Ind vs Pak: आईसीसी टी20 विश्व कप में भारत ने पाकिस्तान पर शानदार जीत दर्ज की। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान के सामने जीत के लिए 176 रनों का लक्ष्य रखा था। लेकिन पाकिस्तान की टीम मात्र 114 रन बनाकर सिमट गई।
भारत की तरफ से गेंदबाजों हार्दिक पांड्या, अक्षर पटेल, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती को 2-2 विकेट मिले। वहीं, कुलदीप यादव और तिलक वर्मा को 1-1 विकेट मिला। भारत ने लगातार तीसरी जीत के साथ सुपर-8 में प्रवेश किया।
भारत ने पहले बल्लेबाजी कर बनाए 175 रन
श्रीलंका की राजधानी कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में यह मुकाबला खेला गया। पाकिस्तान ने टॉस जीतकर भारत को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। भारतीय टीम ने 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 175 रन बनाए।
भारतीय टीम की शुरुआत हालांकि अच्छी नहीं रही। पहले ओवर में ही सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा सलमाना आगा की गेंद पर कैच आउट हो गए।
भारत का दूसरा विकेट 88 रन पर गिरा। ईशान किशन ने सर्वाधिक 77 रन बनाए। किशन ने 40 गेंदों में धुआंधार पारी खेली। उन्होंने 10 चौके और 3 छक्के जड़े। वहीं, कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 32 रन बनाए।
पाकिस्तान की तरफ से सईम अयूब को सर्वाधिक 3 विकेट मिले। वहीं, सलमान आगा, शाहीन अफरीदी और उस्मान तारिक को 1-1 विकेट मिला।
पाकिस्तान की शुरुआत अच्छी नहीं रही
175 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और लगातार नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे। पाकिस्तान का पहला विकेट पहले ओवर की चौथी गेंद पर गिरा। साहिबजादा फरहान हार्दिक पांड्या का शिकार बने। वहीं दूसरा और तीसरा विकेट दूसरे ओवर में गिरा। यह विकेट 6 रन और 13 रन पर गिरे।
पाकिस्तान का चौथा विकेट बाबर आजम के रूप में गिरा। यह विकेट 34 रन पर गिरा। वहीं, उस्मान खान का विकेट 73 रन पर और मोहम्मद नवाज और शादाब का विकेट 78 रन पर गिरा। फहीम अशरफ और अबरार अहमद का विकेट 97 रन पर गिरा। उस्मान तारिक का विकेट 114 रन पर गिरा। पाकिस्तान की तरफ से सर्वाधिक रन उस्मान खान ने बनाए। खान ने 6 चौकों और एक छक्के की मदद से 44 रन बनाए।
गौरतलब है कि पाकिस्तान के साथ हुए इस मुकाबले को लेकर बहुत विवाद हुआ। पहले पाकिस्तान ने खेलने से मना किया। भारत के साथ खेलने के लिए त्रिकोणीय सीरीज की बात की लेकिन आईसीसी ने इंकार कर दिया। इसके बाद पाकिस्तान आखिर में इस मुकाबले के लिए राजी हुआ।
भारत ने टी20 विश्व कप में लगातार तीसरी जीत दर्ज की। इससे पहले भारत ने अमेरिका और नामीबिया को हराया।

