Friday, October 10, 2025
Homeभारतवकील जय अनंत देहाद्राई का आरोप, करण थापर शशि थरूर पर लगा...

वकील जय अनंत देहाद्राई का आरोप, करण थापर शशि थरूर पर लगा यौन उत्पीड़न का मामला दबाना चाहते थे

सुप्रीम कोर्ट के शीर्ष वकीलों में गिने जाने वाले और टीएमसी नेता महुआ मोइत्रा के कभी करीबी मित्र रहे जय अनंत देहाद्राई ने वरिष्ठ पत्रकार करण थापर पर तीखा हमला कर बड़ा विवाद खड़ा कर दिया है। दरअसल, जय अनंत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक कथित मैसेज का स्क्रिनशॉट साझा किया है। इसके साथ ही उन्होंने आरोप लगाया 11 अक्टूबर, 2022 के एक यौन उत्पीड़न के मामले में करण थापर ने शशि थरूर को बचाने में अपना पूरा जोर लगा दिया।

पोस्ट के साथ जो मैसेज संलग्न है, उसे देखकर ऐसा लगता है कि जय अनंत ये कह रहे हैं कि वह मैसेज उन्हें करण थापर ने ही किया था। बहरहाल, इस पोस्ट के बाद से करण थापर का नाम सोशल मीडिया पर ट्रेंड भी कर रहा है। यह पूरा विवाद क्या है, इसके बारे में विस्तार से जानने से पहले यह जानना जरूरी है कि जय अनंत अपने पोस्ट में क्या लिखा है। इसके अलावा महुआ मोइत्रा के जय अनंत से गहरे विवाद की भी चर्चा करेंगे, जबकि दोनों कभी गहरे मित्र रहे थे।

जय अनंत देहाद्राई ने करण थापर को लेकर X पर क्या लिखा है?

जय अनंत देहाद्राई ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, ‘करण थापर एक विकृत और भ्रष्ट मॉन्सटर हैं- उनका सौम्य और मुखर होना बस एक छलावा है। पीड़िता का साथ देने की बजाय उन्होंने होटल में यौन उत्पीड़न की 11 अक्टूबर, 2022 की घटना में गंदे शशि को मुझसे बचाने के लिए भरसक प्रयास किया। लुटियंस की गंदगी हैरान करने वाली है।’

एक्स पर इस पोस्ट के साथ जय अनंत ने एक मैसेज का स्क्रिनशॉट भी डाला है, जिसकी तारीख 15 अक्टूबर, 2022 नजर आ रही है। यानी कथित उत्पीड़न की घटना के चार दिन बाद यह मैसेज किया गया होगा। इस मैसेज में अंग्रेजी में जो लिखा है, उसका मजमून कुछ यूं है कि मैसेज करने वाला उक्त उत्पीड़न की घटना को लेकर बातें सार्वजनिक नहीं करने को कहा रहा है। साथ ही ये भी कह रहा है कि इससे ‘पीड़िता’ (नाम छुपा हुआ) की मर्यादा और राजनीतिक करियर भी बर्बाद हो जाएगा। इसमें ये भी लिखा है कि इन बातों से शशि को कोई भी फर्क नहीं पड़ेगा क्योंकि वह ऐसे भी चुनाव हारने वाले हैं।

यहां संभवत: कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव का जिक्र है, जिसके लिए वोटिंग 17 अक्टूबर 2022 को हुई थी। अध्यक्ष पद की दौड़ में मल्लिकार्जुन खड़गे के खिलाफ शशि थरूर ही मैदान में थे।

क्या है 11 अक्टूबर 2022 की घटना?

दरअसल, जय अनंत ने 6 दिसंबर 2023 को एक्स पर पोस्ट कर कांग्रेस सांसद शशि थरूर पर 11 अक्टूबर 2022 को दिल्ली के ताज होटल में उनके और महुआ मोइत्रा की मौजूदगी में एक महिला से छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया था। बाद में जय अनंत ने वह पोस्ट डिलीट कर दी थी। हालांकि तब तक इस पोस्ट को कई लोगों ने अपने वॉल पर भी रिपोस्ट कर लिया था। स्क्रिनशॉट वायरल होने लगे थे। अमित मालवीय ने भी उस पोस्ट के स्क्रिनशॉट को एक अन्य यूजर्स के माध्यम से रिपोस्ट किया था।

महुआ मोइत्रा और जय अनंत के बीच विवाद क्यों?

महुआ मोइत्रा पर संसद में सवाल पूछने के बदले उद्योगपतियों से कैश और महंगे गिफ्ट लेने के आरोप सबसे पहले जय अनंत की ओर से ही लगाए गए थे। उन्होंने सीबीआई से इस मामले की शिकायत की थी। इसके बाद से इस मामले को भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के सामने उठाया था। मामला फिर एथिक्स कमेटी के पास गया और उसकी रिपोर्ट के आधार पर लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने महुआ मोइत्रा की संसद सदस्‍यता रद्द कर दी थी।

दोनों के रिश्तों में खटास अब इस कदर है कि जय अनंत ने महुआ मोइत्रा पर उनकी जासूसी करने, बिना बताए उनके घर में दाखिल होने जैसे आरोप तक लगाए हैं। जय अनंत देहाद्राई और महुआ मोइत्रा हाल में अपने एक पालतू कुत्‍ते हेनरी को लेकर कस्‍टडी की लड़ाई में भी उलझे हुए थे। हेनरी एक रॉटवीलर कुत्ता है जो ये दोनों अपने घर लाए थे। रिश्तों में कड़वाहट के बाद इस पर अधिकार को लेकर मामला सुर्खियों में रहा। इस डॉग को 75 हजार रुपये में खरीदा गया था।

मोइत्रा ने दावा किया था कि जय अनंत पिछले साल मार्च में उनके आधिकारिक आवास में जबरदस्ती घुसे और कुछ निजी संपत्ति, पेंटिंग और हेनरी को चुरा ले गए, जिन्हें उन्होंने बाद में वापस कर दिया। इसी तरह सितंबर में भी उनके घर में घुसने की कोशिश की गई जिसके बाद टीएमसी नेता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। मोइत्रा संसद में सवाल के बदले पैसे के आरोप को भी निराधार बताती रही हैं। बहरहाल, यह अब भी पूरी तरह साफ नहीं है कि महुआ मोइत्रा और जय अनंत के बीच विवाद की शुरुआत क्यों और कैसे हुई?

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments

मनोज मोहन on कहानीः याद 
प्रकाश on कहानीः याद 
योगेंद्र आहूजा on कहानीः याद 
प्रज्ञा विश्नोई on कहानीः याद 
डॉ उर्वशी on एक जासूसी कथा