उत्तर गोवा के बागा इलाके में शनिवार देर रात एक नाइटक्लब में लगी भीषण आग में कम से कम 25 लोगों की मौत हो गई। हादसा अरपोरा (अर्पोरा) गांव स्थित Birch by Romeo Lane क्लब में हुआ, जहां देर रात एक तेज विस्फोट के बाद आग तेजी से फैल गई। पुलिस के मुताबिक, रात 12.04 बजे कंट्रोल रूम को आग की सूचना मिली और तुरंत पुलिस, फायर ब्रिगेड और एम्बुलेंस टीमों को मौके पर भेजा गया।
न्यूज एसेंजी एएनआई के मुताबिक, गोवा पुलिस महानिदेशक ने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है और सभी शव बरामद कर लिए गए हैं। पुलिस ने पुष्टि की कि 25 मृतकों में चार पर्यटक और 14 स्टाफ सदस्य शामिल हैं, जबकि सात लोगों की पहचान अभी नहीं हो पाई है। छह लोग घायल हैं और उनका इलाज जारी है। आग किस वजह से लगी, यह अभी साफ नहीं है। फायर डिपार्टमेंट और पुलिस जांच कर रहे हैं। हालांकि पुलिस को संदेह है कि आग सिलेंडर विस्फोट के कारण लगी।

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में दिख रहा है कि आग ने कुछ ही मिनटों में पूरे क्लब को अपनी चपेट में ले लिया। बताया जा रहा है कि आग सबसे पहले किचन इलाके में लगी, जहां सबसे ज्यादा कर्मचारी मौजूद थे। मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत, जो देर रात मौके पर पहुंचे, ने कहा कि अधिकांश पीड़ित क्लब के किचन स्टाफ थे, जिनमें तीन महिलाएं शामिल हैं। उन्होंने कहा कि तीन से चार पर्यटक भी इस हादसे में मारे गए हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर शोक व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर लिखा, “गोवा के अर्पोरा में हुआ हादसा बेहद दुखद है। जिन परिवारों ने अपने प्रियजन खोए हैं, उनके प्रति मेरी संवेदना है। मैं घायलों के जल्द ठीक होने की कामना करता हूँ। मैंने मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत से स्थिति की जानकारी ली है। राज्य सरकार प्रभावित लोगों की मदद के लिए हर जरूरी कदम उठा रही है।”
प्रधानमंत्री कार्यालय ने भी पीड़ितों के लिए राहत राशि की घोषणा की। पीएमओ ने बताया कि अर्पोरा हादसे में मारे गए प्रत्येक व्यक्ति के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की सहायता दी जाएगी।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उत्तर गोवा में हुई भीषण आग की घटना पर गहरा दुख जताया। उन्होंने कहा कि यह हादसा कई कीमती जिंदगियों के खोने का कारण बना है, जो बेहद व्यथित करने वाला है। राष्ट्रपति ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और कहा कि वे ईश्वर से प्रार्थना करती हैं कि प्रभावित परिवारों को इस कठिन समय में शक्ति मिले। उन्होंने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की।
अर्पोरा की इस त्रासदी पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह घटना अत्यंत दुखद है और उनकी संवेदनाएं उन सभी परिवारों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजन खोए हैं। प्रधानमंत्री ने बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत से बात कर स्थिति की जानकारी ली है। उनके अनुसार, राज्य सरकार प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता दे रही है। उन्होंने घायलों के जल्द ठीक होने की भी कामना की।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी गोवा में हुई इस दुर्घटना को बेहद पीड़ादायक बताया। उन्होंने कहा कि इतने लोगों की जान जाना बेहद दुखद है और स्थानीय प्रशासन लगातार राहत और बचाव कार्य में जुटा है। शाह ने भरोसा दिलाया कि पीड़ितों को हर जरूरी सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
पूर्व ओडिशा मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने भी हादसे पर शोक व्यक्त किया और मृतकों के परिजनों के लिए प्रार्थना की। उन्होंने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
फायर सेफ्टी नियमों पर उठे सवाल
इस हादसे के बाद गोवा के अन्य क्लबों और रेस्टोरेंट्स में फायर सेफ्टी मानकों को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। हादसे के बाद यह भी सामने आया कि क्लब ने कई फायर सेफ्टी नियमों का पालन नहीं किया था। मुख्यमंत्री ने कहा कि क्लब प्रबंधन के साथ-साथ उन अधिकारियों पर भी कार्रवाई होगी जिन्होंने ऐसे हालात में संचालन की अनुमति दी।
बीजेपी विधायक माइकल लोबो ने कहा कि घटना बेहद विचलित करने वाली है और कई पीड़ित स्थानीय कर्मचारी थे, जो बेसमेंट में काम कर रहे थे। उन्होंने कहा कि बाकी क्लबों का भी सुरक्षा ऑडिट जरूरी है, क्योंकि गोवा को हमेशा सुरक्षित पर्यटन स्थल माना जाता रहा है। उनके मुताबिक, ज्यादातर लोगों की मौत धुएं से घुटन की वजह से हुई, क्योंकि वे बेसमेंट की ओर भागे थे।
स्थानीय लोगों और नेताओं ने मांग की है कि सभी प्रतिष्ठानों का तुरंत व्यापक निरीक्षण किया जाए ताकि भविष्य में ऐसी त्रासदी न दोहराई जाए।

