Goa Nightclub fire: गोवा के अर्पोरा गांव में ‘बर्च बाय रोमियो लेन’ नाइट क्लब में भीषण आग लगने से 25 लोगों की मौत के मामले में क्लब के सह-मालिकों पर कार्रवाई तेज कर दी गई है। क्लब के चार सह-मालिकों में से एक अजय गुप्ता को दो दिन तक फरार रहने के बाद मंगलवार देर रात दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं, क्लब के दो मुख्य मालिक सौरभ लूथरा और गौरव लूथरा गिरफ्तारी से बचने के लिए थाईलैंड भाग गए हैं और उन्होंने दिल्ली की कोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका दायर की है।
फरार चल रहे अजय गुप्ता को मंगलवार देर रात दिल्ली के एक निजी अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद गोवा पुलिस ने हिरासत में ले लिया। इंडिया टुडे से बातचीत में गुप्ता ने दावा किया, “मैं केवल एक स्लीपिंग पार्टनर था और मेरी कोई भूमिका नहीं थी। मैं नाइट क्लब में हुई चूकों से अनजान था।” सूत्रों के अनुसार, गुप्ता ने स्पाइनल समस्या का दावा करते हुए खुद को लाजपत नगर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था।
इंडिया टुडे ने अपनी रिपोर्ट में दावा किया है कि उसने पिछले साल जारी जीएसटी प्रमाण पत्र को एक्सेस किया है, जिसमें अजय गुप्ता को लूथरा भाइयों के साथ एक भागीदार के रूप में दिखाया गया है। गोवा पुलिस अब लूथरा भाइयों के साथ गुप्ता के वित्तीय लेनदेन की जांच करने की योजना बना रही है।
कौन हैं अजय गुप्ता?
गिरफ्तार अजय गुप्ता, उत्तरी दिल्ली के एक प्रसिद्ध बिल्डर अमित गुप्ता के भाई हैं। अमित की हत्या लगभग दो साल पहले बुराड़ी में कथित तौर पर गोगी गैंग द्वारा की गई थी। अमित की मौत के बाद, अजय ने उनका कारोबार और बाज़ार में निवेश किए गए प्रमुख व्यक्तियों के पैसे का प्रबंधन करना शुरू कर दिया। दोनों गुप्ता भाइयों ने लूथरा बंधुओं के क्लबों में भी काफी पैसा लगाया था। गोवा पुलिस आज अजय गुप्ता को अदालत में पेश करने वाली है
लूथरा ब्रदर्स ने अग्रिम जमानत के लिए दायर की याचिका
गोवा पुलिस ने बताया कि हादसे के कुछ घंटों बाद ही क्लब के दो प्राथमिक मालिक, सौरभ लूथरा और गौरव लूथरा, इंडिगो की उड़ान से थाईलैंड के फुकेत भाग गए। गोवा पुलिस ने उन्हें पकड़ने के लिए इंटरपोल ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी किया हुआ है।
इस बीच, गिरफ्तारी से बचने के लिए दोनों भाइयों ने अब दिल्ली की रोहिणी कोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका दायर की है, जिस पर आज सुनवाई होनी है।
पुलिस महानिरीक्षक (डीआईजी) वर्षा शर्मा ने पुलिस की लापरवाही के आरोपों पर कहा, “हमने सीबीआई और इंटरपोल के साथ समन्वय किया है। ब्लू कॉर्नर नोटिस भी जारी किया गया है।”
अवैध परिचालन और पुलिस कार्रवाई
पुलिस की एफआईआर के अनुसार, ‘बर्च बाय रोमियो लेन’ क्लब आवश्यक अनुमतियों या लाइसेंस के बिना संचालित हो रहा था। एफआईआर में यह भी कहा गया है कि शनिवार को क्लब में बिना किसी अग्नि सुरक्षा उपकरण के फायर शो आयोजित किया गया था, जिससे आग लगी और 25 लोग मारे गए, जिनमें 4 पर्यटक और 21 क्लब स्टाफ सदस्य शामिल थे।
जांच के दायरे में आए लूथरा भाइयों के स्वामित्व वाले वागातोर, गोवा में स्थित ‘रोमियो लेन’ रेस्तरां के एक हिस्से को जिला प्रशासन द्वारा ढहा भी दिया गया है।

