Friday, October 10, 2025
Homeभारतहाथरस में बड़ा हादसाः ओवरटेक की कोशिश में रोडवेज बस ने पिकअप...

हाथरस में बड़ा हादसाः ओवरटेक की कोशिश में रोडवेज बस ने पिकअप को मारी टक्कर, 12 की मौत 16 भर्ती

हाथरसः उत्तर प्रदेश के हाथरस में शुक्रवार को एक सड़क दुर्घटना में कम से कम 12 लोगों की मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए। यह हादसा आगरा-अलीगढ़ नेशनल हाईवे पर शुक्रवार शाम हुआ, जब एक रोडवेज बस ने एक ओवरलोडेड मैक्स पिकअप को पीछे से टक्कर मार दी।

बताया जा रहा है कि घटना के समय यात्री हाथरस से आगरा जा रहे थे, जबकि पिकअप में सवार लोग लंच के बाद गांव लौट रहे थे। पिकअप में 30-35 लोग सवार थे जो एक ही परिवार के रिश्ते-नातेदार थे और आगरा के थाना खंदौली क्षेत्र के रहने वाले थे। वे मुकुंद खेड़ा में किसी परिजन की तेरहवीं में शामिल होने के बाद घर लौट रहे थे।

योगी आदित्यनाथ ने राहत कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस हादसे पर संज्ञान लेते हुए शोक व्यक्त किया और अधिकारियों को तुरंत राहत कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया।

उन्होंने हादसे पर दुख जाहिर करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “जनपद हाथरस में एक सड़क दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत दुःखद है। मेरी संवेदनाएं मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं। जिला प्रशासन के अधिकारियों को घायलों का समुचित उपचार कराने हेतु निर्देश दिए हैं। प्रभु श्रीराम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान तथा घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।”

हाथरस डीएम आशीष कुमार ने हादसे की बताई वजह

हादसे के बाद जिला मजिस्ट्रेट और पुलिस अधीक्षक अस्पताल पहुंचे। पुलिस अधीक्षक निपुण अग्रवाल और हाथरस डीएम आशीष कुमार ने बताया कि “यह दुर्घटना तब हुई जब बस ने वैन को ओवरटेक करने की कोशिश की। अभी तक 12 लोगों की मौत हुई है और 16 लोग घायल हुए हैं।” पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, घायलों में से चार की हालत गंभीर बताई जा रही है।

पीएम नरेंद्र मोदी ने हादसे पर दुख व्यक्त करते हुए मुआवजे का ऐलान किया

हाथरस हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख व्यक्त किया और दुर्घटना को अत्यंत पीड़ादायक बताया। उन्होंने कहा कि इसमें जिन्होंने अपने परिजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। ईश्वर उन्हें इस कठिन समय में संबल प्रदान करे। इसके साथ ही मैं हादसे में घायल लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। राज्य सरकार की निगरानी में स्थानीय प्रशासन पीड़ितों की हरसंभव मदद में जुटा है।

इस दौरान उन्होंने पीड़ित परिवारों के लिए मुआवजे की घोषणा भी की। प्रधानमंत्री कार्यालय ने बताया कि दुर्घटना में जान गंवानेवालों के परिजनों को प्रधानमंत्री राहत कोष से 2 लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये दिये जायेंगे।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी शोक व्यक्त किया

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी घटना पर दुख जताया। उन्होंने अपने एक्स पोस्ट में लिखा कि “उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में हुई सड़क दुर्घटना में कई लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है। अपने स्वजनों को खोने वाले शोक संतप्त परिवारों के प्रति मैं गहन संवेदना व्यक्त करती हूं तथा घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।”

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बचाव एवं राहत कार्य करने के निर्देश दिए

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने एक्स पोस्ट में लिखा, “जनपद हाथरस में बस और मैक्स गाड़ी में टक्कर से हुई दुर्घटना में कई लोगों के हताहत होने की अत्यंत दुःखद सूचना प्राप्त हुई है। ईश्वर से प्रार्थना है कि हादसे में घायलों को जल्द से जल्द स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें और दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें। साथ ही प्रदेश सरकार ने जिला प्रशासनिक अधिकारियों को त्वरित गति से बचाव एवं राहत कार्य करने के निर्देश दिए हैं।”

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments

मनोज मोहन on कहानीः याद 
प्रकाश on कहानीः याद 
योगेंद्र आहूजा on कहानीः याद 
प्रज्ञा विश्नोई on कहानीः याद 
डॉ उर्वशी on एक जासूसी कथा