Saturday, April 4, 2026
Homeविश्वईरान ने क्या किसी अमेरिकी पायलट को पकड़ लिया है? फाइटर जेट...

ईरान ने क्या किसी अमेरिकी पायलट को पकड़ लिया है? फाइटर जेट गिराने के दावे के बीच संशय बरकरार

अमेरिकी F-15E फाइटर जेट को मार गिराने का दावा ईरान की ओर से किया गया है। इस विमान में दो लोग सवार होते हैं। इनकी स्थिति को लेकर कई तरह की खबरें सामने आ रही हैं।

तेहरान: ईरान की ओर से शुक्रवार को अमेरिकी F-15E फाइटर जेट को मार गिराए जाने के दावे के बीच ऐसी जानकारी सामने आई है कि विमान से दो चालक दल के सदस्य इजेक्ट करने में सफल रहे। ईरान से आई कुछ रिपोर्टों में कहा गया कि उनमें से एक ईरानी हिरासत में है, जबकि कुछ अन्य रिपोर्टों में पायलट का पता लगाने के लिए अभियान जारी होने की बात कही गई।

वहीं, एक इजराइली मीडिया आउटलेट की रिपोर्ट में बताया गया कि चालक दल के दो सदस्यों में से एक को ईरान से निकाल लिया गया है। न्यूयॉर्क टाइम्स ने अमेरिकी और इजराइली अधिकारियों के हवाले से बताया कि ईरान के किसी भी ‘जीवित व्यक्ति’ तक पहुंचने से पहले ही अमेरिकी सेना ने खोज और बचाव अभियान शुरू कर दिया था। सूत्रों ने अमेरिकी समाचार वेबसाइट एक्सियोस को यह भी बताया कि विमान में दो लोगों का दल सवार था।

दरअसल, एफ15-ई विमान में दो दल सदस्य होते हैं। जिनमें आगे की सीट पर पायलट और पीछे की सीट पर विपन सिस्टम अफसर (WSO) होता है।

पायलट का रेस्कूय हुआ या नहीं, संशय बरकरार

इजराइल के चैनल 12 ने एक सूत्र का हवाला देते हुए बताया कि दुर्घटनाग्रस्त एफ-15ई स्ट्राइक ईगल विमान में सवार दो अमेरिकी चालक दल के सदस्यों में से एक को दक्षिणी ईरान से बचा लिया गया है।

वहीं, व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लीविट ने सीएनएन को बताया कि अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप को अमेरिकी लड़ाकू विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने की जानकारी दी गई है। विमान के पायलट और विपन अफसर की तलाश जारी है।

इससे पहले ईरान की तसनीम न्यूज एजेंसी और कई ओपन-सोर्स इंटेलिजेंस एजेंसियों ने बताया था कि दक्षिणी ईरान के ऊपर जेट को मार गिराए जाने के बाद कम से कम एक अमेरिकी पायलट ने इजेक्ट कर दिया था।

ईरानी रिपोर्ट में अलग-अलग दावे

ईरानी समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार शुक्रवार को इस्लामिक रिवोल्यूशन गार्ड्स कॉर्प्स (आईआरजीसी) ने लड़ाकू विमान को मार गिराया था। ईरानी समाचार एजेंसी ने यह भी बताया कि संकेत मिल रहे हैं कि अमेरिकी सेना ने एक बचाव अभियान के तहत उन्हें ईरानी क्षेत्र से निकालने की कोशिश की।

हालांकि, तसनीम न्यूज एजेंसी को कुछ सूत्रों ने बताया कि कम से कम एक पायलट को ईरानी सेना ने पकड़ लिया है।

आईआरजीसी ने दरअसल पहले शुक्रवार सुबह घोषणा की थी कि उसने मध्य ईरान के आकाश में एक और एफ-35 लड़ाकू विमान को नष्ट कर दिया है। इससे पहले 19 मार्च को भी ईरानी सेना ने दावा किया था कि उन्होंने एफ-35 विमान मार गिराया है। यह पहली बार था जब ईरानी सेना ने एफ-35 को मार गिराने की बात कही थी।

