देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू का दिल्ली में पहला आधिकारिक आवास बिक गया है। यह बंगला दिल्ली में लुटियंस जोन में 17 यॉर्क रोड (अब मोतीलाल नेहरू मार्ग) में स्थित है। जल्द इस बंगले का नया मालिक होगा। इस डील को देश की सबसे महंगी प्रॉपर्टी डील में से एक बताया जा रहा है।
इकोनॉमिक्स टाइम्स की एक रिपोर्ट के अनुसार इस डील के बारे में करीब से जानने वाले दो लोगों ने इसकी पुष्टि की है। रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि बंगले के मालिकों की ओर से इसके लिए 1400 करोड़ रुपये की मांग की गई थी। यह बंगला 14,973 वर्ग मीटर (3.7 एकड़) में फैला है। रिपोर्ट के अनुसार देश में पेय उद्योग (beverage industry) से जुड़े एक बड़े कारोबारी ने 1100 करोड़ रुपये में इसे खरीदने की डील को आखिरकार फाइनल कर लिया।
अब डील अपने अंतिम चरण में है। देश की एक अग्रणी कानूनी फर्म ने डील के लिए अंतिम चरण के रूप में एक सार्वजनिक नोटिस जारी किया है। इसका मकसद ये पता लगाना है कि बंगले को लेकर किसी और पक्ष का कोई दावा तो नहीं है। लॉ फर्म ने नोटिस में कहा है उनका मुवक्किल बंगला खरीदना चाहता है। फर्म ने संपत्ति पर दावा करने वाले किसी भी अन्य व्यक्ति से 7 दिनों के भीतर रिपोर्ट करने को कहा है, अन्यथा यह मान लिया जाएगा कि इसका मालिक या इस पर किसी और का कोई दावा नहीं है।
नोटिस में कहा गया है, ‘हमारे क्लायंट प्लॉट संख्या 5, ब्लॉक संख्या 14, 17, मोतीलाल नेहरू मार्ग (पूर्व में यॉर्क रोड), नई दिल्ली में स्थित आवासीय संपत्ति का अधिग्रहण करने के इच्छुक हैं, जिसका क्षेत्रफल 14,973.383 वर्ग मीटर है। इसके लिए हम उक्त संपत्ति के वर्तमान मालिकों, राज कुमारी कक्कड़ और बीना रानी के स्वामित्व की जांच कर रहे हैं। उक्त संपत्ति के संबंध में किसी भी अधिकार का दावा करने वाला कोई भी व्यक्ति हमें 7 दिनों के भीतर दस्तावेजी प्रमाण के साथ लिखित रूप में सूचित कर सकता है। ऐसा न करने पर यह माना जाएगा कि उक्त संपत्ति के संबंध में किसी भी प्रकार का कोई दावा या अधिकार मौजूद नहीं है।’
अभी कौन है बंगले का मालिक?
रिपोर्ट के अनुसार अभी की स्थिति के अनुसार राजकुमारी कक्कड़ और बीना रानी इस बंगले की मौजूदा मालिक है। ये दोनों राजस्थान के एक शाही परिवार से ताल्लुक रखते हैं।
अखबार के अनुसार डील के बारे में जानकारी रखने वाले एक व्यक्ति ने नाम सार्वजनिक नहीं करने की शर्त पर कहा, ‘इसकी प्रमुख लोकेशन, वीआईपी स्टेटस और विशाल क्षेत्रफल के कारण यह सबसे अधिक मांग वाली संपत्तियों में से एक है, लेकिन इसकी कीमत के कारण इसे केवल कुछ ही अरबपति खरीद सकते हैं। इसकी जांच-पड़ताल एक साल से चल रही थी और माना जा रहा है कि यह अपने अंतिम चरण में पहुंच गई है।’
क्यों खास है क्या ये बंगला?
यह बंगला राजधानी दिल्ली के सबसे महंगे और प्रभावशाली इलाके लुटियंस दिल्ली में है। इस इलाके को ब्रिटिश वास्तुकार एडविन लुटियंस ने 1912 और 1930 के बीच डिजाइन किया था।
लुटियंस जोन में लगभग 3,000 बंगले हैं। इनमें ज्यादा सरकारी हैं, जहाँ मंत्री और जज रहते हैं। वहीं, लगभग 600 संपत्तियाँ निजी स्वामित्व वाली हैं, जिनमें से ज्यादातर भारत के सबसे अमीर परिवारों के पास हैं। वीआईपी लोकेशन, जमीन के विशाल आकार और इस इलाके के ऐतिहासिक मूल्य के कारण यहां की प्रोपर्टी के दाम काफी ऊंचे हैं। ऐसे में केवल कुछ ही अरबपति इस तरह की संपत्ति खरीद पाते हैं।