Friday, October 10, 2025
Homeभारतपंजाब में भाजपा नेता मनोरंजन कालिया के घर पर हुए ग्रेनेड हमले...

पंजाब में भाजपा नेता मनोरंजन कालिया के घर पर हुए ग्रेनेड हमले का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

चंडीगढ़ः पंजाब के जालंधर में सोमवार देर रात 1.30 के करीब भाजपा नेता मनोरंजन कालिया के घर पर ग्रेनेड से हमला किया गया। इस हमले के बाद मंगलवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए पंजाब के डीजीपी अर्पित शुक्ला ने बताया कि घटना के महज 12 घंटे में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है और मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

अर्पित शुक्ला ने बताया कि हमले में इस्तेमाल किए गए ऑटो रिक्शा को भी बरामद कर लिया गया है। इस हमले में उन्होंने पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई की संलिप्तता की आशंका जताई। उन्होंने कहा कि आईएसआई की एक साजिश के तहत पंजाब में अशांति फैलाने की कोशिश की जा रही है, जिसका उद्देश्य साम्प्रदायिक तनाव पैदा करना है। उन्होंने बताया कि आईएसआई ने इस हमले को अंजाम देने के लिए गैंगस्टरों को इस्तेमाल किया।

हमले के मास्टरमाइंड जीशान अख्तर का लॉरेंस गैंग से नाता

डीजीपी ने कहा, “जांच में यह सामने आया कि हमले का मास्टरमाइंड जीशान अख्तर था, जो गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई से जुड़ा हुआ है। इसके अलावा गैंगस्टर शहजाद भट्टी का भी इस मामले में अहम रोल सामने आ रहा है। इस ऑपरेशन में पुल‍िस केंद्रीय एजेंसियों के साथ मिलकर जांच कर रही है और जैसे-जैसे नई जानकारी सामने आएगी, उसे जनता के साथ साझा किया जाएगा।”

उन्होंने आगे कहा कि बाबर खालसा इंटरनेशनल और रिंद पसिया जैसे आतंकवादी संगठनों का भी इस हमले में हाथ हो सकता है, क्योंकि यह संगठन अक्सर हैंड ग्रेनेड हमलों के मास्टर माइंड रहे हैं। इस पहलू पर भी गहन जांच की जा रही है।

बता दें कि बीती रात पूर्व मंत्री व भाजपा नेता मनोरंजन कालिया के घर पर ग्रेनेड से हमला किया गया था। ऑटो में सवार हमलावरों ने इस घटना को अंजाम दिया गया था। घटना के दौरान कालिया घर में सोए हुए थे। 

सीएम नायब सैनी ने पंजाब सरकार को घेरा

भाजपा नेता मनोरंजन कालिया के घर पर हुए ग्रेनेड हमले की गुत्थी पुलिस ने 12 घंटे में सुलझा ली है। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान जालंधर के भार्गव कैंप निवासी सतीश उर्फ लक्खा और गढ़ा निवासी हैरी के रूप में हुई है।  

सूत्रों के अनुसार, स्पेशल सेल की टीम अन्य आरोपियों की तलाश में दिल्ली रवाना हो गई है। सूत्रों का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के दौरान दिल्ली में अन्य संदिग्धों के सुराग मिले हैं, जिसके आधार पर पुलिस अब उन्हें पकड़ने के लिए दिल्ली रवाना हो गई है।

वहीं, मनोरंजन कालिया का हाल जानने के लिए हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और शिरोमणि अकाली दल के नेता सुखबीर बादल उनके घर पहुंचे। इस दौरान हरियाणा के सीएम ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि पंजाब पहले ही पीड़ित रहा है और राज्य ने काफी दुख सहा है। ऐसे में कानून-व्यवस्था को बनाए रखना प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने आशा जताई कि पंजाब पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले की तह तक पहुंचेगी।

उन्होंने कहा कि इस घटना के जरिए दहशत फैलाने की कोशिश की जा रही है। ग्रेनेड हमले को लेकर मुख्यमंत्री ने प्रशासन पर सवाल उठाए और कहा कि समय आने पर समाज खुद इसका जवाब देगा।

वहीं, आम आदमी पार्टी (आप) द्वारा इस मामले में केंद्र सरकार पर निशाना साधने के सवाल पर सीएम नायब सैनी ने कहा कि अगर उन्हें लगता है कि कोई दोषी है, तो वह उस पर कार्रवाई कर सकती है। उन्होंने आगे कहा कि लोग चुनाव का इंतजार कर रहे हैं और आने वाले दिनों में लोग खुद जवाब देंगे।

दूसरी ओर, भाजपा ने इस घटना के विरोध में पंजाब भर में धरना-प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री ने बताया कि इस घटना को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मनोरंजन कालिया को फोन कर स्थिति का जायजा लिया।

–आईएएनएस

 

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments

मनोज मोहन on कहानीः याद 
प्रकाश on कहानीः याद 
योगेंद्र आहूजा on कहानीः याद 
प्रज्ञा विश्नोई on कहानीः याद 
डॉ उर्वशी on एक जासूसी कथा