ईरान में अधिकारियों ने की ईनाम की घोषणा

ताजा घटनाक्रम के बीच ईरान के सरकारी मीडिया चैनल ने इलाके के नागरिकों से पायलट को ढूंढने में मदद करने का आग्रह किया है। समाचार एजेंसी रॉयटर्स की एक रिपोर्ट के अनुसार, कोहकिलौयेह और बोयेर-अहमद प्रांत के गवर्नर ने घोषणा की है कि जो भी दुर्घटनाग्रस्त अमेरिकी विमान के चालक दल को पकड़ेगा या मारेगा, उसे ‘विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा।’

ईरान के कोहकिलौयेह और बोयर-अहमद प्रांत के एक लोकल टीवी चैनल ने भी नागरिकों से अपील की कि अगर वे किसी अमेरिकी को देखें तो उसे देखते ही गोली मार दें। हालांकि, कुछ देर बाद उन्होंने निर्देश बदले और न्यूज़ एंकर ने घोषणा की कि ‘जो कोई भी दुश्मन पायलट को जिंदा पकड़कर पुलिस के हवाले करेगा, उसे बड़ा इनाम दिया जाएगा।’

समाचार एजेंसी एपी के अनुसार, घोषणा करते समय ईरानी चैनल ने एक पिकअप ट्रक के पिछले हिस्से में कुछ मलबे भी दिखाए। कोहकिलौयेह और बोयर-अहमद प्रांत तेहरान से लगभग 500 किमी दक्षिण-पश्चिम में स्थित है और 15,500 वर्ग किमी से अधिक क्षेत्र में फैला हुआ है।

ईरान जंग में अमेरिका के चार विमान हुए हैं तबाह

शुक्रवार के अपडेट से पहले तक ईरान संघर्ष के दौरान कम से कम चार अमेरिकी सैन्य विमान तबाह हो चुके हैं। इनमें तीन लड़ाकू विमान ‘मित्र देशों’ की गलती और इराक में दुर्घटनाग्रस्त हुआ एक ईंधन टैंकर शामिल है।

ईरान से जुड़े अभियानों में सहायता करते हुए इराक में एक KC-135 स्ट्रैटोटैंकर विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें सवार सभी छह चालक दल के सदस्य मारे गए थे।

अमेरिकी अधिकारियों ने बताया था कि यह दुर्घटना ‘मित्र देशों के हवाई क्षेत्र’ में दो विमानों से जुड़ी एक अज्ञात घटना के बाद हुई। अधिकारियों ने बताया था कि दूसरा विमान सुरक्षित रूप से उतर गया था।

वहीं, एक अलग घटना में कुवैती सेना ने गलती से तीन F-15E स्ट्राइक ईगल विमानों को निशाना बनाया था। एसोसिएटेड प्रेस के अनुसार इसमें सभी छह चालक दल के सदस्य सुरक्षित रूप से बाहर निकल गए थे।

यह भी पढ़ें- 7 साल में पहली बार ईरानी तेल लेकर भारत आ रहा जहाज चीन की ओर मुड़ा! बीच रास्ते में क्या हुआ?

विनीत कुमार
विनीत कुमार
पूर्व में IANS, आज तक, न्यूज नेशन और लोकमत मीडिया जैसी मीडिया संस्थानों लिए काम कर चुके हैं। सेंट जेवियर्स कॉलेज, रांची से मास कम्यूनिकेशन एंड वीडियो प्रोडक्शन की डिग्री। मीडिया प्रबंधन का डिप्लोमा कोर्स। जिंदगी का साथ निभाते चले जाने और हर फिक्र को धुएं में उड़ाने वाली फिलॉसफी में गहरा भरोसा...
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments