मंडी से तीन बार सांसद रह चुकी हैं। इस परिवार का तत्कालीन क्योंथल राज्य के शाही परिवार से संबंध हैं। उन्होंने फिर से मैदान में उतरने से इनकार कर दिया था जिसके बाद विक्रमादित्य सिंह ने चुनाव लड़ा था।

भाजपा नेता मनोज तिवारी भी हैं जीत की ओर

लोकसभा चुनाव को लेकर सामने आ रहे रुझान अब अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच गए हैं। कुछ देर बाद ये नतीजों में तब्दील हो जाएंगे। मौजूदा रुझान एनडीए के पक्ष में नजर आ रहे हैं, लेकिन आंकड़ों के दृष्टिकोण से देखें तो इस बार बीजेपी को नुकसान पहुंचा है, लेकिन राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की सातों लोकसभा सीटों पर बीजेपी बढ़त बनाए हुए है।

दिल्ली में सभी सातों सीटों पर बीजेपी के उम्मीदवार विजयी परचम लहराते हुए दिख रहे हैं। जिस पर बीजेपी नेता मनोज तिवारी का भी बयान सामने आया है।

आंकड़ों पर मनोज तिवारी ने कहा, “मैं उत्तर पूर्वी दिल्ली के साथ-साथ पूरी दिल्ली की जनता को धन्यवाद देना चाहता हूं। पार्टी ने जिस तरह से तीसरी बार टिकट देकर कर हम पर भरोसा जताया था, उसके बाद हमारा कर्तव्य था कि हम लोग दिल्ली की सातों सीटें जीतें। हम दिल्ली की सातों सीट जीत रहे हैं। इसके लिए मैं दिल्ली की जनता का आभार व्यक्त करना चाहता हूं। मैं दिल्ली के प्रत्येक व्यक्ति का दिल से धन्यवाद देता हूं।“

बता दें कि नॉर्थ ईस्ट दिल्ली से मनोज तिवारी अपने निकटतम प्रतिद्वंदी कन्हैया कुमार को पटखनी देते हुए विजयी परचम लहराते दिख रहे हैं। इसके लिए उन्होंने दिल्ली की जनता का आभार व्यक्त किया। इसके साथ ही वो जीत की हैट्रिक लगाने में भी सफल हुए हैं।

इससे पहले वो 2014 और 2019 में भी जीत का परचम लहरा चुके हैं, जिसे ध्यान में रखते हुए पार्टी ने उन्हें इस बार भी चुनावी मैदान में उतारा था। वहीं, कांग्रेस ने उनके विरोध में कन्हैया कुमार पर दांव लगाया था।

कांग्रेस प्रत्याशी से हार रही है स्मृति ईरानी

यूपी के अमेठी सीट से चुनाव लड़ रही है स्मृति ईरानी को कांग्रेस प्रत्याशी किशोरी लाल के हाथों हार का सामना करना पड़ रहा है। वे किशोरी लाल से एक लाख 65 हजार 926 वोटों से पीछे चल रही हैं। लगभग नतीजे के सामने आने के बाद इस पर स्मृति ईरानी का रिएक्शन भी आया है।

स्मृति ईरानी ने कहा है कि “आज जो चुनाव जीत हैं उनको बधाई आशा है जैसे हमने जनता की समस्या की सुना है उसी तरह से वह भी जनता के लिए काम करेंगे। मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त करती हूं। सभी भाजपा के कार्यकर्ताओं को धन्यवाद। अमेठी की जनता का आभार की उन्होंने मुझे पांच साल सेवा करने का मौका दिया।”

हमीरपुर सीट से जीतें अनुराग ठाकुर

हिमाचल प्रदेश की हमीरपुर लोकसभा सीट से भाजपा नेता अनुराग ठाकुर की जीत हुई है। पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल के बेटे की ये उनकी पांचवी जीत है। उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी सतपाल रायजादा को लगभग दो लाख वोटों से हराया है। भाजपा नेता अनुराग ठाकुर को 6,07,068 वोट मिले हैं जबकि कांग्रेस के सतपाल रायजादा ने 4,24,711 वोट मिला है।

केरल के तिरुवनंतपुरम सीट से हारे भाजपा नेता

मोदी सरकार में मंत्री राजीव चंद्रशेखर केरल के तिरुवनंतपुरम सीट से चुनाव लड़ रहे थे। शुरुआते रुझान में वे कांग्रेस नेता से आगे चल रहे थे लेकिन बाद में बड़ा उलट फेर हुआ और इस सीट से कांग्रेस उम्मीदवार शशि थरूर की लगातार चौथी बार जीत हुई है। शशि थरूर ने भाजपा नेता को 16 हजार वोटों के अंतर से हराया है।

समाचार एजेंसी आईएएनएस के इनपुट के साथ

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments

मनोज मोहन on कहानीः याद 
प्रकाश on कहानीः याद 
योगेंद्र आहूजा on कहानीः याद 
प्रज्ञा विश्नोई on कहानीः याद 
डॉ उर्वशी on एक जासूसी कथा