Ind vs NZ: भारत और न्यूजीलैंड के बीच आगामी एकदिवसीय (ODI) सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान कर दिया गया है। टीम में भारतीय उप-कप्तान श्रेयस अय्यर की वापसी हुई है। हालांकि, इसके लिए उन्हें बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस से फिटनेस क्लीयरेंस की दरकार है। इसके साथ ही तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज की भी वापसी हुई है।
गौरतलब है कि ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान फील्डिंग करते समय तिल्ली (Spleen) में चोट लगने के कारण अय्यर अक्टूबर से क्रिकेट से बाहर हैं और अभी तक प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में वापसी नहीं कर पाए हैं।
शुभमन गिल संभालेंगे भारतीय टीम की कमान
भारतीय टीम की कमान शुभमन गिल संभालेंगे और वह दक्षिण अफ्रीका सीरीज से बाहर रहने के बाद वनडे क्रिकेट में वापसी कर रहे हैं। कोलकाता टेस्ट के दौरान उनकी गर्दन में खिंचाव आ गया था। गिल दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी20 सीरीज में पहले ही वापसी कर चुके हैं, जबकि अय्यर की वापसी मेडिकल क्लीयरेंस पर निर्भर है।
वहीं तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को दक्षिण अफ्रीका सीरीज के लिए नजरअंदाज किए जाने के बाद वनडे टीम में वापसी करने का मौका मिला है। सिराज ने आखिरी वनडे मैच ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान खेला था और तब से वह टेस्ट टीम का हिस्सा बने हुए हैं, साथ ही सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी और विजय हजारे ट्रॉफी में हैदराबाद के लिए भी खेल चुके हैं।
शुभमन गिल, श्रेयस अय्यर और मोहम्मद सिराज ने तिलक वर्मा, ध्रुव जुरेल और ऋतुराज गायकवाड़ की जगह ली है। इस स्क्वैड ने दक्षिण अफ्रीका को 2-1 से मात दी थी। हालांकि तिलक और जुरेल उस सीरीज में नहीं खेले लेकिन गायकवाड़ ने रायपुर में अपनी दो पारियों में से एक में नंबर 4 पर बल्लेबाजी करते हुए शतक लगाकर प्रभावित किया।
भारतीय टीम में विराट, रोहित समेत ये खिलाड़ी शामिल
न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी वनडे सीरीज कुछ इस प्रकार है – रोहित शर्मा, यशस्वी जायसवाल, विराट कोहली, शुभमन गिल, श्रेयस अय्यर बल्लेबाज हैं। वहीं, के एल राहुल और ऋषभ पंत विकेटकीपर के रूप में टीम में शामिल हैं।
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वनडे मैचों में राहुल ने टीम की कप्तानी की थी, वहीं पंत को टीम से बाहर किए जाने की खबरों के बावजूद टीम में बरकरार रखा गया है। ऑलराउंडर के तौर पर रवींद्र जडेजा, वाशिंगटन सुंदर और नीतीश कुमार रेड्डी जैसे खिलाड़ी मौजूद हैं जबकि कुलदीप यादव टीम में एकमात्र स्पेशलिस्ट रिस्ट स्पिनर हैं।
तेज गेंदबाजी आक्रमण में सिराज, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा और हर्षित राणा शामिल हैं। गिल और अय्यर दोनों को राष्ट्रीय टीम के गठन से पहले 6 जनवरी को विजय हजारे ट्रॉफी में मैच का अभ्यास मिलने की उम्मीद है। गिल फूड पॉइजनिंग के कारण पंजाब का पिछला मैच नहीं खेल पाए थे, लेकिन उनके गोवा के खिलाफ खेलने की संभावना है, जबकि अय्यर जयपुर में हिमाचल प्रदेश के खिलाफ मुंबई का प्रतिनिधित्व करेंगे।
हालांकि ऑलराउंडर खिलाड़ी हार्दिक पांड्या को इस सीरीज में जगह नहीं मिली है। अगले महीने 7 फरवरी से शुरू होने वाले टी20 विश्व कप के लिए बीसीसीआई ने उन्हें रिजर्व रखा है। उनके स्थान पर टीम में नीतीश रेड्डी को शामिल किया गया है।
विजय हजारे ट्रॉफी में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले कुछ खिलाड़ियों को मौका नहीं मिल सका है। इनमें सरफराज खान, देवदत्त पडिकल, ध्रुव जुरेल, मोहम्मद शमी, संजू सैमसन और अन्य शामिल हैं।
गौरतलब है कि न्यूजीलैंड की टीम भारत दौरे पर आएगी। यह सीरीज 11 जनवरी से शुरू होगी। न्यूजीलैंड के साथ तीन मैचों की एकदिवसीय और 5 मैचों की टी20 सीरीज खेली जानी है। ओडीआई सीरीज के मुकाबले 11, 14 और 18 जनवरी को खेला जाएगा।

