Google Translate अब तक की सबसे अच्छी और सबसे ज्यादा इस्तेमाल होने वाली ट्रांसलेशन सर्विस में से एक है। रोजाना लाखों यूजर इसका इस्तेमाल दुनिया भर में करते हैं। यही नहीं, Google Translate अक्सर नए AI फीचर भी लाता रहा है। अब गूगल का कहना है कि वह Search और Translate ऐप दोनों में ‘अत्याधुनिक टेक्स्ट ट्रांसलेशन क्वालिटी’ ला रहा है।
एक ब्लॉग पोस्ट में Google ने बताया है कि वह लाइव ट्रांसलेशन का एक नया बीटा वर्जन भी रोल आउट कर रहा है जो जेमिनी (Gemini) की नई नेटिव स्पीच-टू-स्पीच ट्रांसलेशन क्षमताओं द्वारा संचालित होगा और आपके हेडफोन पर रियल-टाइम में स्वाभाविक लगने वाले ट्रांसलेशन प्रदान करेगा।
जेमिनी 2.5 नेटिव ऑडियो भाषा मॉडल की विशेषता के साथ Google Translate अब बोलने वाले के टोन और लय को भी बनाए रखेगा, जिससे बातचीत को समझना आसान हो जाता है। यह प्रभावी रूप से आपके हेडफोन या ईयरबड्स को एक रियल-टाइम, वन-वे ट्रांसलेशन डिवाइस में बदल देगा।
इससे न सिर्फ यह समझना आसान होगा कि किसने क्या कहा, बल्कि यह तब भी काम करेगा जब आप किसी दूसरी भाषा में कोई स्पीच या लेक्चर सुन रहे हों या कोई टीवी शो या फिल्म देख रहे हों। आपको बस अपने हेडफोन लगाने होंगे। इसके बाद ‘लाइव ट्रांसलेट’ बटन पर टैप करना है और ऐप शब्दों को रियल-टाइम में ट्रांसलेट कर देगा।
हिंदी सहित 70 से ज्यादा भाषाओं में उपलब्ध
Google का कहना है कि यह फीचर किसी भी हेडफोन के साथ काम करता है और 70 से ज्यादा भाषाओं में उपलब्ध होगा। हालांकि, यह अभी सिर्फ ऐप के Android वर्जन तक ही सीमित है। अगले साल iOS के लिए सपोर्ट आ जाएगा।
नई जेमिनी की क्षमताओं से यह मुहावरों, स्थानीय कहावतों या स्लैंग जैसे ज्यादा बारीक मतलब वाले वाक्यों का भी ट्रांसलेशन बेहतर तरीके से करता है।
उदाहरण के लिए, अगर आप पॉपुलर अंग्रेजी मुहावरे ‘स्टीलिंग माई थंडर’ को ट्रांसलेट करने की कोशिश करेंगे तो जेमिनी की मदद से गूगल ट्रांसलेट हर शब्द को ट्रांसलेट करने के बजाय आपको ज्यादा नेचुरल लगने वाला ट्रांसलेशन देगा।
भारत में उपलब्ध गूगल ट्रांसलेशन का नया फीचर
यह नया फीचर अभी भारत और अमेरिका में रहने वाले लोगों के लिए रोल आउट किया जा रहा है। यह इंग्लिश और हिंदी, स्पैनिश, चीनी, जापानी और जर्मन सहित 20 दूसरी भाषाओं के बीच ट्रांसलेशन के लिए काम करेगा। यह एंड्रॉयड और iOS गूगल ट्रांसलेट ऐप के साथ-साथ वेब पर भी उपलब्ध होगा।
गूगल ट्रांसलेट ऐप में अपने लैंग्वेज लर्निंग टूल्स का भी विस्तार कर रही है ताकि यूजर की बोलने की प्रैक्टिस के आधार पर मददगार टिप्स दिए जा सकें। यह सभी फीचर्स अब भारत में रहने वाले लोगों के लिए उपलब्ध हैं।
गूगल रियल टाइम ट्रांसलेशन का इस्तेमाल कैसे करें?
- इसके लिए आपको सबसे पहले Google Translate ऐप पर जाना होगा। डिवाइस से अपना हेडफोन कनेक्ट करना होगा।
- इसके बाद नीचे ‘Live translate’ के ऑप्शन पर टैप करें। आपको जिस भाषा का अनुवाद सुनना है, उसे चुन सकते हैं। इसके बाद ‘Start’ पर टैप करें।
- खास बात ये भी है कि इसमें बोली गई बातों का ट्रांसक्रिप्शन भी दिखाई देगा। यह सुविधा अभी बीटा में है।

