Friday, March 20, 2026
Homeविश्वअमेरिका-इजराइल हमले में ईरान के रक्षा मंत्री और IRGC चीफ समेत 7...

अमेरिका-इजराइल हमले में ईरान के रक्षा मंत्री और IRGC चीफ समेत 7 टॉप कमांडर मारे गए

इजराइल ने जिन लोगों के मारे जाने का दावा किया है, उनमें सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई के वरिष्ठ सलाहकार और ईरान की रक्षा व्यवस्था में अहम भूमिका निभाने वाले अली शामखानी भी शामिल हैं। आईडीएफ ने कहा कि पिछले साल की झड़पों के दौरान भी उन्हें निशाना बनाया गया था।

ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की अमेरिकी-इजराइली संयुक्त हवाई हमलों में मौत हो गई है। इस बीच इजराइल रक्षा बल (आईडीएफ) ने दावा किया है कि ईरान में किए गए सटीक हवाई हमलों में सात वरिष्ठ सैन्य कमांडर भी मारे गए हैं। इनमें रक्षा मंत्री अजीज नसीरजादेह और इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के प्रमुख भी शामिल बताए गए हैं। हालांकि ईरान ने अब तक इजराइल द्वारा बताए गए इन नामों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

ये हमले अमेरिका और इजराइल की ओर से ईरान के सैन्य और रणनीतिक ठिकानों पर चलाए जा रहे व्यापक अभियान का हिस्सा बताए जा रहे हैं, जिससे पूरे मध्य पूर्व में तनाव काफी बढ़ गया है। आईडीएफ के अनुसार, यह ऑपरेशन इजरायली वायु सेना ने तब अंजाम दिया जब मिलिट्री इंटेलिजेंस निदेशालय को तेहरान में दो अलग-अलग स्थानों पर उच्च पदस्थ ईरानी सुरक्षा अधिकारियों की मौजूदगी की जानकारी मिली।

इजराइल ने जिन लोगों के मारे जाने का दावा किया है, उनमें सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई के वरिष्ठ सलाहकार और ईरान की रक्षा व्यवस्था में अहम भूमिका निभाने वाले अली शामखानी भी शामिल हैं। आईडीएफ ने कहा कि पिछले साल की झड़पों के दौरान भी उन्हें निशाना बनाया गया था।

इजराइली सेना ने मोहम्मद पाकपुर की मौत की भी पुष्टि की है, जिन्हें इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स का कमांडर बताया गया। आईडीएफ ने आरोप लगाया कि पाकपोर इजराइल को नष्ट करने की योजना का नेतृत्व कर रहे थे और इजराइली ठिकानों पर मिसाइल व ड्रोन हमलों की निगरानी कर रहे थे।

इजराइल के अनुसार, मारे गए अन्य अधिकारियों में सलाह असादी, मोहम्मद शिराज़ी और रक्षा मंत्री अजीज नसीरजादेह शामिल हैं। साथ ही, ईरान के एसपीएनडी (SPND) हथियार विकास संगठन से जुड़े कुछ वरिष्ठ अधिकारियों के भी मारे जाने का दावा किया गया है।

इजराइल ने आरोप लगाया कि ये सभी अधिकारी मिसाइल निर्माण, क्षेत्रीय प्रॉक्सी समूहों के समन्वय और उन्नत हथियार कार्यक्रमों, जिनमें परमाणु परियोजनाएं भी शामिल हैं, को आगे बढ़ाने में केंद्रीय भूमिका निभा रहे थे। आईडीएफ ने बयान में कहा कि दुनिया उनके बिना बेहतर जगह है।

इस बीच, ईरानी सरकारी मीडिया ने दावा किया है कि अमेरिकी-इजराइली हमलों में सुप्रीम लीडर खामेनेई की भी मौत हो गई है। यह घटनाक्रम 46 साल पुराने शिया धर्मतांत्रिक शासन के लिए एक निर्णायक मोड़ माना जा रहा है। तेहरान की ओर से जवाबी कार्रवाई के बाद मध्य पूर्व के कई हिस्सों में हालात और भड़क गए हैं।

समाचार एजेंसी आईएएनएस इनपुट

अनिल शर्मा
अनिल शर्माhttp://bolebharat.in
दिल्ली विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में उच्च शिक्षा। 2015 में 'लाइव इंडिया' से इस पेशे में कदम रखा। इसके बाद जनसत्ता और लोकमत जैसे मीडिया संस्थानों में काम करने का अवसर मिला। अब 'बोले भारत' के साथ सफर जारी है...
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments