Homeभारतपूर्वोत्तर राज्यों में बारिश ने मचाई तबाही, दो दिनों में 18 लोगों...

पूर्वोत्तर राज्यों में बारिश ने मचाई तबाही, दो दिनों में 18 लोगों की मौत; IMD ने जारी किया अलर्ट

गुवाहाटीः पूर्वोत्तर राज्यों में लगातार हो रही बारिश ने तबाही मचा दी है। इन दिनों असम, अरुणाचल, मिजोरम, नागालैंड, त्रिपुरा राज्यों में भारी बारिश हो रही है जिससे आम लोगों का जीवन अस्त व्यस्त है और उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। भारी बारिश को देखते हुए भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने चेतावनी जारी की है। भारी बारिश के चलते कई राज्यों में स्कूल, कॉलेज बंद करने का निर्णय लिया गया है और लोगों के लिए बचाव कार्य जारी है। स्क्रॉल की एक खबर के मुताबिक, बीते दो दिनों में असम, अरुणाचल प्रदेश, मिजोरम, नागालैंड, मेघालय में 18 लोगों की मौत हो गई।

टाइम्स ऑफ इंडिया की खबर के मुताबिक, असम के गुवाहाटी में बारिश के चलते भूस्खलन की घटना दर्ज की गई है जिसमें पांच लोगों की मौत हो गई। इसमें बच्चे भी शामिल है। भूस्खलन में पूनम गोस्वामी और उनकी छोटी बेटी और उनके संबंधी की एक बेटी की मौत हो गई। 

वहीं, अरुणाचल प्रदेश में गुरुवार और शुक्रवार के बीच भूस्खलन की वजह से सात लोगों की मौत हो गई। भारी बारिश के कारण यहां भी भूस्खलन हुआ है। इंडिया टुडे की खबर के मुताबिक, राष्ट्रीय राजमार्ग-13 पर भूस्खलन की वजह से एक गाड़ी में सवार सात लोग चपेट में आ गए और उनकी मौत हो गई।

लोगों में दहशत

भूस्खलन की भयावह घटना के बाद लोगों में दहशत है। असम स्टेट डिजास्टर मैनेजमेंट ऑथारिटी ने शनिवार को एक बयान जारी कर कहा कि राज्य में तीन जिले बाढ़ से प्रभावित हैं। बाढ़ से बचाव के लिए एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें राहत कार्य कर रही हैं। 

भारी बारिश और बाढ़ को देखते हुए क्षेत्रीय मौसम विभाग की रिपोर्ट ने रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं, शुक्रवार को असम सीएम हिमंत बिस्वा सरमा ने 18 जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया। 

गुवाहाटी पूरी तरह से जलमग्न हो गया है। इसकी वजह से लोगों को आने जाने में भी परेशानी हो रही है। 

इसी तरह मिजोरम में भी भारी बारिश हो रही है। भारी बारिश के चलते राजधानी आइजोल में एक दीवार गिर गई जिससे एक व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं, एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया जिसका इलाज जारी है। एनडीटीवी ने अधिकारियों के हवाले से लिखा कि आइजोल में बारिश के चलते शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन स्कूल, कॉलेज बंद रहे। बारिश के चलते यहां भी कई जगहों पर भूस्खलन की घटना देखी गई। 

IMD ने जारी किया अलर्ट

नागालैंड में भी बीते कई दिनों से बारिश देखी जा रही है। राज्य में भारी बारिश की वजह से तबाही का मंजर है। बारिश की वजह नागालैंड के राष्ट्रीय राजमार्ग-29 पर पगला-पहाड़ से एक चट्टान गिर गई। इसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई।  

त्रिपुरा में भी भारी बारिश का मंजर देखा जा रहा है। यहां पर बारिश की वजह से नदी-नालों में पानी खतरे के निशान से ऊपर है। भारी बारिश की वजह से मछली पकड़ने गए एक युवक की डूबने से मौत हो गई। 

वहीं, भारतीय मौसम विभाग ने पूर्वोत्तर के राज्यों में एक जून तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। आने वाले दो-तीन दिनों में और भी बारिश की संभावना जताई गई है और लोगों को जागरूक रहने की अपील की गई है। 

गौरतलब है कि इस बार मानसून ने करीब एक सप्ताह पहले ही केरल के तट पर दस्तक दी। केरल में आमतौर पर मानसून एक जून तक आता है लेकिन इस बार यह 24 मई को ही आ गया। ऐसे में इस बार सभी राज्यों में समय से पहले बारिश हो रही है। पूर्वोत्तर राज्यों के अलावा दक्षिणी राज्यों में भी भारी बारिश से आम जनजीवन प्रभावित है। 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Recent Comments

मनोज मोहन on कहानीः याद 
प्रकाश on कहानीः याद 
योगेंद्र आहूजा on कहानीः याद 
प्रज्ञा विश्नोई on कहानीः याद 
डॉ उर्वशी on एक जासूसी कथा
Exit mobile version