Saturday, March 28, 2026
Homeविश्वईरान जंग पर ट्रंप और पीएम मोदी की बातचीत में एलन मस्क...

ईरान जंग पर ट्रंप और पीएम मोदी की बातचीत में एलन मस्क भी हुए थे शामिल! व्हाइट हाउस ने क्या बताया

भारत की ओर से भी एलन मस्क के बातचीत में शामिल होने को लेकर कुछ भी नहीं कहा गया है। दूसरी ओर मस्क ने भी चुप्पी साध रखी है।

नई दिल्ली: ईरान युद्ध को लेकर हाल में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच हुई बातचीत में टेक दिग्गज एलन मस्क ने भी हिस्सा लिया था। अमेरिकी अखबार न्यूयॉर्क टाइम्स की एक रिपोर्ट में यह दावा किया गया है। रिपोर्ट में कहा गया है कि मंगलवार को एलन मस्क ने राष्ट्रपति ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ फोन पर हुई बातचीत में हिस्सा लिया। रिपोर्ट में ये भी कहा गया है कि युद्ध संकट के बीच दो राष्ट्राध्यक्षों में हुई बातचीत में किसी आम नागरिक की उपस्थिति एक असामान्य घटना है।

न्यूयॉर्क टाइम्स के अनुसार कॉल में पश्चिम एशिया में बढ़ते संकट पर चर्चा हुई। खासतौर पर ईरान द्वारा होर्मुज जलडमरूमध्य पर नियंत्रण को लेकर विशेष चिंता व्यक्त की गई, जो वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति का एक महत्वपूर्ण केंद्र है। पीएम मोदी ने इस समुद्री रास्ते को खुले रहने पर जोर दिया। बहरहाल, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि मस्क को इस बातचीत क्यों शामिल किया गया था या उन्होंने चर्चा में सक्रिय रूप से भाग लिया था या नहीं।

व्हाइट हाउस ने क्या बताया है?

पीएम मोदी और ट्रंप के बीच फोन कॉल में मस्क को शामिल किया गया था या नहीं, इसे लेकर व्हाइट हाउस ने कुछ भी स्पष्ट नहीं किया है। व्हाइट हाउस ने दरअसल न तो मीडिया में आई खबरों की पुष्टि ही की है और न ही खंडन किया है।

समाचार एजेंसी IANS के अनुसार व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने कहा, ‘राष्ट्रपति ट्रंप और प्रधानमंत्री मोदी के बीच अच्छे संबंध हैं और यह बातचीत उपयोगी रही।’

उन्होंने यह बात उस खबर के जवाब में कही, जिसमें दावा किया गया था कि दोनों नेताओं की बातचीत में एलन मस्क भी शामिल हुए थे। वहीं, न्यूयॉर्क टाइम्स ने अपनी रिपोर्ट में कहा कि दो अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, इस बातचीत में मस्क की मौजूदगी से संकेत मिलता है कि दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति और राष्ट्रपति ट्रंप के बीच रिश्ते फिर से बेहतर हो रहे हैं।

अखबार ने आगे कहा, ‘पिछले साल गर्मियों में दोनों के बीच तब खटास आ गई थी, जब मस्क ने सरकार में अपना पद छोड़ दिया था। उन्हें सरकार में कर्मचारियों की संख्या कम करने का काम सौंपा गया था। ऐसा लगता है कि हाल के महीनों में दोनों के बीच सब कुछ ठीक हो गया है।’

रिपोर्ट के अनुसार भारत की ओर से भी मस्क के बातचीत में शामिल होने को लेकर कुछ भी नहीं कहा गया है। दूसरी ओर मस्क ने भी चुप्पी साध रखी है। न्यूयॉर्क टाइम्स ने बताया कि राष्ट्राध्यक्षों के बीच होने वाली बातचीत में आम नागरिकों का शामिल होना दुर्लभ है, जहां अक्सर संवेदनशील राष्ट्रीय सुरक्षा मुद्दों पर चर्चा होती है।

पीएम मोदी और ट्रंप का होर्मूज की सुरक्षा पर जोर

भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने पहले कहा था कि बातचीत के दौरान दोनों नेताओं ने बढ़ते तनाव के बीच महत्वपूर्ण जलमार्ग को सुगम बनाए रखने के महत्व पर बल दिया। वहीं, प्रधानमंत्री मोदी ने बाद में एक्स पर एक पोस्ट में इस बातचीत को ‘उपयोगी आदान-प्रदान’ बताया और तनाव कम करने सहित जल्द शांति लाने के लिए भारत के समर्थन को दोहराया।

गौरतलब है कि स्ट्रेट ऑफ होर्मूज में शिपिंग में बाधा के कारण वैश्विक ऊर्जा कीमतों में तेजी से वृद्धि हुई है। खासकर एशिया के कई हिस्सों बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। स्ट्रेट ऑफ होर्मूज यह एक अहम समुद्री मार्ग है, जहां से दुनिया की बड़ी मात्रा में तेल की आपूर्ति होती है। हाल के दिनों में ईरान से जुड़े घटनाक्रम और समुद्री आवाजाही में रुकावट की आशंका के कारण तनाव बढ़ा है।

(समाचार एजेंसी IANS के इनपुट के साथ)

यह भी पढ़ें- भारत की ऊर्जा आपूर्ति पूरी तरह सुरक्षित’, कई राज्यों में पेट्रोल-डीजल के लिए लंबी कतारों के बीच सरकार का बयान

विनीत कुमार
विनीत कुमार
पूर्व में IANS, आज तक, न्यूज नेशन और लोकमत मीडिया जैसी मीडिया संस्थानों लिए काम कर चुके हैं। सेंट जेवियर्स कॉलेज, रांची से मास कम्यूनिकेशन एंड वीडियो प्रोडक्शन की डिग्री। मीडिया प्रबंधन का डिप्लोमा कोर्स। जिंदगी का साथ निभाते चले जाने और हर फिक्र को धुएं में उड़ाने वाली फिलॉसफी में गहरा भरोसा...
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments