Friday, October 10, 2025
Homeभारतलॉ कॉलेज गैंगरेप मामला: विरोध प्रदर्शन के दौरान हिरासत में लिए गए...

लॉ कॉलेज गैंगरेप मामला: विरोध प्रदर्शन के दौरान हिरासत में लिए गए केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार

कोलकाता के लॉ कॉलेज में गैंगरेप की घटना के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे केंद्रीय मंत्री और पश्चिम बंगाल भाजपा अध्यक्ष सुकांत मजूमदार को शनिवार को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। भाजपा का यह विरोध प्रदर्शन गरियाहाट क्रॉसिंग पर आयोजित किया गया था, जहां कार्यकर्ताओं ने पार्टी के झंडे लहराते हुए पुलिस बैरिकेड्स पार करने की कोशिश की। हिरासत में लिए जाने के दौरान मजूमदार ने मीडिया से कहा, “यह है पश्चिम बंगाल में लोकतंत्र का चेहरा। ममता बनर्जी ने राज्य में लोकतंत्र को बर्बाद कर दिया है… पुलिस ने मुझे और हमारे कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया है।”

मजूमदार ने गिरफ्तारी की तस्वीरें भी अपने एक्स पर साझा कीं और ममता सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने लिखा, “कोलकाता लॉ कॉलेज की छात्रा के साथ तृणमूल कांग्रेस से जुड़े छात्र नेता मनोजित मिश्रा और उसके साथियों द्वारा रात के अंधेरे में जिस बर्बरता से सामूहिक बलात्कार किया गया, उसके विरोध में जब आज दक्षिण कोलकाता के गरियाहाट मोड़ पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित विशेष विरोध प्रदर्शन में भाग लेने पहुंचे, तो लोकतंत्र की हत्या करने वाली विफल मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के इशारे पर तृणमूल की कठपुतली बन चुकी कोलकाता पुलिस ने मुझे और भाजपा के राज्य व जिला नेतृत्व को अन्यायपूर्ण रूप से गिरफ्तार कर लिया।

एक अन्य पोस्ट में मजूमदार ने लिखा कि राज्य की तानाशाह मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के शासन में कानून का शासन समाप्त हो चुका है। अब शासन का उद्देश्य केवल विपक्ष की आवाज़ को दबाना रह गया है। इसीलिए जब हम गरियाहाट में एक छात्रा के साथ हुए इस नृशंस सामूहिक बलात्कार के खिलाफ शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन कर रहे थे, तभी हमें जबरन हिरासत में ले लिया गया।

भाजपा नेता ने कहा कि हम इस अन्याय के खिलाफ आवाज उठाते रहेंगे। तृणमूल कांग्रेस रूपी इस अराजकता की जड़ को पश्चिम बंगाल से उखाड़ फेंकने तक हमारी यह लड़ाई जारी रहेगी। कोई भी अपराधी गिरोह, कोई भी बैरिकेड, और कोई भी राजनीतिक पुलिस हमें रोक नहीं सकती। हम पश्चिम बंगाल को पाप और अन्याय से मुक्त करके ही रहेंगे।”

इधर, आरोपियों में से एक के पिता ने भी बयान दिया है कि यदि उनका बेटा दोषी पाया जाता है, तो उसे सख्त सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा, “सबसे पहले मैं एक भारतीय नागरिक हूं, उसके बाद एक पिता। मामला न्यायालय में विचाराधीन है और पुलिस जांच कर रही है। हमें न्यायपालिका और कोलकाता पुलिस पर पूरा भरोसा है।”

इस बीच, भारतीय जनता पार्टी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एक चार-सदस्यीय जांच समिति का गठन किया है। यह समिति भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के निर्देश पर बनाई गई है और इसमें पूर्व केंद्रीय मंत्री सतपाल सिंह, मीनाक्षी लेखी, राज्यसभा सांसद बिप्लब देब और वरिष्ठ अधिवक्ता मनन मिश्रा शामिल हैं। समिति जल्द ही घटना स्थल का दौरा कर अपनी रिपोर्ट राष्ट्रीय अध्यक्ष को सौंपेगी।

भाजपा की ओर से जारी पत्र में कहा गया, “पश्चिम बंगाल में कोलकाता लॉ कॉलेज की छात्रा के साथ हुए सामूहिक बलात्कार की नृशंस घटना की भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने कठोर निंदा की है और राज्य की कानून व्यवस्था पर गंभीर चिंता व्यक्त की है।”

इस घटना से जुड़े ताजा घटनाक्रम में पुलिस ने कॉलेज के सुरक्षा गार्ड पिनाकी बनर्जी (55) को भी गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले मुख्य आरोपी मोनोजित मिश्रा (31), जैब अहमद (19) और प्रमित मुखोपाध्याय (20) को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार किया गया था। तीनों आरोपी या तो कॉलेज के पूर्व छात्र हैं या स्टाफ से जुड़े रहे हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments

मनोज मोहन on कहानीः याद 
प्रकाश on कहानीः याद 
योगेंद्र आहूजा on कहानीः याद 
प्रज्ञा विश्नोई on कहानीः याद 
डॉ उर्वशी on एक जासूसी कथा