अमेरिका के जॉर्जिया राज्य से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ एक पारिवारिक विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। अटलांटा के उपनगर लॉरेंसविले (ग्विननेट काउंटी) में शुक्रवार तड़के एक भारतीय मूल के व्यक्ति ने अपनी पत्नी और तीन अन्य रिश्तेदारों की गोली मारकर हत्या कर दी। इस घटना के दौरान घर में तीन मासूम बच्चे भी मौजूद थे, जिन्होंने अलमारी में छिपकर अपनी जान बचाई। भारतीय वाणिज्य दूतावास, अटलांटा ने घटना की पुष्टि करते हुए गहरा शोक जताया है और पीड़ित परिवार को हर संभव मदद का आश्वासन दिया है।
यह घटना ग्विनेट काउंटी के ब्रुक आइवी कोर्ट इलाके में सुबह करीब 2:30 बजे (स्थानीय समय) हुई। पुलिस को 911 पर एक बच्चे की कॉल मिलने के बाद मौके पर पहुंचने पर घर के भीतर चार लोगों के शव मिले, जिन पर गोली लगने के निशान थे।
पुलिस जांच में सामने आया है कि विजय कुमार और उनकी पत्नी मीमु डोगरा अटलांटा में रहते थे और अपने 12 वर्षीय बेटे के साथ रिश्तेदारों के घर आए थे। इससे पहले उनके बीच घर पर किसी बात को लेकर बहस हुई थी। माना जा रहा है कि इसी पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। जिस घर में फायरिंग हुई, वहां गौरव, निधि और हरीश अपने दो बच्चों, 7 और 9 साल की उम्र के साथ रहते थे।
आलमारी में छिपकर बच्चों ने बचाई अपनी जान
घटना के वक्त तीनों बच्चे घर के भीतर मौजूद थे। गोलीबारी शुरू होते ही तीनों डर के मारे अलमारी में छिप गए। आरोपी के 12 वर्षीय बेटे ने साहस दिखाते हुए 911 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे। बताया जा रहा है कि तीनों बच्चे सुरक्षित हैं और उन्हें परिवार के अन्य सदस्यों के सुपुर्द कर दिया गया है।
पुलिस ने बताया कि इस मामले में कोई अन्य संदिग्ध नहीं है और शुरुआती जांच में इसे घरेलू विवाद से जुड़ा मामला माना जा रहा है। विजय कुमार पर चार हत्याओं, गंभीर हमले और बच्चों के प्रति क्रूरता सहित कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन पर फेलोनी मर्डर, मैलिस मर्डर और चाइल्ड क्रुएल्टी के तहत आरोप तय किए गए हैं।
इस घटना पर अटलांटा स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने एक्स पर बयान जारी कर कहा, “हम एक दुखद गोलीबारी की घटना से बेहद आहत हैं, जो कथित पारिवारिक विवाद से जुड़ी है और जिसमें एक भारतीय नागरिक की भी जान गई है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और शोक संतप्त परिवार को हर संभव सहायता दी जा रही है।”
स्थानीय रिपोर्टों में सभी मृतकों की राष्ट्रीयता की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन दूतावास ने उन्हें भारतीय मूल का बताया गया है।

