नई दिल्ली: फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने कहा है कि डोनाल्ड ट्रंप की उनकी और उनकी पत्नी को लेकर की गई टिप्पणियां ‘न तो शालीन थीं और न ही उचित स्तर की।’ मैक्रों ने साथ ही अमेरिकी राष्ट्रपति की ईरान संघर्ष पर रुख की आलोचना करते हुए कहा कि ‘आप हर दिन अपनी ही कही बात से उलट कुछ और नया नहीं कह सकते।’ मैक्रों ने स्ट्रेट ऑफ होर्मूज को फिर से खोलने के लिए किसी भी सैन्य प्रयास को भी लेकर कहा कि ये अव्यावहारिक है।
मैक्रों ने कहा, ‘यह अव्यावहारिक है क्योंकि इसमें बहुत अधिक समय लगेगा और होर्मूज को पार करने वाले किसी को भी तटीय खतरों का सामना करना पड़ेगा।’
मैक्रों ने आगे कहा कि किसी भी समाधान के लिए ईरान के साथ ‘युद्धविराम और बातचीत की फिर से शुरुआत’ की जरूरत है। दरअसल, पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष के कारण होर्मुज जलडमरूमध्य बुरी तरह से बाधित है। यह मौजूदा समय में बेहद महत्वपूर्ण वैश्विक तेल परिवहन मार्ग है।
‘ट्रंप को गंभीर होने की जरूरत’
मैक्रों ने युद्ध पर ट्रंप के लगातार आ रहे तरह-तरह के बयानों को लेकर भी उन पर सीधा प्रहार किया। फ्रांसीसी राष्ट्रपति ने कहा, ‘आपको गंभीर होना होगा। जब आप गंभीर होना चाहते हैं, तो आप हर दिन वही बात नहीं दोहराते जो आपने कल कही थी। और शायद आपको हर दिन बोलना भी नहीं चाहिए।’
मैक्रों का यह बयान ट्रंप द्वारा नाटो सदस्यों की जबरदस्त आलोचना और ईरान युद्ध को लेकर पश्चिमी ताकतों में दिख रहे मतभेद के बीच आई है। ब्रिटेन ने इस संघर्ष से खुद को अलग कर लिया है। ब्रिटिश प्रधानमंत्री कीएर स्टार्मर कह चुके हैं कि ‘ईरान हमारा युद्ध नहीं है।’ जबकि फ्रांस ने भी इसमें भाग लेने से इनकार कर दिया है।
ट्रंप ने मैक्रों और उनकी पत्नी के संबंधों पर क्या कहा था?
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने बुधवार को कहा था कि मैक्रों अब भी जबड़े पर पड़े थप्पड़ से उबर रहे हैं। उनकी पत्नी उनके साथ बहुत खराब व्यवहार करती हैं। ट्रंप के इस बयान वाला वीडियो व्हाइट हाउस के यूट्यूब चैनल पर भी नजर आया था, हालांकि बाद में इसे हटा लिया गया था।
ट्रंप ईरान युद्ध का जिक्र करते हुए इसमें कहते नजर आ रहे हैं, ‘मैंने फ्रांस फोन किया, मैंक्रों को- जिनकी पत्नी उनके साथ बहुत बुरा व्यवहार करती है। वे अभी भी जबड़े पर पड़े मुक्के से उबर रहे हैं।’
ट्रंप दरअसल ऐसी बात कहकर मई 2025 के एक वीडियो की ओर इशारा कर रहे थे, जिसमें ब्रिगिट मैक्रों (फ्रांसीसी राष्ट्रपति की पत्नी) को वियतनाम दौरे के दौरान हवाई जहाज से उतरने से ठीक पहले फ्रांसीसी राष्ट्रपति के चेहरे पर हाथ मारते हुए हुए देखा गया था, जिसे मैक्रों ने बाद में गलत जानकारी का हिस्सा बताकर खारिज कर दिया था।
उन्होंने कहा था कि मीडिया ने वीडियो को देख गलत अंदाजा लगाया। मैक्रों ने ‘घरेलू झगड़े’ की बात से इनकार करते हुए कहा था कि वे ‘मजाक कर रहे थे, जैसा कि अक्सर हम करते हैं।’

