Friday, March 20, 2026
Homeविश्वइजराइली हमले में मारे गए ईरान के खुफिया मंत्री इस्माइल खतिब, राष्ट्रपति...

इजराइली हमले में मारे गए ईरान के खुफिया मंत्री इस्माइल खतिब, राष्ट्रपति पेजेश्कियान ने बताया – ‘कायरतापूर्ण हत्या’

ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान ने एक पोस्ट में पुष्टि की कि इजराइली हमले में उनके खुफिया मंत्री इस्माइल खतिब मारे गए हैं।

तेहरानः ईरान ने माना कि इजराइली हमले में बुधवार (18 मार्च) को खुफिया मंत्री इस्माइल खतिब मारे गए। ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेस्कियान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में इसकी पुष्टि की। इससे पहले इजराइल के रक्षा मंत्री ने इस्माइल खतिब के मारे जाने की बात कही है।

ईरानी राष्ट्रपति ने इस हमले की निंदा करते हुए इसे ‘कायरतापूर्ण हत्या’ करार दिया और संवेदना व्यक्त की।

पेजेश्कियान ने एक्स पर पोस्ट में क्या लिखा?

पेजेश्कियान ने एक्स पर किए पोस्ट में लिखा ” मेरे प्रिय सहयोगियों इस्माइल खतिब, अली लारीजानी और अजीज नासिरजादेह की उनके परिवार के कुछ सदस्यों और साथ आए दल के सदस्यों के साथ कायरतापूर्ण हत्या ने हमें गहरे शोक में डाल दिया है। “

उन्होंने आगे लिखा कि ” मैं ईरान के महान जनमानस के प्रति दो मंत्रिमंडल सदस्यों, शूरा के सचिव और सैन्य एवं बासिज कमांडरों की शहादत पर गहरी संवेदना व्यक्त करता हूँ। मुझे पूरा विश्वास है कि उनका मार्ग पहले से कहीं अधिक दृढ़ता से आगे बढ़ेगा। “

यह भी पढ़ें – ईरान ने सुरक्षा प्रमुख अली लारीजानी की मौत के बाद इजराइल के कई सैन्य और सुरक्षा ठिकानों पर दागी मिसाइलें

इजराइली रक्षा मंत्री ने खतिब के मारे जाने का किया था दावा

इससे पहले दिन में इजरायल के रक्षा मंत्री ने दावा किया था कि ईरान के एक और शीर्ष नेता की एयर स्ट्राइक में मौत हो गई है। उनके अनुसार, मंगलवार रात हुए हमले में खुफिया मंत्री इस्माइल खतिब मारे गए। इजरायली रक्षा मंत्रालय के कार्यालय ने काट्ज का बयान जारी कर इसकी जानकारी दी थी।

कार्ट्ज ने कहा था कि बुधवार को ‘बड़े सरप्राइज’ मिलने की उम्मीद है। मीडिया आउटलेट, ‘द टाइम्स ऑफ इजरायल’ ने इजराइल काट्ज के बयान के हवाले से बताया कि ईरान के खुफिया मंत्री, इस्माइल खतिब, बीती रात तेहरान में एक इजरायली हवाई हमले में मारे गए; उन्होंने यह भी कहा कि आज “बड़े सरप्राइज” मिलने की उम्मीद है।

यह भी पढ़ें – क्यूबा पर ट्रंप की टेढ़ी नजर! वेनेजुएला और ईरान के बाद अब इस देश पर अमेरिकी एक्शन की बारी?

गौरतलब है कि एक दिन पहले ही इजरायल ने ईरान के सुरक्षा अधिकारी अली लारीजानी और बसीज कमांडर गुलामरेजा सुल्तानी को निशाना बनाया था, जिसमें दोनों अधिकारियों की मौत हो गई थी।

अमेरिका-इजराइल का ईरान पर संयुक्त हमला

बीती 28 फरवरी को अमेरिका-इजराइल द्वारा ईरान पर हमले के बाद से पश्चिमी एशिया संकट से जूझ रहा है। इजराइल-अमेरिका के संयुक्त हमले में ईरान को काफी नुकसान हुआ है और सर्वोच्च नेता आयातुल्ला अली खामेनेई की मौत हो गई। इसके अलावा शीर्ष सैन्य नेता भी इन हमलों में मारे गए।

1 मार्च को देश के आर्मी चीफ ऑफ स्टाफ और रक्षा मंत्री सैयद अब्दुलरहीम मौसवी के मारे जाने की खबर ईरानी स्टेट टेलीविजन ने दी। इस खबर के मुताबिक, वह एक हवाई हमले में वे मारे गए। इस हमले में डिफेंस काउंसिल की एक बैठक को निशाना बनाया गया था।

इसके अगले दिन 2 मार्च को ईरान की न्यायपालिका ने पुष्टि की शक्तिशाली रिवोल्यूशनरी गार्ड्स के प्रमुख जनरल मोहम्मद पाकपुर उन लोगों में शामिल थे जो इन हमलों का शिकार हुए।

मोहम्मद शिराजी की मौत भी ईरान के लिए बड़ा झटका थी। उन्होंने 1989 से अपनी मृत्यु तक सुप्रीम लीडर अली खामेनेई के मिलिट्री ब्यूरो के प्रमुख के तौर पर काम किया। वे ईरान के शीर्ष सैन्य कमांडरों और सुप्रीम लीडर के बीच एक अहम कड़ी का काम करते थे, और 28 फरवरी के एयर स्ट्राइक में ही उनकी जान गई थी।

(समाचार एजेंसी आईएएनएस से इनपुट्स के साथ)

अमरेन्द्र यादव
अमरेन्द्र यादव
लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति शास्त्र में स्नातक करने के बाद जामिया मिल्लिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई। जागरण न्यू मीडिया में बतौर कंटेंट राइटर काम करने के बाद 'बोले भारत' में कॉपी राइटर के रूप में कार्यरत...सीखना निरंतर जारी है...
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments