विशाखापत्तनम: दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज भारत ने 2-1 से अपने नाम कर ली है। सीरीज के तीसरे और आखिरी मुकाबले में भारत ने 9 विकेट से जीत दर्ज की। विशाखापत्तनम के एसीए-वीडीसीए क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए तीसरे मैच में टॉस हारकर बल्लेबाजी के लिए उतरी दक्षिण अफ्रीकी टीम 47.5 ओवरों में महज 270 रन पर सिमट गई। इसके जवाब में भारत ने 39.5 ओवरों में जीत दर्ज कर ली।
भारत की ओर से यशस्वी जायसवाल ने 116 रनों की नाबाद पारी खेली। उन्होंने 121 गेंदों में दो छक्के और 12 चौके लगाए। वहीं, उनके साथ पारी की शुरुआत करने उतरे रोहित शर्मा ने भी 73 गेंदों पर तीन छक्के और 7 चौकों की बदौलत 75 रन बनाए। रोहित शर्मा के आउट होने के बाद बल्लेबाजी करने उतरे विराट कोहली ने 45 गेंदों पर 65 रनों की नाबाद पारी खेली और जायसवाल के साथ मिलकर भारत को जीत तक पहुंचाया। कोहली ने तीन छक्के और 6 चौके लगाए। इससे पहले पिछले दोनों वनडे में कोहली ने शतक जड़ा था।
तीसरे वनडे में भारत की जीत के साथ कई शानदार रिकॉर्ड बने तो कुछ दिलचस्प आंकड़े भी सामने आए। आइए इसपर नजर डालते हैं-
- आखिरकार जीत गए टॉस: भारत ने 20 वनडे मैचों के बाद 21वें मुकाबले में अपना पहला टॉस जीता। 2023 विश्व कप सेमीफाइनल के बाद से यह पहली बार था जब भारत ने टॉस जीता। भारत ने आखिरी बार वनडे में टॉस 2023 विश्व कप सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ जीता था। यह 753 दिन पहले (दो साल से भी ज्यादा) हुआ था। दिलचस्प ये भी है कि भारत ने जब आखिरी बार इस प्रारूप में टॉस जीता था, तब से अब तक आठ भारतीय खिलाड़ी वनडे डेब्यू कर चुके हैं। इससे पहले ऐसा लगातार टॉस हारने का रिकॉर्ड नीदरलैंड्स के नाम था। मार्च 2011 से अगस्त 2013 के बीच उनकी टीम लगातार 11 बार वनडे में टॉस हारी थी।
- रिकॉर्ड साझेदारी: दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीसरे वनडे में रोहित शर्मा और यशस्वी जायसवाल की सलामी जोड़ी ने 155 रन की साझेदारी की, लेकिन ये जोड़ी सचिन तेंदुलकर और सौरव गांगुली का रिकॉर्ड तोड़ने से चूक गई। वैसे यह दक्षिण अफ्रीका के विरुद्ध वनडे इतिहास में पहले विकेट के लिए दूसरी सबसे बड़ी भारतीय साझेदारी का रिकॉर्ड जरूर है। इस लिस्ट में सचिन तेंदुलकर और सौरव गांगुली शीर्ष पर हैं, जिनके बीच 5 अक्टूबर 2001 को जोहान्सबर्ग में खेले गए वनडे मुकाबले में पहले विकेट के लिए 193 रन की साझेदारी हुई थी।
- शतकीय साझेदारी: ऐसा 10वीं बार था, जब भारत की तरफ से दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 100 से ज्यादा रन की ओपनिंग साझेदारी हुई।
- रोहित शर्मा बतौर सलामी बल्लेबाज: रोहित शर्मा वनडे फॉर्मेट में पहले विकेट के लिए अब तक 35 बार शतकीय साझेदारी का हिस्सा रहे हैं। इस फेहरिस्त में उनसे आगे सिर्फ सचिन तेंदुलकर (40) हैं।
