Friday, March 20, 2026
HomeभारतIMD ने अगले कुछ दिनों में किन प्रदेशों में भारी बारिश...

IMD ने अगले कुछ दिनों में किन प्रदेशों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है?

भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने शुक्रवार को बताया कि देश के अधिकांश हिस्सों में, उत्तर-पश्चिम भारत को छोड़कर, आगामी बुधवार तक मध्यम से भारी बारिश की संभावना है। इसके पीछे सक्रिय दक्षिण-पश्चिम मॉनसून और कई अनुकूल मौसमी प्रणालियों का योगदान बताया गया है।

आईएमडी के अनुसार, झारखंड के उत्तर-पूर्वी हिस्से में बना एक प्रमुख निम्न दबाव क्षेत्र धीरे-धीरे उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ रहा है। इसके असर से बिहार, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम और मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में भारी वर्षा के आसार हैं।

मौसम विभाग ने बताया कि बिहार में यह प्रभाव बुधवार तक जारी रहेगा, जबकि पश्चिम बंगाल और सिक्किम में रविवार से मंगलवार और मध्य प्रदेश में मंगलवार-बुधवार को अधिक वर्षा हो सकती है। पश्चिमी तटीय इलाकों में भी अगले सप्ताह की शुरुआत तक बारिश बनी रहेगी। इसके पीछे अरब सागर से आने वाली नम हवाओं और कोंकण से केरल तक फैले ऑफशोर ट्रफ का प्रभाव बताया गया है।

इन राज्यों में भी चेतावनी

आईएमडी ने महाराष्ट्र, गुजरात, गोवा, कर्नाटक और केरल समेत कई राज्यों के लिए भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। शुक्रवार को मध्य महाराष्ट्र में, और रविवार व सोमवार को गुजरात में अति भारी बारिश (115 मिमी से 204 मिमी प्रति 24 घंटे) की संभावना जताई गई है। कोंकण, मराठवाड़ा, तटीय कर्नाटक और माहे में भी अगले कुछ दिन मौसम बिगड़ा रह सकता है।

ये भी पढ़ेंः दिल्ली-NCR में लगातार 6 दिन बारिश, तीन दिनों के लिए येलो अलर्ट; जानें IMD का ताजा अपडेट

दक्षिण-पश्चिम मॉनसून अब जयपुर, आगरा, रामपुर, देहरादून, शिमला और मनाली तक पहुंच गया है। मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि अगले दो से तीन दिनों में यह मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और पंजाब तक भी आगे बढ़ सकता है। अगर सब कुछ अनुकूल रहा तो 26 जून से 2 जुलाई के बीच मॉनसून पूरे भारत को कवर कर सकता है, जो सामान्य समय (6-8 जुलाई) से लगभग एक सप्ताह पहले होगा।

मौसम विभाग के अनुसार, 1 जून से अब तक देशभर में औसतन 82.6 मिमी वर्षा दर्ज की गई है, जो दीर्घकालिक औसत से 5 प्रतिशत कम है।

क्षेत्र तारीख संभावित स्थिति
उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश 23 जून अत्यंत भारी वर्षा (>20 सेमी/24 घंटे)
पूर्वी भारत (बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल) 20-26 जून  भारी वर्षा, गरज-तड़क, 40-50 किमी/घं. की तेज़ हवाएं
मध्य भारत (मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा) 20-26 जून  बहुत भारी वर्षा, बिजली गिरने की संभावना
अंडमान व निकोबार द्वीप 21 जून  तेज़ हवाएं 40-50 किमी/घं., गरज-तड़क के साथ बारिश
पश्चिम भारत (कोंकण, गोवा, महाराष्ट्र, गुजरात, मराठवाड़ा) 20-26 जून (22-24 जून विशेष)  भारी से बहुत भारी वर्षा, खासकर 22-24 जून को
उत्तर-पूर्व भारत (असम, मेघालय आदि) 20-26 जून  हल्की से भारी वर्षा, गरज-तड़क, कुछ क्षेत्रों में बहुत भारी वर्षा
उत्तर-पश्चिम भारत (हिमाचल, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, यूपी, जम्मू) 20-26 जून  भारी वर्षा,  गरज-तड़क, 40-50 किमी/घं. की हवाएं, कुछ जगह बहुत भारी वर्षा
दक्षिण भारत (केरल, कर्नाटक आदि) 20-26 जून  हल्की से मध्यम मानसूनी वर्षा जारी, गंभीर चेतावनी नहीं
अनिल शर्मा
अनिल शर्माhttp://bolebharat.in
दिल्ली विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में उच्च शिक्षा। 2015 में 'लाइव इंडिया' से इस पेशे में कदम रखा। इसके बाद जनसत्ता और लोकमत जैसे मीडिया संस्थानों में काम करने का अवसर मिला। अब 'बोले भारत' के साथ सफर जारी है...
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments