नई दिल्ली: भारत और न्यूजीलैंड 11 जनवरी से शुरू होने वाली वनडे और टी20 सीरीज में आमने-सामने होंगे। इसमें तीन वनडे इंटरनेशनल और पांच टी20 इंटरनेशनल मैच शामिल हैं। यह दौरा 31 जनवरी तक चलेगा। यह सीरीज इसलिए भी खास है क्योंकि यह ऐसे समय हो रही है जब कई सीनियर खिलाड़ी वनडे टीम में वापसी करने वाले हैं, जबकि टी20 टीम भारत और श्रीलंका में 7 फरवरी से शुरू होने वाले ICC T20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले अपनी टीम कॉम्बिनेशन को फाइनल करना चाहती है।
खास तौर पर वनडे सीरीज काफी ध्यान खींचने वाली है। ऐसा इसलिए कि दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सीरीज के बाद दिग्गज विराट कोहली और रोहित शर्मा के 50 ओवर के फॉर्मेट में वापसी करने की उम्मीद है। भारत की वनडे टीम 7 जनवरी को वडोदरा पहुंचेगी। सीरीज का पहला मैच 11 जनवरी को वहीं खेला जाएगा, इसके बाद 14 जनवरी को राजकोट और 18 जनवरी को इंदौर में मैच होंगे।
दूसरी ओर टी20 सीरीज सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली टीम के लिए तैयारी का लेखा-जोखा लेने का आखिरी मौका होगा, क्योंकि टीम T20 वर्ल्ड कप का खिताब बचाने की तैयारी कर रही है।
IND Vs NZ ODI 2026: टीम इंडिया का चयन कब?
BCCI ने न्यूजीलैंड सीरीज के लिए टी20 टीम की घोषणा कर दी है, लेकिन वनडे टीम का ऐलान अभी बाकी है। सामने आई जानकारी के अनुसार चयन समिति वनडे सीरीज के लिए टीम फाइनल करने को लेकर 3 या 4 जनवरी के आसपास एक ऑनलाइन मीटिंग करेगी। दूसरी ओर न्यूजीलैंड ने भारत दौरे के लिए अपनी वनडे और T20I दोनों टीमें पहले ही घोषित कर दी हैं।
भारत के खिलाफ न्यूजीलैंड की टीम- माइकल ब्रेसवेल (C), आदि अशोक, क्रिस्टियन क्लार्क, जोश क्लार्कसन, डेवोन कॉनवे, ज़ैक फाउल्क्स, मिच हे, काइल जैमीसन, निक केली, जेडन लेनोक्स, डेरिल मिशेल, हेनरी निकोल्स, ग्लेन फिलिप्स, माइकल रे, विल यंग।
टी20 सीरीज के लिए दोनों टीमें
भारत की टीम: सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, रिंकू सिंह, जसप्रित बुमरा, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती, वाशिंगटन सुंदर, ईशान किशन
न्यूजीलैंड की टीम: मिशेल सेंटनर (कप्तान), माइकल ब्रेसवेल, मार्क चैपमैन, डेवोन कॉनवे, जैकब डफी, जैक फॉल्क्स, मैट हेनरी, काइल जैमीसन, बेवोन जैकब्स, डेरिल मिशेल, जेम्स नीशम, ग्लेन फिलिप्स, रचिन रवींद्र, टिम रॉबिन्सन, ईश सोढ़ी।
बताते चलें कि भारत और न्यूजीलैंड के बीच सभी वनडे मैच डे-नाइट होंगे। दूसरी ओर टी20 मैचों की बात करें ये पांच मैचों की सीरीज है। इसमें पहला मुकाबला 21 जनवरी को नागपुर में खेला जाना है। इसके बाद 23 जनवरी को दूसरा टी20 रायपुर में होगा। भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीसरा टी20 मुकाबला 25 जनवरी को गुवाहाटी में और चौथा मुकाबला 28 जनवरी को विशाखापत्तनम में खेला जाना है। सीरीज का पांचवां और आखिरी मुकाबला तिरुवनंतपुरम में होगा। न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज करे लिए चुनी गई टीम ही टी20 वर्ल्ड कप के लिए भी है।
टी20 वर्ल्ड कप की शुरुआत 7 फरवरी से हो रही है और फाइनल 8 मार्च को खेला जाएगा। इस दौरान फाइनल मिलाकर कुल 55 मैच खेले जाएंगे। टूर्नामेंट में 20 टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिन्हें चार ग्रुप में बांटा गया है। ग्रुप चरण के बाद सुपर-8 में 8 टीमें पहुंचेंगी, जिसके बाद सेमीफाइनल और फाइनल में पहुंचने वाली टीमों का फैसला होगा।