- रोहित शर्मा के 20 हजार रन: इस मैच में अर्धशतकीय पारी के साथ रोहित शर्मा पुरुषों के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 20 हजार रन पूरे करने वाले चौथे भारतीय बन गए हैं। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वाधिक रन बनाने के मामले में सचिन तेंदुलकर शीर्ष भारतीय हैं, जिन्होंने 664 मुकाबलों की 782 पारियों में 48.52 की औसत के साथ 34,357 रन बनाए। लिस्ट में विराट कोहली दूसरे और राहुल द्रविड़ तीसरे पायदान पर हैं।
- कुलदीप यादव का ‘चौका’: भारत के चाइनामैन गेंदबाज कुलदीप यादव किसी एक टीम के खिलाफ वनडे फॉर्मेट में सर्वाधिक ‘4 विकेट हॉल’ हासिल करने वाले भारतीय गेंदबाज भी बन गए। तीसरे वनडे में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ कुलदीप यादव ने 10 ओवरों में 41 रन देकर 4 विकेट हासिल किए। इस पारी के साथ कुलदीप यादव वनडे फॉर्मेट में सर्वाधिक ‘4 विकेट हॉल’ हासिल करने वाले तीसरे भारतीय गेंदबाज बन गए। कुलदीप ने 11 मौकों पर यह कारनामा किया है। इस लिस्ट में कुलदीप से आगे मोहम्मद शमी (16 बार) और अजीत अगरकर (12) हैं।
- कुलदीप के नाम ये कारनामा भी: यह कुलदीप यादव का दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पांचवां ‘4 विकेट हॉल’ था, जो वनडे में किसी भी टीम के खिलाफ किसी भारतीय गेंदबाज का सर्वाधिक ‘4 विकेट हॉल’ का रिकॉर्ड है। जहीर खान जिम्बाब्वे के विरुद्ध और मोहम्मद शमी वेस्टइंडीज के खिलाफ चार-चार बार यह कारनामा कर चुके हैं।
- छा गए क्विंटन डी कॉक: भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच विशाखापत्तनम में खेले गए वनडे सीरीज के तीसरे मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका के विकेटकीपर बल्लेबाज क्विंटन डी कॉक ने शतक लगाया। डिकॉक ने वनडे करियर का 23वां शतक लगाया। डी कॉक ने अब वनडे में भारत के खिलाफ दक्षिण अफ्रीकी खिलाड़ी के तौर पर सबसे ज्यादा शतक बनाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। उन्होंने पूर्व कप्तान एबी डिविलियर्स को पीछे छोड़ा। डी कॉक का टीम इंडिया के खिलाफ वनडे में ये 7वां शतक है।
- बतौर विकेटकीपर-बल्लेबाज शतक का रिकॉर्ड: डी कॉक बतौर विकेटकीपर बल्लेबाज किसी एक टीम के खिलाफ सबसे ज्यादा वनडे शतक लगाने वाले खिलाड़ी भी बन गए हैं। इस मामले में डी कॉक ने एडम गिलक्रिस्ट और कुमार संगकारा को पीछे छोड़ा है। गिलक्रिस्ट ने जहां श्रीलंका की टीम के खिलाफ वनडे में 6 शतकीय पारियां खेली थी, तो कुमार संगकारा ने भारत के खिलाफ 6 शतक लगाए थे।
- जायसवाल का तीनों फॉर्मेट में शतक: अपने वनडे करियर के चौथे ही मुकाबले में भारत के यशस्वी जायसवाल ने भी बड़ा मुकाम हासिल किया। 23 वर्षीय खिलाड़ी ने दक्षिण अफ्रीका के विरुद्ध तीसरे वनडे मुकाबले में शतकीय पारी खेली, जिसके साथ वह तीनों फॉर्मेट में शतक जमाने वाले छठे भारतीय बन गए हैं। बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने टेस्ट फॉर्मेट में 7 शतक जमाए हैं, जबकि टी20 क्रिकेट में उनके नाम 1 शतक दर्ज है। यशस्वी जायसवाल से पहले सुरेश रैना, रोहित शर्मा, केएल राहुल, विराट कोहली और शुभमन गिल अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट में शतक लगाने वाले भारतीय खिलाड़ियों की लिस्ट में अपना नाम शामिल करवा चुके थे।

