Friday, March 20, 2026
Homeखेलकूदखो-खो विश्व कप : देसी खेल से लेकर वैश्विक पटल तक, जानें...

खो-खो विश्व कप : देसी खेल से लेकर वैश्विक पटल तक, जानें खो-खो का पूरा इतिहास

दिल्ली : दिल्ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में आज से खो-खो विश्व कप का आगाज हो रहा है। खो-खो को लंबे समय तक एक देसी खेल माना गया है लेकिन अब यह खेल देसी न रहकर वैश्विक स्तर पर छा रहा है। 13-19 जनवरी के बीच विश्व कप का आयोजन किया होगा। खो-खो के इस पहले विश्व कप के आयोजन में भारत की अग्रणी भूमिका रही है। ऐसे में जानेंगे कि इस विश्व कप में किन देशों की टीमें हिस्सा ले रही हैं और यह भी जानेंगे कि कैसे इस खेल का प्रसार वैश्विक स्तर पर हुआ?

कौन-सी टीमें ले रही हैं हिस्सा

खो-खो विश्व कप में 23 देशों की टीमें हिस्सा ले रही हैं। इनमें पुरुषों की 20 टीमें और महिलाओं की 19 टीमें शामिल हैं। इस टूर्नामेंट में नेपाल, भूटान, श्रीलंका, बांग्लादेश, अमेरिका, अर्जेंटीना, साउथ अफ्रीका, केन्या, घाना, इंग्लैंड, जर्मनी, नीदरलैंड, न्यूजीलैंड की टीमें हिस्सा ले रही हैं। इस विश्व कप का आयोजन करने में भारतीय खो-खो फेडरेशन के अध्यक्ष सुधांशू मित्तल का अहम योगदान है। सुधांशू मित्तल ने कहा है कि इस विश्व कप का आयोजन खो-खो फेडरेशन की कड़ी मेहनत का फल है। इसके साथ ही इस खेल को वैश्विक स्तर पर लोकप्रिय बनाने में भी फेडरेशन का महत्व है और 50 से अधिक देशों में यह खेल खेला जाता है।

सलमान खान हैं ब्रांड एंबेसडर

इस स्वदेशी खेल को अब वैश्विक स्तर पर ख्याति मिल रही है। ऐसे में विश्व कप के आयोजन से इसे और पसंद किया जाएगा। सलमान खान को खो-खो विश्व कप के लिए ब्रांड एंबेसडर बनाया गया है। इससे पहले ओलंपिक गोल्ड मेडल विजेता नीरज चोपड़ा ने भी इस विश्व कप का समर्थन किया है और लोगों से प्रोत्साहन की अपील की है।
चूंकि यह भारत का पारंपिक खेल है, इसलिए इस विश्व कप में भारत का दबदबा माना जा रहा है। हालांकि भारतीय टीम के कोच का मानना है कि नेपाल और इंग्लैंड की टीम भारतीय टीम को चुनौती दे सकती हैं।

खिलाड़ियों ने क्या कहा?

विश्व कप के आयोजन को लेकर खिलाड़ी काफी खुश हैं। भारतीय महिला खो-खो टीम की पूर्व कप्तान नसरीन शेख का कहना है कि विश्व कप के आयोजन से इस खेल को एक नई पहचान मिलेगी। नसरीन शेख भारतीय महिला खो-खो टीम का हिस्सा हैं और उन्हें अर्जुन अवार्ड से सम्मानित भी किया जा चुका है। भारतीय महिला टीम की कमान प्रियंका इंगले संभाल रही हैं। वहीं, भारतीय पुरुष टीम की कमान प्रतीक किरण वाइकर संभाल रहे हैं। वह एक बेहतरीन खिलाड़ी हैं।

कितने खिलाड़ी लेते हैं हिस्सा?

इस खेल में 2 टीमें आमने-सामने होती हैं और प्रत्येक टीम में 12 खिलाड़ी होते हैं। हालांकि, मैदान पर 9 खिलाड़ी ही उतरते हैं बाकी के 3 खिलाड़ी सब्सटिट्यूट के तौर पर खेलते हैं। वहीं, डिफेंडिंग टीम की तरफ से 3 खिलाड़ी मैदान में उतारे जाते हैं और चेजिंग टीम इन खिलाड़ियों को खो यानी आउट करती है। जब डिफेंडिंग टीम के तीनों खिलाड़ी आउट हो जाते हैं, तब डिफेंडिंग टीम की ओर से 3 और खिलाड़ी मैदान में भेजे जाते हैं।

इस विश्व कप का प्रसारण डिज्नी प्लस हॉटस्टार किया जा रहा है। भारतीय पुरुष टीम का मुकाबला आज रात 8 बजकर 30 मिनट पर नेपाल से होगा।

अमरेन्द्र यादव
अमरेन्द्र यादव
लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति शास्त्र में स्नातक करने के बाद जामिया मिल्लिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई। जागरण न्यू मीडिया में बतौर कंटेंट राइटर काम करने के बाद 'बोले भारत' में कॉपी राइटर के रूप में कार्यरत...सीखना निरंतर जारी है...
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments