लखनऊ: उत्तर प्रदेश में अंडा उत्पादकों को अब हर अंडे पर एक्सपायरी डेट अंकित करना होगा। राज्य में 1 अप्रैल से यह करना सभी अंडा उत्पादकों के लिए जरूरी होगा। अंडों पर अंडे देने की तिथि भी अंकित होगी। इससे ग्राहक आसानी से समझ सकेंगे कि अंडा कितना ताजा है। दुकानदार भी ऐसे में ताजा अंडा बताकर पुराने या खराब हो चुके अंडे नहीं बेच सकेंगे। पशुपालन एवं डेयरी विभाग के अनुसार हाल में जांच के बाद कई ऐसी शिकायतें मिली थी, जिसमें पुराने और खराब अंडे ग्राहकों को बेचे जा रहे थे। इसके बाद यह फैसला लिया गया है।
एक्सपायरी डेट नहीं लिखा तो क्या होगा?
टाइम्स ऑफ इंडिया की एक रिपोर्ट के अनुसार पशुपालन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जो व्यापारी और किसान इस नियम का पालन नहीं करेंगे, उनका उत्पाद नष्ट कर दिया जाएगा या अंडों पर ‘मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त’ की मुहर लगा दी जाएगी। नए नियम पशुपालन विभाग और खाद्य सुरक्षा विभाग के निर्देशों पर लागू किए गए हैं।
नए नियम के अनुसार, मुर्गी पालकों और सप्लायरों को उपभोक्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक अंडे पर उत्पादन तिथि यानी अंडे देने की तिथि और एक्सपायरी की तारीख स्पष्ट रूप से अंकित करनी होगी।
कितने दिन तक अंडे रहते हैं ठीक?
अंडा देने के दो सप्ताह तक लगभग 30 डिग्री सेल्सियस के सामान्य तापमान पर रखे जाने पर खाने के लिए सुरक्षित होता है। इसके अलावा 2 से 8 डिग्री सेल्सियस के तापमान पर रखने पर पांच सप्ताह तक यह उपभोग के लिए सुरक्षित होता है। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के नियमों के अनुसार अंडों को सब्जियों के साथ कोल्ड स्टोरेज में नहीं रखा जा सकता है क्योंकि इन्हें अलग तापमान की जरूरत होती है। फिलहाल, सिर्फ अंडों के लिए यूपी में कोल्ड स्टोरेज की कमी है। अभी केवल आगरा और झांसी में दो कोल्ड स्टोरेज हैं।
अंडे पर एक्सपायरी डेट, क्यों लिया गया ये फैसला?
पशुपालन एवं डेयरी विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव मुकेश मेश्राम के अनुसार, ‘यह पाया गया है कि कई मामलों में नियमों का पालन नहीं किया जा रहा था। उपभोक्ता भी इससे अनजान थे।’ उन्होंने बताया कि हाल की जांच में कई ऐसे मामले सामने आए हैं।
हाल में सोशल मीडिया पर भी कुछ यूजरों ने खराब अंडे मिलने की शिकायतें की थी। सीएनबीसीटीवी-18 की रिपोर्ट के अनुसार हाल में एक महिला ने ऑनलाइन जेप्टो से अंडों का ऑर्डर दिया था, लेकिन बाद में उसने शिकायत की कि अंडे खराब थे।
इसके अलावा एक और इंस्टाग्राम यूजर ने भी एक वीडियो ऑनलाइन शेयर किया था। इसमें दावा किया गया था कि उसने ब्लिंकिट से अंडों का एक ट्रे ऑर्डर किया था। उसे भी खराब अंडे मिले। वीडियो क्लिप साझा करते हुए उसने दिखाया था कि अंडों को तोड़ने पर खराब, काले रंग की कोई द्रव्य जैसी चीज बाहर आ रही है और उससे दुर्गंध भी आ रही थी।
यह भी पढ़ें- क्या खत्म होगा भारत में गैस संकट?, 92,700 मीट्रिक टन LPG ले आ रहे दो भारतीय जहाज

