Friday, October 10, 2025
Homeविश्वमोहम्मद अल-फयाद को लेकर डॉक्यूमेंट्री में चौंकाने वाले खुलासे, महिला कर्मचारियों से...

मोहम्मद अल-फयाद को लेकर डॉक्यूमेंट्री में चौंकाने वाले खुलासे, महिला कर्मचारियों से रेप और यौन उत्पीड़न के आरोप

काहिरा: मिस्र के दिवंगत अरबपति और लक्जरी डिपार्टमेंट स्टोर हैरोड्स (Harrods) के पूर्व मालिक मोहम्मद अल-फयाद को लेकर दावा किया गया है कि उन्होंने अपनी कुछ पूर्व महिला कर्मचारियों के साथ बलात्कार और यौन शोषण किया था।

बीबीसी की एक डॉक्यूमेंट्री में यह दावा किया गया है। ‘अल-फयाद: प्रीडेटर एट हैरोड्स’ में दावा किया गया है कि इस शख्स ने लक्जरी डिपार्टमेंट स्टोर में काम करने के दौरान पांच महिलाओं के साथ बलात्कार किया। इसके अलावा कम से कम 15 अन्य का यौन शोषण किया।

मोहम्मद अल-फयाद का पिछले साल 94 वर्ष की आयु में निधन हो गया था। फयाद ने साल 2010 में हैरोड्स को कतर को बेच दिया था। कई महिला पीड़ितों ने बीबीसी को बताया कि उनके साथ कथित यौन दुर्व्यवहार लंदन, पेरिस, सेंट-ट्रोपेज और अबू धाबी तक में हुआ।

महिलाओं ने खोले चौंकाने वाले राज

बीबीसी की डॉक्यूमेंट्री में एक महिला ने बताया कि जब वो टिनएजर थी, तब उसके साथ अल-फयाद के अपार्टमेंट में बलात्कार किया गया। महिला ने बीबीसी को बताया, ‘मोहम्मद अल-फयाद एक राक्षस था, एक यौन शिकारी जिसके पास कोई दया नहीं थी।’ तीन अन्य महिलाओं ने कहा कि उनके साथ भी अपार्टमेंट में बलात्कार किया गया।

एक महिला ने बीबीसी को बताया कि अल-फयाद ने पेरिस में अपने विला विंडसर अपार्टमेंट में उसके साथ बलात्कार किया। इसके बाद महिला को कीटाणुनाशक से नहाने पर मजबूर किया। महिला ने कहा, ‘जाहिर तौर पर वह चाहता था कि मैं अपने आसपास कहीं भी उसके होने का कोई भी निशान मिटा दूं।’

बीबीसी डॉक्यूमेंट्री निर्माताओं ने कहा है कि नेटफ्लिक्स की एक सीरीज ‘द क्राउन’ में अल-फयाद के सहानुभूति वाले चित्रण को देखने के बाद ये महिलाएं आगे आईं। इस नेटफ्लिक्स सीरीज के एक एपिसोड में प्रिंस चार्ल्स से तलाक के बाद अल-फयाद के बेटे डोडी के साथ प्रिंसेस डायना के रिश्ते की कहानी का जिक्र किया गया है। डायना और डोडी की 1997 में एक कार दुर्घटना में मौत हो गई थी। इसके बाद अल-फयाद ने इन मौतों में ब्रिटिश शाही परिवार की भूमिका को साबित करने के लिए एक लंबी कानूनी लड़ाई लड़ी, लेकिन सफल नहीं हुए।

हैरोड्स ग्रुप ने क्या कहा?

बीबीसी के डॉक्यूमेंट्री को लेकर इस बीच हैरोड्स ने कहा, ‘हम मोहम्मद अल-फयाद द्वारा किए गए दुर्व्यवहार के आरोपों से पूरी तरह से स्तब्ध हैं। ये एक ऐसे व्यक्ति की हरकतें थीं जो जहां भी काम करता था अपनी शक्ति का दुरुपयोग करने का इरादा रखता था और हम इसकी कड़ी शब्दों में निंदा करते हैं। हम यह भी स्वीकार करते हैं कि इस दौरान एक बिजनेस के रूप में हमने अपने कर्मचारियों का भरोसा तोड़ जो उसके शिकार थे और इसके लिए हम ईमानदारी से माफी मांगते हैं।’

बयान में आगे कहा गया है, ‘आज का हैरोड्स 1985 और 2010 के बीच अल-फयाद के स्वामित्व और नियंत्रण वाले संगठन से बहुत अलग है। यह एक ऐसा संगठन है जो हमारे हर काम के केंद्र में हमारे कर्मचारियों के कल्याण को रखना चाहता है।’

हैरोड्स ने कहा कि 2023 में नई जानकारी सामने आने के बाद से उन्होंने दावों को जल्द से जल्द निपटाने को प्राथमिकता दी है। कंपनी ने कहा, ‘हालांकि हम अतीत को नहीं बदल सकते लेकिन हम एक संगठन के रूप में सही काम करने के लिए दृढ़ हैं, जो हमारे आज के मूल्यों से प्रेरित है। साथ ही यह सुनिश्चित करते हैं कि इस तरह का व्यवहार भविष्य में कभी दोहराया नहीं जा सकता है।’

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments

मनोज मोहन on कहानीः याद 
प्रकाश on कहानीः याद 
योगेंद्र आहूजा on कहानीः याद 
प्रज्ञा विश्नोई on कहानीः याद 
डॉ उर्वशी on एक जासूसी कथा