Friday, October 10, 2025
Homeभारतलोकसभा चुनाव: पांचवें चरण में 49 सीटों पर वोटिंग, किस राज्य में...

लोकसभा चुनाव: पांचवें चरण में 49 सीटों पर वोटिंग, किस राज्य में कितनी सीटों पर मतदान…किन दिग्गजों पर है नजर?

दिल्ली: लोकसभा चुनाव-2024 के पांचवें चरण के तहत सोमवार (20 मई) को दो केंद्र शासित प्रदेशों के साथ उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र सहित छह राज्यों के 49 निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान हो रहा है। इसके साथ ही ओडिशा के 35 विधानसभा क्षेत्रों में भी मतदान हो रहा है, जहां से मुख्यमंत्री नवीन पटनायक उम्मीदवार हैं। लोकसभा चुनाव की बात करें तो पांचवें चरण में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल, स्मृति ईरानी समेत कई दिग्गज मैदान में हैं। इसके अलावा जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला भी मैदान में हैं। पांचवें चरण में देश भर में कुल 695 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला मतदाता करेंगे।

पांचवां चरण: इन राज्यों में हो रहा मतदान

पांचवें चरण में जिन राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में मतदान हो रहा है, उनमें हैं- महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड, ओडिशा, उत्तर प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख। इनमें महाराष्ट्र की 13, उत्तर प्रदेश की 14, पश्चिम बंगाल की सात, बिहार की पांच, झारखंड की तीन, ओडिशा की पांच, जम्मू-कश्मीर की एक और लद्दाख की एक सीट शामिल है।

उत्तर प्रदेश की 14 सीटे हैं – रायबरेली, लखनऊ, मोहनलाल गंज, हमीरपुर, अमेठी, गोंडा, जालौन, झांसी, फैजाबाद, बांदा, फतेहपुर, कैसरगंज, कौशांबी, बाराबंकी।
महाराष्ट्र की 13 सीटे हैं- मुंबई उत्तर पश्चिम, मुंबई उत्तर, मुंबई दक्षिण मध्य, मुंबई दक्षिण, मुंबई उत्तर मध्य, मुंबई उत्तर पूर्व, पालघर, धुले, भिवंडी, ढिंढोरी, कल्याण, नाशिक और ठाणे।
पश्चिम बंगाल की 7 सीटें – श्रीरामपुर, बनगांव, आरामबाग, बैरकपुर, हुगली, हावड़ा, उलुबेरिया।
बिहार में सीतामढ़ी, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, सारण और हाजीपुर में मतदान।
झारखंड की तीन सीटों चतरा, कोडरमा, हजारीबाग।
ओडिशा की पांच सीटें- कंधमाल, बरगढ़, बोलनगीर, आस्का और सुंदरगढ़।
पश्चिम बंगाल की 7 सीटें – श्रीरामपुर, बनगांव, आरामबाग, बैरकपुर, हुगली, हावड़ा, उलुबेरिया।
लद्दाख में एक सीट- लद्दाख।
जम्मू कश्मीर में एक सीट – बारामूला।

लोकसभा चुनाव: ये दिग्गज हैं मैदान में

लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण में कुछ प्रमुख उम्मीदवारों की बात करें तो कांग्रेस के राहुल गांधी यूपी की रायबरेली सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं, केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ​​​​अमेठी सीट से मैदान में हैं। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह लखनऊ से, बृज भूषण शरण सिंह के बेटे करण भूषण सिंह कैसरगंज से, राजद सुप्रीमो और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद की बेटी रोहिणी आचार्य सारण से मैदान में हैं। इनका मुकाबला भाजपा नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रूढ़ी से है। इसके अलावा बिहार के हाजीपुर से चिराग पासवान, केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल मुंबई उत्तर से और नेशनल कॉन्फ्रेंस के उपाध्यक्ष उमर अब्दुल्ला बारामूला से चुनाव लड़ रहे हैं।

पांचवां चरण: ये बड़ी बातें भी जान लीजिए

पांचवें चरण में 8.95 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 4.69 करोड़ पुरुष और 4.26 करोड़ महिला वोटर हैं। 5409 थर्ड जेंडर मतदाता हैं। इस चरण में 85 साल से अधिक के 7.81 लाख से अधिक मतदाता पंजीकृत हैं। इसके अलावा 100 साल से अधिक के 24792 मतदाता हैं। वहीं, 7.03 लाख दिव्यांग (पीडब्ल्यूडी) मतदाता हैं।

लोकसभा चुनाव के पहले चार चरणों में अब तक लगभग 66 प्रतिशत मतदान हुआ है। इसमें 45 करोड़ 10 लाख मतदाता वोट दे चुके हैं। लोकसभा चुनाव इस बार 7 चरणों में हो रहे हैं। आखिरी और सातवें चरण की वोटिंग 1 जून को है। अभी तक 379 लोकसभा सीटों पर शुरुआती चार चरण में वोट डाले जा चुके हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments

मनोज मोहन on कहानीः याद 
प्रकाश on कहानीः याद 
योगेंद्र आहूजा on कहानीः याद 
प्रज्ञा विश्नोई on कहानीः याद 
डॉ उर्वशी on एक जासूसी कथा