Friday, March 20, 2026
HomeभारतInternational Yoga Day: पीएम मोदी ने विशाखपत्तनम में 3 लाख लोगों संग...

International Yoga Day: पीएम मोदी ने विशाखपत्तनम में 3 लाख लोगों संग किया योग, कहा- ये शांति का रास्ता दिखाता है

विशाखापत्तनम: अंतरराष्ट्रीय योग दिवस (International Yoga Day 2025) के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को विशाखापत्तनम में 3 लाख लोगों और 40 देशों के राजनयिकों संग योग किया। इस भव्य आयोजन में आंध्र प्रदेश के सीएम चंद्रबाबू नायडू और डिप्टी सीएम पवन कल्याण भी शामिल हुए। इस बार की योग की थीम ‘एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग’ है।

मंच से पीएम मोदी ने दुनिया को योग को मानवता की भलाई के लिए उठाया गया सामूहिक प्रयास करार दिया। पीएम मोदी ने कहा कि योग का मतलब होता है- जोड़ना। और ये देखना सुखद है कि कैसे योग ने पूरी दुनिया को जोड़ा है।

पीएम मोदी ने आगे कहा, ” आज की दुनिया में ऐसी एकता और ऐसा समर्थन सामान्य बात नहीं है। ये सिर्फ एक प्रस्ताव का समर्थन नहीं था। बल्कि मानवता के भले के लिए दुनिया का सामूहिक प्रयास था।”

योग शांति का रास्ता दिखाता है: पीएम मोदी

प्रधानमंत्री ने कहा कि दुर्भाग्य से दुनिया तनाव, अशांति और अस्थिरता से गुजर रही है। कई क्षेत्रों में यह स्थितियां लगातार बढ़ती जा रही हैं। ऐसे समय में योग हमें शांति का रास्ता दिखाता है। योग उस ‘पॉज बटन’ की तरह है जिसकी इंसानियत को जरूरत है- ताकि हम रुक सकें, सांस ले सकें, संतुलन बना सकें और फिर से खुद को पूर्ण महसूस कर सकें।

प्रधानमंत्री मोदी ने योग को लेकर हो रहे रिसर्च की ओर ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने कहा, विश्व में योग के प्रसार के लिए भारत योग की साइंस को आधुनिक रिसर्च से और अधिक सशक्त कर रहा है। देश के बड़े-बड़े मेडिकल संस्थान योग पर रिसर्च पर जुटे हैं। योग की वैज्ञानिकता को आधुनिक चिकित्सा पद्धति में स्थान मिले, ये हमारा प्रयास है।

एम्स के सराहनीय कदम को रेखांकित करते हुए कहा, ” हम योग के क्षेत्र में प्रमाण आधारित थेरेपी को भी बढ़ावा दे रहे हैं। इस दिशा में दिल्ली एम्स ने सराहनीय काम किया है। एम्स के शोध में यह सामने आया है कि कार्डिएक और न्यूरोलॉजिकल संबंधी बीमारियों के इलाज में योग की अहम भूमिका है। इसके साथ ही, महिलाओं के स्वास्थ्य और मानसिक स्वास्थ्य में भी योग का महत्वपूर्ण योगदान पाया गया है।”

‘हील इन इंडिया का मंत्र हो रहा लोकप्रिय’

पीएम मोदी ने हील इन इंडिया का जिक्र करते हुए कहा, ” आज ‘हील इन इंडिया’ का मंत्र भी दुनिया में काफी पॉपुलर हो रहा है। भारत बेस डेस्टिनेशन बन रहा है। योग की इसमें बड़ी भूमिका है। योग के लिए कॉमन प्रोटोकाल बनाया गया है। साढ़े लाख ट्रेंड वॉलेंटियर 130 संस्थानों में एक होलिस्टिक ईको सिस्टम तैयार कर रहे हैं। दुनियाभर के लोगों को भारत के इस वेलनेस ईको सिस्टम का फायदा मिले इसके लिए ई-आयुष वीजा दिए जा रहे हैं।”

पीएम मोदी ने इस बार की थीम को सच दर्शाने वाली बताया। उन्होंने कहा कि इस साल के अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम है- ‘एक धरती, एक स्वास्थ्य के लिए योग’। यह थीम एक गहरी सच्चाई को दर्शाती है: धरती पर मौजूद हर चीज का स्वास्थ्य एक-दूसरे से जुड़ा हुआ है। मनुष्य की भलाई उस मिट्टी की सेहत पर निर्भर है जिसमें हमारा भोजन उगता है, उन नदियों पर निर्भर है जो हमें पानी देती हैं, उन जानवरों पर जो हमारे इकोसिस्टम का हिस्सा हैं, और उन पेड़ों-पौधों पर जो हमें पोषण देते हैं। योग हमें इस आपसी जुड़ाव का एहसास कराता है, हमें दुनिया से एकात्मता की ओर ले जाता है और सिखाता है कि हम अकेले अस्तित्व में नहीं हैं, हम प्रकृति का हिस्सा हैं।

योग सभी का है और सभी के लिए है: पीएम मोदी

इस दौरान पीएम मोदी बोले- अभी नेवी के जहाज में भी योग कार्यक्रम चल रहा है। चाहे ओपेरा हाउस की सीढ़ियां हों या एवरेस्ट की चोटियां या समुंदर का विस्तार हो एक ही संदेश आता है कि योग सभी का है और सभी के लिए है। विशाखापट्टनम के लोगों ने इतना अच्छा आयोजन किया है कि सीएम चंद्रबाबू और पवन कल्याण गारू को बधाई देता हूं।

प्रधानमंत्री ने योग का अर्थ दुनिया को जोड़ना बताया। पीएम मोदी ने कहा- देश और दुनिया के सभी लोगों को इंटरनेशनल योग डे की बहुत-बहुत शुभकामनाएं। आज 11वीं बार पूरा विश्व 21 जून को एकसाथ योग कर रहा है। योग का सीधा सादा अर्थ होता है जुड़ना और ये देखना सुखद है कि कैसे योग ने पूरे विश्व का जोड़ा है।

बता दें कि विशाखापत्तनम में कार्यक्रम को भव्य बनाने के लिए व्यापक तैयारियाँ की गई थीं। आरके बीच पर एक साथ 3.19 लाख लोगों के योग करने की व्यवस्था की गई थी। 

(समाचार एजेंसी IANS के इनपुट के साथ)

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments