Gold Silver Rates Today: पश्चिम एशिया में तनाव कम होने की उम्मीदों के बीच मंगलवार को सोने और चांदी की कीमतों में तेज गिरावट दर्ज की गई। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर सुबह 11:37 पर 2 अप्रैल 2026 के कॉन्ट्रैक्ट में सोना 2,576 रुपये गिरकर 1,36,684 रुपये प्रति 10 ग्राम के इंट्रा-डे निचले स्तर तक पहुंच गया। बाद में यह 1,37,100 रुपये के आसपास कारोबार करता दिखा, जो करीब 1.5 प्रतिशत की गिरावट है।
सोना के साथ चांदी में भी बड़ी गिरावट दर्ज की गई। एमसीएक्स पर 5 मई, 2026 के कॉन्ट्रैक्ट में चांदी 10,667 रुपये या 4.73 प्रतिशत या टूटकर 2,14,500 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई।
वैश्विक बाजार में भी यही रुख रहा। कॉमेक्स पर सोना 1.6 प्रतिशत गिरकर 4,368.76 डॉलर प्रति औंस के करीब पहुंच गया, जबकि सत्र के दौरान यह 4,340 डॉलर तक फिसला। चांदी भी करीब 4 प्रतिशत टूटकर 66.56 डॉलर प्रति औंस पर आ गई।
Gold Silver Rates Today: सोना-चांदी की कीमतों में गिरावट की क्या रही वजह?
विशेषज्ञों के अनुसार, सोने-चांदी के कीमतों में गिरावट की दो वजहें बनी हैं। एक अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ईरान के खिलाफ हमले पर 5 दिनों के लिए रोक और दूसरा डॉलर इंडेक्स में आई मजबूती।
अमेरिकी राष्ट्रपति द्वारा ईरान के ऊर्जा ढांचे पर संभावित हमलों को अस्थायी रूप से टालने की घोषणा के बाद निवेशकों के बीच ‘सेफ-हेवन’ (सुरक्षित निवेश) के रूप में सराफा की मांग कमजोर पड़ी है।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने दावा किया कि दोनों देशों के बीच पिछले दो दिनों में अच्छी और सकारात्मक बातचीत हुई है और किसी भी सैन्य कार्रवाई को फिलहाल पांच दिन के लिए टाल दिया गया है। हालांकि ईरान के संसद अध्यक्ष मोहम्मद-बाघेर ग़ालिबाफ ने ऐसी किसी बातचीत से इनकार करते हुए इसे फेक न्यूज बताया है।
ये भी पढ़ेंः ईरान के खिलाफ अमेरिकी रुख में नरमी! ट्रंप के दावों के बाद तेल की कीमतों में बड़ी गिरावट
डॉलर इंडेक्स में आई मजबूती भी कीमती धातुओं में गिरावट की एक बड़ी वजह
विशेषज्ञों की मानें तो डॉलर इंडेक्स में आई मजबूती भी कीमती धातुओं में गिरावट की एक बड़ी वजह बन रही है। छह प्रमुख वैश्विक मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति दर्शाने वाला डॉलर इंडेक्स खबर लिखे जाने तक करीब 0.51 प्रतिशत की बढ़त के साथ 99.23 के स्तर पर पहुंच गया।
डॉलर इंडेक्स में यूरो, जापानी येन, ब्रिटिश पाउंड, कैनेडियन डॉलर, स्विस फ्रैंक और स्वीडिश क्रोना शामिल हैं। डॉलर मजबूत होने पर आमतौर पर सोना-चांदी जैसे सेफ हेवन निवेश कमजोर पड़ते हैं, क्योंकि ये डॉलर में महंगे हो जाते हैं और मांग घटती है।
हाल के दिनों में कीमती धातुओं में लगातार गिरावट देखने को मिली है। बीते एक हफ्ते में सोना डॉलर के लिहाज से 13 प्रतिशत से ज्यादा टूट चुका है, जबकि एक महीने में इसमें 15 प्रतिशत से अधिक की गिरावट आई है। चांदी की स्थिति और भी कमजोर रही है- एक हफ्ते में 16 प्रतिशत से ज्यादा और एक महीने में करीब 24 प्रतिशत तक गिर चुकी है।
विशेषज्ञों का कहना है कि वैश्विक स्तर पर भू-राजनीतिक तनाव में कमी, कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट और डॉलर की मजबूती जैसे कारक फिलहाल सोना-चांदी की चमक को कम कर रहे हैं। आने वाले दिनों में इन धातुओं की दिशा काफी हद तक डॉलर की चाल और अंतरराष्ट्रीय हालात पर निर्भर करेगी।

