राजगीर: बिहार के राजगीर की पहचान एक ऐतिहासिक स्थल के तौर पर विख्यात है। लेकिन अब ये तेजी से खेलों के बड़े केंद्र के तौर पर भी उभरने लगा है। राजधानी पटना से करीब 100 किलोमीटर दूर राजगीर पहली बार पुरुष हॉकी के एशिया कप की मेजबानी करने जा रहा है। यहा बना नया स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स करीब 100 एकड़ में फैला है और इसे तैयार करने में करीब 700 करोड़ की लागत आई है। इसमें 23 खेलों के लिए वर्ल्ड क्लास सुविधाएं मौजूद हैं।
अगले दो हफ्ते तक हॉकी प्रेमियों की नजर यहां रहने वाली है। एशियाई की दिग्गज टीमें एक-दूसरे से भिड़ेंगी और वर्ल्ड कप में क्वालिफाई करने के लिहाज से भी यह टूर्नामेंट अहम होने वाला है। एशिया कप 29 अगस्त से शुरू हो रहा है और 7 सितंबर तक चलेगा।
पूल-ए में भारतीय टीम, चीन के खिलाफ मुकाबले से आगाज
एशिया कप-2025 में भारतीय टीम पूल-ए में है। भारत टूर्नामेंट में अपने अभियान का आगाज चीन के खिलाफ मैच से करने जा रहा है। यह पहला मुकाबला बहुत हद तक साफ करेगा कि भारत का सफर टूर्नामेंट में कैसा रहने वाला है। दुनिया की सातवें नंबर की भारतीय टीम वर्ल्ड रैंकिंग में चीन (23) से कही ऊपर है, लेकिन उसके लिए मुकाबला आसान नहीं है। पिछले एशिया चैम्पियंस ट्रॉफी के फाइनल में भारत को चीन के खिलाफ 1-0 की जीत के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगाना पड़ा था। पूल-ए में भारत और चीन के अलावा एशियाई खेलों की चैम्पियन जापान और कजाकिस्तान की टीम भी है।
वहीं, पूल बी में मलेशिया, कोरिया, चीनी ताइपे और बांग्लादेश शामिल हैं। प्रत्येक पूल से शीर्ष दो टीमें ‘सुपर 4’ चरण में पहुँचेंगी, जहाँ से शीर्ष दो टीमें फाइनल खेलेंगी।
इस टूर्नामेंट में पाकिस्तान को भी हिस्सा लेना था। हालांकि पहलगाम हमले के बाद चीजें बदल गई। भारत के ऑपरेशन सिंदूर और फिर दोनों देशों में तनाव चरम पर पहुंची। इसके बावजूद भारत एशिया कप में पाकिस्तान की मेजबानी के लिए तैयार था, लेकिन पाक टीम ने आने से इनकार किया। इसका नुकसान पाकिस्तान के लिए ये हुआ कि उसके वर्ल्ड कप में क्वालीफाई करने के मौके घट गए। अब उसे अगले साल क्वालीफायर में अपना दमखम दिखाना होगा।
पाकिस्तान को हुए नुकसान का फायदा बांग्लादेश को मिला। एशियाई हॉकी महासंघ (एएचएफ) ने बांग्लादेश को एएचएफ कप में अगली सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग वाली टीम के रूप में आमंत्रित किया, जहाँ बांग्लादेश तीसरे स्थान पर रहा था। ओमान भी वित्तीय तंगी के कारण टूर्नामेंट से कुछ दिन पहले हट गया और उसकी जगह कजाकिस्तान ने ली।
भारतीय टीम में कौन-कौन
राजगीर की गर्म और उमस भरी परिस्थितियों के अनुकूल टीमों का ढलना एक बड़ी चुनौती होगी। एक घंटे की आज की तेज-तर्रार हॉकी में यह और चुनौतीपूर्ण है। भारत के लिए चीजें आसान नहीं होंगी। वे हाल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चार मैचों की सीरीज के लिए बेंगलुरु के आरामदायक मौसम से पर्थ गए, जहां मौसम ठंडा रहता है। अब उन्हें उन्हें बिल्कुल विपरीत तापमान का सामना करना होगा।
भारतीय टीम की बात करें तो एशिया कप के लिए घोषित 18 सदस्यीय टीम में युवा और अनुभवी खिलाड़ियों का बेहतर संतुलन है। कृष्ण बी पाठक और सूरज करकेरा का चयन गोलकीपर के रूप में किया गया है। कप्तान हरमनप्रीत, अमित रोहिदास, जरमनप्रीत सिंह, सुमित, संजय और जुगराज सिंह रक्षात्मक पंक्ति को मजबूती प्रदान करेंगे।
मिडफील्ड में मनप्रीत सिंह, विवेक सागर प्रसाद, राजिंदर सिंह, राज कुमार पाल और हार्दिक सिंह शामिल हैं। आक्रमण की कमान मनदीप सिंह, अभिषेक, सुखजीत सिंह, शिलानंद लाकड़ा और दिलप्रीत सिंह संभालेंगे। नीलम संजीव जेस और सेल्वम कार्थी को वैकल्पिक खिलाड़ियों के रूप में चुना गया है।
भारत अपने अभियान की शुरुआत 29 अगस्त को चीन के खिलाफ करेगा, उसके बाद 31 अगस्त को जापान और 1 सितंबर को कजाकिस्तान से भिड़ेगा।
भारत की टीम: कृष्ण बी पाठक, सूरज करकेरा (गोलकीपर), सुमित, जरमनप्रीत सिंह, संजय, हरमनप्रीत सिंह, अमित रोहिदास, जुगराज सिंह (डिफेंडर), राजिंदर सिंह, राज कुमार पाल, हार्दिक सिंह, मनप्रीत सिंह, विवेक सागर प्रसाद (मिडफील्डर), मनदीप सिंह, शिलानंद लाकड़ा, अभिषेक, सुखजीत सिंह, दिलप्रीत सिंह (फॉर्वर्ड), नीलम संजीव जेस और सेल्वम कार्ति (वैकल्पिक खिलाड़ी)।