Eid 2026: अयोध्या से मुंबई तक… देशभर में ईद की रौनक, कई जगह शांति की दुआ तो कहीं विरोध शनिवार को देशभर में ईद-उल-फितर का त्योहार हर्षोल्लास और आपसी भाईचारे के साथ मनाया गया। एक ओर जहां मस्जिदों और ईदगाहों में लाखों लोगों ने नमाज अदा कर देश की तरक्की और शांति की कामना की, वहीं कुछ जगहों पर ईरान के खिलाफ अमेरिका और इजराइल जंग के चलते काली पट्टी बांध ईद पर नमाज अदा की।
उत्तर प्रदेश की धर्मनगरी अयोध्या में ईद की विशेष रौनक देखी गई, जहाँ स्थानीय निवासियों ने देश में अटूट भाईचारे और शांति की प्रार्थना की। सुरक्षा के लिहाज से अयोध्या प्रशासन ने मस्जिदों और ईदगाहों पर सीसीटीवी और ड्रोन कैमरों से कड़ी निगरानी रखी।

उत्तर प्रदेश के लखनऊ में शांति के बीच नमाज
लखनऊ समेत पूरे उत्तर प्रदेश में ईद का त्योहार शांतिपूर्ण माहौल में मनाया गया। ऐशबाग ईदगाह में हजारों नमाजियों ने एक साथ नमाज अदा की। हरदोई, मेरठ, रामपुर, गोरखपुर और मुरादाबाद जैसे जिलों में भी भारी पुलिस बल की मौजूदगी में नमाज संपन्न हुई। कई जगह ड्रोन कैमरों से निगरानी की गई और संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त सुरक्षा तैनात रही। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर मुबारकबाद दी और देश में शांति व तरक्की की दुआ मांगी।
UP Weather: यूपी में बदला मौसम का मिजाज, 5 डिग्री गिरा पारा, कई जिलों में बारिश-तेज हवाओं की चेतावनी

संभल में काला बैंड पहनकर अदा की नमाज
वहीं संभल में ईद के मौके पर अलग तस्वीर देखने को मिली। यहां शिया समुदाय के लोगों ने काला बैंड पहनकर नमाज अदा की। यह कदम ईरान के सर्वोच्च नेता अली खामेनेई की इजरायल-अमेरिका के हमले में मौत पर शोक और विरोध जाहिर करने के लिए उठाया गया।
सिरसी क्षेत्र में नमाज के दौरान कुछ लोगों ने अमेरिका विरोधी नारे भी लगाए। हालांकि पुलिस की मौजूदगी में स्थिति नियंत्रित रही। नमाज के बाद जुलूस भी निकाला गया, जिसमें लोगों ने शोक और विरोध दोनों व्यक्त किए।

बिहार और दिल्ली में भाईचारे की मिसाल
पटना के गांधी मैदान में हजारों लोगों ने एक साथ नमाज अदा की और एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी। इस मौके पर बिहार सरकार के मंत्री अशोक चौधरी और जदयू नेता निशांत कुमार भी मौजूद रहे।
इस मौके पर बिहार सरकार के मंत्री अशोक चौधरी और जदयू नेता निशांत कुमार भी मौजूद रहे। मंत्री अशोक चौधरी ने ईद के अवसर पर कहा, “जैसे हम होली और दीपावली जैसे त्योहार मनाते हैं, उसी तरह हम ईद और बकरीद भी मनाते हैं। निशांत कुमार ने अपने और अपने पिता, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की ओर से देशवासियों और बिहार के लोगों को ईद की बधाई दी। उन्होंने कहा, “मैं अपने पिता की ओर से भी सभी को ईद की हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं।”

वहीं दिल्ली के जामा मस्जिद में भी बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हुए और सबने मिलकर ईद की नमाज अदा की। सभी लोगों ने नमाज अदा करने के बाद एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी।
एक स्थानीय ने आईएएनएस से बातचीत में बताया कि एक महीने के रोजे रखने के बाद ईद का दिन आता है, इसलिए इसका इंतजार हर किसी को रहता है। ये दिन अल्लाह की तरफ से एक खास इनाम होता है। पूरे महीने सब्र, इबादत और खुदा की बंदगी करने के बाद ये खुशी का दिन नसीब होता है। यही वजह है कि लोग इसे बहुत प्यार और इज्जत के साथ मनाते हैं।
मुंबई में उमड़ी भीड़, अमन की दुआ
माया नगरी मुंबई में भी ईद को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। शहर की प्रमुख मस्जिदों, माहिम दरगाह और अन्य स्थानों पर हजारों लोगों ने नमाज अदा की। कड़ी सुरक्षा के बीच लोगों ने देश में शांति और भाईचारे के लिए दुआ मांगी।


