Friday, October 10, 2025
Homeभारतज्ञानेश कुमार बने देश के 26वें मुख्य चुनाव आयुक्त, विवेक जोशी चुनाव...

ज्ञानेश कुमार बने देश के 26वें मुख्य चुनाव आयुक्त, विवेक जोशी चुनाव आयुक्त नियुक्त

नई दिल्लीः चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को 26वां मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) नियुक्त किया गया है। कानून मंत्रालय ने इस संबंध में सोमवार देर रात अधिसूचना जारी की। वह 18 फरवरी को रिटायर हो रहे राजीव कुमार की जगह लेंगे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और विपक्ष के नेता राहुल गांधी की अध्यक्षता वाली चयन समिति ने सोमवार शाम को दिल्ली में बैठक की, जिसमें मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार के उत्तराधिकारी के तौर पर ज्ञानेश कुमार को भारत का नया मुख्य चुनाव आयुक्त चुना गया। हालांकि राहुल ने इससे संबंधित मामला सुप्रीम कोर्ट में लंबित होने के चलते सुझाव देने से इनकार कर दिया था।

वहीं, हरियाणा के मुख्य सचिव विवेक जोशी को ज्ञानेश कुमार की पदोन्नति के बाद चुनाव आयुक्त नियुक्त किया गया। ज्ञानेश कुमार के साथ चुनाव आयुक्त के रूप में नियुक्त किए गए सुखबीर सिंह संधू अपने पद पर बने रहेंगे।

कौन हैं ज्ञानेश कुमार

केरल कैडर के 1988 बैच के सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी ज्ञानेश कुमार तीन सदस्यीय चयन पैनल के दो आयुक्तों में वरिष्ठतम हैं, जिसका नेतृत्व मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार कर रहे हैं। पैनल के दूसरे आयुक्त उत्तराखंड कैडर के वरिष्ठ अधिकारी सुखबीर सिंह संधू हैं।

ज्ञानेश कुमार इससे पहले संसदीय कार्य मंत्रालय और सहकारिता मंत्रालय में सचिव रह चुके हैं। गृह मंत्रालय में अपने कार्यकाल के दौरान, उन्होंने श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की स्थापना में अहम भूमिका निभाई थी।

2019 में जब अनुच्छेद 370 को निष्प्रभावी किया गया, उस समय ज्ञानेश कुमार गृह मंत्रालय में जम्मू-कश्मीर डेस्क के प्रभारी थे। उन्होंने इस संवेदनशील प्रक्रिया को संभालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।

अपने प्रशासनिक करियर के दौरान, उन्होंने केरल में कई अहम पदों पर कार्य किया, जिनमें एर्नाकुलम के जिला कलेक्टर और केरल राज्य सहकारी बैंक के प्रबंध निदेशक (MD) शामिल हैं।

शैक्षणिक रूप से, ज्ञानेश कुमार ने आईआईटी कानपुर से सिविल इंजीनियरिंग में बीटेक किया है। इसके अलावा, उन्होंने आईसीएफएआई से बिजनेस फाइनेंस और हार्वर्ड विश्वविद्यालय से पर्यावरण अर्थशास्त्र की पढ़ाई की है।

उन्होंने 15 मार्च 2024 को चुनाव आयुक्त का कार्यभार संभाला। चयन पैनल द्वारा नियुक्त दो चुनाव आयुक्तों में वह उत्तराखंड कैडर के सुखबीर सिंह संधू के साथ शामिल हैं।

2029 तक चलेगा ज्ञानेश कुमार का कार्यकाल

मौजूदा चुनाव आयोग प्रमुख राजीव कुमार का कार्यकाल 18 फरवरी को समाप्त हो रहा है। मई 2022 में सीईसी के रूप में कार्यभार संभालने वाले राजीव कुमार ने 2024 में लोकसभा चुनाव और विभिन्न राज्य विधानसभा चुनावों सहित कई प्रमुख चुनावों की देखरेख की।

नए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का कार्यकाल 26 जनवरी 2029 को समाप्त होगा। इस साल के अंत में बिहार विधानसभा चुनावों की निगरानी करेंगे। इसके अलावा, 2026 में केरल, पुडुचेरी, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनावों का संचालन भी उनके कार्यकाल में होगा। वर्ष 2027 में राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति के चुनाव भी उनके नेतृत्व में संपन्न होंगे।

आईएएनएस इनपुट के साथ

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments

मनोज मोहन on कहानीः याद 
प्रकाश on कहानीः याद 
योगेंद्र आहूजा on कहानीः याद 
प्रज्ञा विश्नोई on कहानीः याद 
डॉ उर्वशी on एक जासूसी कथा